6500mAh बैटरी वाला यह 5G फोन हुआ ग्लोबली लॉन्च, इसमें लगी है 8GB RAM और 50MP कैमरा

ऑनर ने पिछले दिनों अपनी यूरोपियन साइट के जरिये नया Honor 400 Smart 5G फोन टीज़ किया था। वहीं अब कंपनी ने इस मोबाइल को आधिकारिक तौर पर ग्लोबली लॉन्च कर दिया गया है। यह स्मार्टफोन एक साथ पांच देशों में उपलब्ध कराया गया है जिनमें मलेशिया, सिंगापुर, इंग्लैंड, स्पेन और स्लोवाकिया शामिल हैं। मार्केट के हिसाब से कंपनी ने सभी देशों में अलग-अलग वेरिएंट्स उतारे हैं जिनमें 4GB से लेकर 8GB RAM तक शामिल हैं। नए ऑनर 400 स्मार्ट 5जी फोन की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
ऑनर 400 स्मार्ट 5जी फोन को एंड्रॉयड 15 पर पेश किया गया है जो Magic UI 9.0 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में क्वालकॉम का 6नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना Snapdragon 6s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है जो 2.3GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करता है। यह साल भर पुराना चिपसेट है जो औसत परफॉर्मेंस देता है। यानी इस मोबाइल से हैवी गेमिंग व परफॉर्मेंस की उम्मीद नहीं रखी जा सकेगी।
मलेशियन मार्केट की बात करें तो यहीं इस ऑनर फोन को 8GB RAM पर लॉन्च किया गया है। यह मोबाइल RAM Turbo टेक्नोलॉजी से लैस है जो फिजिकल रैम में 8जीबी वचुर्अल रैम को जोड़कर इसे 16GB RAM (8जीबी+8जीबी) की ताकत देती है। फोन का टॉप वेरिएंट 256जीबी स्टोरेज सपोर्ट करता है। इस वेरिएंट का प्राइस 1,099 रिंगिट है जो इंडियन करंसी अनुसार 22,850 रुपये के करीब है।
ऑनर 400 स्मार्ट 5जी फोन को 720 x 1610 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.77-इंच की एचडी+ स्क्रीन पर लॉन्च किया गया है। यह पंच-होल स्टाइल वाली एलसीडी डिस्प्ले है जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ 850nits हाई ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। स्क्रीन साइज और रिफ्रेश तो सही है लेकिन ब्राइटनेस के मामले में यूजर्स को निराशा हो सकती है। तेज धूप में इसपर कंटेंट देखने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
फोटोग्राफी के लिए यह स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर और 2 मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह स्मार्टफोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। मोबाइल का कैमरा ऐवरेज ही कहा जाएगा और इससे बहुत बेहतरीन फोटोग्राफी की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
Honor 400 Smart 5G फोन की बड़ी खूबी इसकी बैटरी है। ग्लोबल मार्केट में इस स्मार्टफोन को तगड़ी 6,500mAh बैटरी पर लॉन्च किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह 5 साल की बैटरी हेल्थ के साथ आती है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इस मोबाइल में 33वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। सभी डिटेल्स को देखते हुए कहा जा सकता है कि यह एक औसत स्मार्टफोन है जो सिर्फ अपनी बैटरी के लिए ही पंसद किया जा सकता है। अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स इसे बहुत आगे नहीं ले जाते हैं।
यह ऑनर मोबाइल इंडिया में लॉन्च होगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है। लेकिन अगर 20 हजार रुपये तक के प्राइस सेगमेंट पर नज़र डालें तो इस वक्त भारतीय बाजार में कई ऐसे मोबाइल मौजूद हैं जिन्हें Honor 400 Smart 5G फोन से बेहतर कहा जाएगा। इस सूची में realme P4, Moto G86 Power, OPPO K13 और Vivo T4R शामिल हैं जो 20 हजार से कम के 5जी फोन हैं।
अगर आपको बड़ी बैटरी वाला फोन चाहिए तो ओपो के13 और रियलमी पी4 में 7,000mAh बैटरी के साथ 80W फास्ट चार्जिंग मिलेगी। रियलमी पी4 की बड़ी खूबी 144Hz रिफ्रेश रेट वाली AMOLED स्क्रीन भी है। इसी तरह मोटोरोला जी86 पावर 6,720mAh बैटरी के साथ ही यूजर्स को 4500nits पीक ब्राइटनेस वाली डिस्प्ले देता है। वहीं वीवो टी4आर 12GB RAM और Dimensity 7400 के साथ स्टाइलिश Curved AMOLED स्क्रीन सपोर्ट करता है।