Lava लाया दुनिया का पहला बुखार मापने वाला फोन, बिना छुए ही बॉडी टेंपरेचर बता देगा यह सस्ता इंडियन मोबाइल

हाल ही में साइबर मीडिया रिसर्च फर्म की एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें खुलासा किया गया था कि देश में इंडियन मोबाइल कंपनी Lava के प्रति लोगों का भरोसा तेजी से बढ़ रहा है और लोग Xiaomi, Realme और oppo, vivo की बजाय Lava कंपनी के फोंस में रूचि दिखा रहे हैं। भारतीयों के इस भरोसे को और भी मजबूत करते हुए लावा मोबाइल्स ने आज देश में अपना नया और बेहद अनूठा फोन Lava Pulse 1 लॉन्च किया है। यह फोन की खासियत है कि यह infrared thermometer की तरह बिना टच किए ही बॉडी टेंपरेचर माप सकता है।
लावा के इस नए फोन Pulse 1 की सबसे बड़ी खूबी इस फोन को बॉडी टेंपरेचर मापने वाला फीचर है। पूरी दुनिया में यह अपनी तरह का पहला ऐसा फोन है जो बिना टच किए ही शरीर का तापमान बता सकता है। लावा पल्स 1 में इंफ्रारेड सेंसर दिया गया है। इस सेंसर को व्यक्ति के माथे या फिर उल्टे हाथ के पास रखना है और कुछ ही सेकेंड में यह उस व्यक्ति का बॉडी टेंपरेचर बता देगा। कंपनी के अनुसार यह फीचर FDA अप्रूव्ड है जो 99.9 प्रतिशत तक बिल्कुल सही रिजल्ट देगा।
Lava Pulse 1
फोन के अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह की-पैड वाला फीचर फोन है जिसमें टी9 न्यूमैरिक कीपैड दी गई है। यह मोबाइल फोन 2.4 इंच की डिसप्ले सपोर्ट करते हैं। स्क्रीन के ठीक उपरी ओर स्पीकर लगा हुआ है तथा नीचे Lava ब्रांडिंग के साथ ही कीपैड मौजूद है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ सिंगल रियर कैमरा सेंसर दिया गया है जिसके साईड में स्पीकर लगा है। यह फोन पॉलीकार्बोनेट बॉडी पर बनाया गया है जो मिलिट्री ग्रेड सर्टिफाइड है और गिरने पर इसे टूटने से बचाता है।
Lava Pulse 1 के बैक पैनल पर सिंगल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो एक वीजीए कैमरा है। इस सेंसर के ठीक नीचे एलईडी लाईट मौजूद है। कैमरा सेटअप के साईड में स्पीकर दिया गया है। ईमेज फाइल्स और गानों को फोन में स्टोर करने के लिए फोन में 32 जीबी तक का माइक्रोएसडी कार्ड लगा कर मैमोरी को बढ़ाया जा सकता है। इस फोन में मनोरंजन के लिए वायरलेस एफएम रेडियो दिया गया है। यह एक डुअल सिम फोन है जो 1,800एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है। कंपनी के दावेनुसार एक बार के चार्ज में यह फीचर फोन 6 दिन तक का बैकअप देने की क्षमता रखता है।
लावा पल्स 1 के अन्च फीचर्स की बात करें तो इसमें ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग, नंबर टॉकर और कॉन्टेक्ट के लिए फोटो आइकन्स जैसे ऑप्शन्स दिए गए हैं, जो फीचर फोन को स्मार्ट बनाते हैं। यह फोन हिंदी और अंग्रेजी के साथ ही गुजराती, पंजाबी, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ आदि भारतीय भाषाएं भी सपोर्ट करता है। इंडियन मार्केट में Lava Pulse 1 को सिर्फ 1,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है जो रोज़ गोल्ड कलर में सेल के लिए उपलब्ध होगा। लावा पल्स 1 को ऑनलाईन व ऑफलाईन दोनों प्लेटफॉर्म से खरीदा जा सकता है।