मोबाईल फोन में आग लगने और बैटरी ब्लास्ट होने की घटनाएं सामने आती रहती है। कुछ दुर्घटनाओं की वजह यूजर की गलती को माना जाता है, जो हर स्मार्टफोन यूज़ करने वाले उपभोक्ता को नई सीख देती है। जब गलती यूजर की होती है तो उसे समझाया जाता है, लेकिन जब बिना किसी गलती के ही आपका स्मार्टफोन आग पकड़ले तो सोचो क्या हो। और उससे भी बड़ी बात कि आपको वह फोन खरीदे सिर्फ एक महीना ही हुआ हो और ब्रांड न्यू स्मार्टफोन में रखे-रखे ही आग लग जाए। ऐसा ही एक वाक्या महाराष्ट्र से सामने आया है जहां एक युवक के बिल्कुल नए स्मार्टफोन में आग लग गई। और वह स्मार्टफोन था Xiaomi का Redmi Note 7S
Xiaomi Redmi Note 7S में आग लगने का यह वाक्या महाराष्ट्र के ठाणे ईलाके का है। Redmi Note 7S का यूज़ चाव्हाण ईश्वर नाम का यूजर कर रहा था। चाव्हाण के अनुसार उन्होंने पिछले महीने ही 1 अक्टूबर को अपने लिए नया Xiaomi Redmi Note 7S आर्डर किया था। ऑनलाईन शॉपिंग साइट से फोन मंगाने के बाद Redmi Note 7S अक्टूबर की तीन तारीख को उनके पास पहुॅंचा। चाव्हाण एक महीने से बिना किसी शिकायत के अपना शाओमी स्मार्टफोन यूज़ कर रहे थे।
लेकिन 3 नवंबर को जब चाव्हाण अपने ऑफिस में काम कर रहे थे, तो उन्हें अचानक से कुछ जलने की बदबू आई। जब उन्होंने आस पास देखा तो साईड में टेबल पर ही रखे उनके Redmi Note 7S स्मार्टफोन से धुंआ निकाल रहा था। देखते ही देखते उस फोन में आग लग गई। जब तक चाव्हाण कुछ समझ पाते उनके फोन का प्लास्टिक कवर पिघल चुका था और फोन बेहद ज्यादा गर्म होने के कारण वह उसे उठा भी नहीं पाए।
किस्मत अच्छी थी कि चाव्हाण के Redmi Note 7S स्मार्टफोन में सिर्फ आग लग कर रह गई और वह फटा नहीं। यदि फोन में ब्लास्ट हो जाता तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। गनिमत रही कि चाव्हाण और वहां मौजूद किसी भी शख्स को किसी तरह की चोट नहीं आई। चाव्हाण ने साफ किया है कि उन्होंने न तो फोन को चार्ज पर लगाया हुआ था और न ही व कहीं गिना था। आग लगने के वक्त सिर्फ साईड में रखा हुआ था, उसका यूज़ भी नहीं हो रहा था।
यह भी पढ़ें : टेलीकॉम इंडस्ट्री में आया भूचाल, आम आदमी पर पड़ेगी मार, महंगे होंगे सभी प्लान्स
फोन बुरी तरह से जल जाने की वजह से फोन यूजर चाव्हाण डिवाईस से अपना सिम कार्ड भी नहीं निकाल पाएं हैं। वहीं दूसरी ओर Redmi Note 7S में आग लगने की इस घटना से जब Xiaomi को अवगत कराया गया तो, उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि, ‘वह बदले में नया स्मार्टफोन नहीं दे सकते’। Xiaomi की ओर मिले ऐसे ठंडे रिस्पांस ने न सिर्फ चाव्हाण बल्कि अन्य शाओमी व रेडमी फोन यूजर्स को भी बड़ा झटका दिया है।
Source : gizchina