बच्चों का Smartphone! घरवालों की टेंशन होगी दूर, लॉन्च हुआ अनूठा HMD Fusion X1 मोबाइल

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/03/kids-smartphone.jpg

अगर कहा जाए कि मोबाइल फोन हर घर की नहीं बल्कि हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है, तो शायद गलत नहीं होगा। पहले जहां सिर्फ बड़े व्यस्क लोग ही स्मार्टफोन चलाते थे वहीं अब ऑनलाइन क्लासेज तथा अन्य एक्टिविटी के लिए बच्चों को भी स्मार्टफोन चलाना पड़ता है। सुरक्षा के मद्देनज़र भी घर से बाहर जाने वाले बच्चों को मोबाइल फोन देना पड़ता है। टेक कंपनी HMD ने इस आवश्यकता को समझते हुए MWC 2025 में एक Kids Smartphone (बच्चों का स्मार्टफोन) पेश किया है।

बच्चों का स्मार्टफोन

यह किड्स स्मार्टफोन HMD Fusion X1 नाम के साथ पेश हुआ है। बच्चों को मोबाइल दिया जाए या नहीं! इसी दुविधा का हल इस फोन के साथ निकालने की को​शिश की गई है। इसके लिए Nokia का फोन बनाने वाली कंपनी HMD ने Xplora के साथ साझेदारी की है। इस मोबाइल में बिल्ट-इन ऑपरेटिंग सिस्टम-लेवल parental controls दिए गए हैं जिसके साथ पेरेंट्स अपने बच्चों के फोन कंट्रोल कर सकते हैं।

HMD Fusion X1 के फीचर्स

एचएमडी एक्स1 में कस्टमाइजेबल ऐप्स और इंटरनेट एक्सेस मिलता है जिसकी लिमिट पेरेंट्स अपने हिसाब से सेट कर सकते हैं। इसमें सोशल मीडिया, इंटरनेट ब्राउजिंग तथा स्क्रीन टाइम की सीमा बांधी जा सकती है। इस फोन में emergency SOS calling, low battery alerts और location tracking जैसे फीचर्स के साथ ही अभिभावकों को फोन का remote device access भी मिलता है।

HMD Fusion X1 में ‘स्कूल मोड’ दिया गया है जिसे एक्टिव करने से फोन में मौजूद ऐप्स और फीचर्स डिसेबल हो जाते हैं तथा बच्चों को डिस्ट्रैक्शन नहीं होता है। इस फोन में घरवाले अपने हिसाब से safe zones भी मार्क कर सकते हैं। मजे की बात है कि ये सभी सेटिंग्स और मोड्स एक्सेस करने के लिए इस फोन की जरूरत नहीं है बल्कि पेरेंट्स अपने फोन से ही इसे एक्सेस कर सकते हैं।

HMD Fusion X1 की स्पेसिफिकेशन्स

स्क्रीन : एचएमडी फ्यूजन एक्स1 स्मार्टफोन 720 x 1612 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.56-इंच की एचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह एलसीडी स्क्रीन है जो 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 600निट्स हाई ब्राइटनेस सपोर्ट करती है।

प्रोसेसर : यह मोबाइल एंड्रॉयड 14 पर लॉन्च हुआ है जो 2 साल की ओएस अपडेट और 3 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ आया है। प्रोसेसिंग के लिए इस बच्चों के स्मार्टफोन में क्वालकॉम का स्नेपड्रैगन 4 जेन 2 प्रोसेसर मिलता है।

कैमरा : फोटोग्राफी के लिए HMD Fusion X1 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है जिसमें 108 मेगापिक्सल मेन सेंसर के साथ 2 मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर दिया गया है। वहीं इसके फ्रंट पैनल पर 50 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर मौजूद है।

बैटरी : पावर बैकअप के लिए यह किड्स स्मार्टफोन एचएमडी एक्स1 5,000एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 18वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है।