
टेक कंपनी मीजू ने इस साल अलग अलग वक्त पर अपनी मीजू 16 सीरीज़ के तहत कई स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। मीजू की ओर से मीजू 16 व मीजू 16 प्लस के साथ ही मीजू 16एक्स स्मार्टफोन अंर्तराष्ट्रीय टेक मंच पर पेश किया जा चुका है। वहीं अब खबर आ रही है कि कंपनी जल्द ही इस सीरीज़ में एक और स्मार्टफोन जोड़ने वाली है। एक ताजा लीक में मीजू का नया स्मार्टफोन सामने आया है जिसका नाम मीजू 16एस बताया जा रहा है। इस लीक में मीजू 16एस की फोटो शेयर की गई है, जिससे फोन की लुक व डिसप्ले तथा डिजाईन की जानकारी मिली है।
मीजू 16एस को पूरी तरह से बेजल लेस डिजाईन पर बना दिखाया गया है। मीजू 16 व मीजू 16 प्लस जहां 18:9 आस्पेक्ट रेशियो पर लॉन्च हुए थे वहीं इस फोन में 19.5:9 का आस्पेक्ट रेशियो दिया जा सकता है। लीक हुई फोटो में मीजू 16एस के फ्रंट पैनल पर न तो कोई बेजल दिखाए गए हैं और न ही कोई नॉच दी गई है। फोन के चारों किनारें समान रूप के बेजल्स वाले हैं। डिसप्ले पर उपरी बाईं ओर एक छोटा सा छेद नज़र आया है जिसमें फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। यानि मीजू 16एस में आॅन डिसप्ले फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है।
आपको बता दें कि सैमसंग के आगामी स्मार्टफोन गैलेक्सी ए8एस में भी इसी तरह का सेल्फी कैमरा दिया जाएगा जो डिसप्ले के बीच में स्थित होगा। मीजू 16एस का सेल्फी कैमरा भी फोन की बॉडी पर न होकर बेजल्स से थोड़ा दूर डिसप्ले पर होगा। लीक हुई फोटो में मीजू 16एस के फ्रंट पैनल पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिखाया गया है यानि मीजू 16एस इन-डिसप्ले सेल्फी कैमरा के साथ ही इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी सपोर्ट करेगा। फोन का फिंगरप्रिंट अदृश्य रहेगा।
मीजू 16एस के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। यह कैमरा सेटअप बैक पैनल पर बीच में वर्टिकल शेप में होगा तथा कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट भी दी गई है। फोन के दाएं पैनल पर वॉल्यूम रॉकर व पावर बटन मौजूद है। फोन डिसप्ले पर मौजूद नोटिफिकेशन्स बार में डुअल सिम सपोर्ट की भी पुष्टि हो गई है। बैक पैनल पर नीचे की ओर कंपनी लोगो लगा है। फोन को लेकर पहले सामने आए लीक्स में इस फोन को क्वालकॉम के आगामी चिपसेट स्नैपड्रैगन 8150 चिपसेट से लैस बताया गया है तथा इस फोन में 8जीबी की रैम मैमोरी दी जा सकती है।
मीजू 16एस की सामने आई फोटो में फोन की नोटिफिकेशन्स बार में बैटरी की पावर 100 प्रतिशत बताई गई है जब्कि बैटरी आइकन कुछ डिस्चार्ज दिखाया गया है। ऐसे में कथित मीजू16 एस की फोटो पर पूरी तरह से यकिन नहीं किया जा सकता है। मीजू कंपनी की ओर से अभी तक मीजू 16एस को लेकर कोई भी आॅफिशियल घोषणा नहीं की गई है लिहाजा फोन की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। लीक के अनुसार मीजू 16एस को 35,700 रुपये के करीब कीमत पर लॉन्च करेगी।




















