AI असिस्टेंट वाला HMD 2660 Flip Senior Edition लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/10/hmd-2660-flip-senior-edition-ai-assistant-launched-price-specs.jpg

HMD ने बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए अपना नया फीचर फोन HMD 2660 Flip Senior Edition लॉन्च किया है। इस फोन की सबसे खास बात इसमें मिलने वाला ‘Mary’ AI असिस्टेंट है। जो यूजर्स से बातचीत करने, कहानियां सुनाने और मेमोरी गेम खेलने में मदद करता है। बता दें कि फिलहाल HMD 2660 Flip Senior Edition को यूके में पेश किया गया है। आइए, आगे कीमत और खूबियां विस्तार से जानते हैं।

HMD 2660 Flip Senior Edition की कीमत

HMD 2660 Flip Senior Edition की कीमत 79.99 ब्रिटिश पाउंड यानी करीब 10,200 रुपये है। इसे Cosy Black कलर में पेश किया गया है। यह फिलहाल HMD के यूके ऑनलाइन स्टोर पर उपलब्ध है।

HMD 2660 Flip Senior Edition में Mary AI असिस्टेंट

HMD 2660 Flip Senior Edition में Mary नाम का AI असिस्टेंट फोन के इंटरफेस में ही दिया गया है। यह ज्यादा उम्र के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह आसान भाषा में बात करता है और बातचीत के दौरान यूजर के जवाब देने के लिए रुकने का समय भी देता है।

इससे सामान्य विषयों, जैसे प्रकृति और इतिहास, पर बातचीत की जा सकती है। यह कहानियां सुना सकता है और याददाश्त से जुड़े गेम भी खेल सकता है। यह पहले हुई बातचीत की कुछ जानकारियां याद रखकर आगे की बातचीत को ज्यादा अच्छा बनाने में भी मदद करता है।

AI असिस्टेंट उपयोग करने के लिए यूजर को फोन के मेन्यू में Mary को चुनकर कॉल बटन दबाना होता है। शुरुआती एक्टिवेशन के बाद हर बार अलग लॉगिन या पासवर्ड की जरूरत नहीं होती है। यह सर्विस 24 घंटे उपलब्ध रहती है।

HMD 2660 Flip Senior Edition खरीदने पर Mary AI के लिए शुरुआती पांच घंटे की बातचीत मुफ्त मिलती है। इसके बाद इस सर्विस का उपयोग जारी रखने के लिए हर महीने 19.90 यूरो यानी करीब 2,000 रुपये की सब्सक्रिप्शन फीस देनी होगी। इसमें सामान्य मोबाइल नेटवर्क या कैरियर चार्ज शामिल नहीं हैं।

कंपनी के मुताबिक, यह सब्सक्रिप्शन अपने आप रिन्यू नहीं होता है। अगर ग्राहक सब्सक्रिप्शन नहीं लेता या इसे आगे जारी नहीं रखता, तब भी फोन से कॉल करने और अन्य सामान्य फीचर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है।

HMD 2660 Flip Senior Edition के स्पेसिफिकेशंस

HMD 2660 Flip Senior Edition फोन में क्लैमशेल यानी फ्लिप डिजाइन दिया गया है। इसमें 2.8-इंच की QVGA प्राइमरी डिस्प्ले है। जिसका रिजॉल्यूशन 320 x 240 पिक्सल है। बाहर की तरफ 1.77-इंच की सेकेंडरी डिस्प्ले मिलता है। जिसका रिजॉल्यूशन 160 x 128 पिक्सल है। फोन में बड़े फिजिकल बटन वाला कीपैड दिया गया है। जिससे नंबर डायल करना और मेन्यू उपयोग करना आसान हो सकता है।

HMD 2660 Flip Senior Edition फोन में 1GHz तक की स्पीड वाला Unisoc T107 सिंगल-कोर प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 48MB रैम और 128MB इंटरनल स्टोरेज मिलता है। जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। यह S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है और इसमें डुअल नैनो सिम सपोर्ट मिलता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में LED फ्लैश के साथ VGA रियर कैमरा दिया गया है। अन्य फीचर्स में 3.5mm हेडफोन जैक, वायरलेस FM रेडियो, MP3 प्लेयर, Bluetooth 4.2, USB Type-C और 4G VoLTE शामिल हैं। फोन में 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। यह 2G नेटवर्क पर 20 घंटे तक और 4G पर 6.5 घंटे तक टॉकटाइम दे सकता है।