Samsung Galaxy Tab S12+ की मोटाई 5.3mm और वजन 553 ग्राम है। यह पिछले Galaxy Tab S10+ से पतला और हल्का है, जबकि इसमें बड़ी बैटरी और डिस्प्ले मिलते हैं। डिजाइन प्रीमियम है, जो दिखने में खूबसूरत लगता है।
इसमें 12.6 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले मिलता है, जो 2800 × 1752 पिक्सल रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। 1,600 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ वीडियो देखने और गेमिंग का एक्सपीरियंस बेहतर रहता है। इसका स्क्रीन साइज मल्टीटास्किंग के लिए भी अच्छा है।
प्रीमियम टैबलेट में IP68 रेटिंग मिलना एक उपयोगी अपग्रेड है। कंपनी का दावा है कि यह 1.5 मीटर गहरे ताजे पानी में 30 मिनट तक सुरक्षित रह सकता है। S Pen को भी यही रेटिंग मिली है। हालांकि इसे जानबूझकर पानी में इस्तेमाल करना सही नहीं होगा।
Galaxy Tab S12+ में 3nm प्रोसेस पर बना MediaTek Dimensity 9500 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 12GB रैम मिलती है। पुराने Tab S10+ के Dimensity 9300+ की तुलना में यह नई चिप है, इसलिए गेमिंग, वीडियो एडिटिंग और एक साथ कई ऐप चलाने में बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है।
टैबलेट के परफॉर्मेंस की बात करें, तो एनटूटू स्टोर 36,79,861 जाता है, वहीं गीकबेंच सिंगल कोर में 3383 और मल्टी-कोर में 10392 स्कोर करता है, जो कि काफी बढ़िया कहा जा सकता है।
इसमें 256GB और 512GB स्टोरेज के विकल्प मिलते हैं। खास बात यह है कि माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। प्रीमियम टैबलेट में यह सुविधा उपयोगी है, खासकर उन लोगों के लिए जो बड़ी वीडियो फाइलें, फोटो और दूसरे कंटेंट स्टोर करते हैं।
सैमसंग गैलेक्सी एस12 प्लस में आपको रियल पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा है, वहीं फ्रंट में आपको 12 मेगापिक्सल का कैमरा है, जो वीडियो कॉलिंग के लिहाज से बढ़िया है।
यह टैबलेट Android 17 पर आधारित One UI 9 के साथ आता है। Multi Window की मदद से स्क्रीन पर तीन ऐप एक साथ चलाए जा सकते हैं। इसमें Samsung Notes और Note Assist जैसे फीचर्स पढ़ाई, मीटिंग और नोट्स बनाने में मददगार हैं। कंपनी सात साल तक अपडेट देने का वादा कर रही है।
Galaxy Tab S12+ में 10,600mAh की बैटरी है, जो Tab S10+ की 10,090mAh बैटरी से बड़ी है। पीसी मार्क बैटरी टेस्ट में यह 9 घंटे 15 मिनट तक चलती है, वहीं 50 प्रतिशत वॉल्यूम और 50 प्रतिशत स्क्रीन ब्राइटनेस के साथ एक घंटे तक यूट्यूब प्ले करने पर महज 8 प्रतिशत का बैटरी ड्रॉप होता है। जो बड़ी स्कीन होने के बाद अच्छा कहा जा सकता है।
टैबलेट में 45W फास्ट चार्जिंग और क्वाड स्पीकर्स मिलते हैं। ऑडियो के लिए फोर-चैनल स्पेशियल साउंड दिया गया है। हालांकि इतनी महंगी कीमत के बावजूद चार्जर बॉक्स में नहीं मिलता, जो निराशाजनक है। कीबोर्ड एक्सेसरीज भी अलग से खरीदनी पड़ती हैं।
Samsung Galaxy Tab S12+ के 12GB + 256GB मॉडल की कीमत 1,29,999 रुपये और 12GB + 512GB मॉडल की कीमत 1,49,999 रुपये है। इस कीमत पर टैबलेट शानदार डिस्प्ले, नया प्रोसेसर, S Pen और IP68 रेटिंग जैसे फीचर्स देता है। लेकिन चार्जर और कीबोर्ड की अतिरिक्त कीमत को भी ध्यान में रखना होगा।
Galaxy Tab S12+ पुराने Samsung टैबलेट से अपग्रेड करने वालों के लिए एक आकर्षक विकल्प नजर आता है। इसका डिस्प्ले, पतला डिजाइन, S Pen और मल्टीटास्किंग फीचर्स इसे काम और एंटरटेनमेंट दोनों के लिए उपयोगी बनाते हैं। लेकिन 512GB मॉडल की कीमत Galaxy Tab S12 Ultra के बेस वैरियंट के बराबर है। Ultra में बड़ी स्क्रीन, बड़ी बैटरी और Wi-Fi 7 मिलता है। ऐसे में खरीदने का फैसला आपकी जरूरत पर निर्भर करेगा।