Google Pixel 10 सीरीज में मिल सकता है Pixel Sense AI असिस्टेंट, जानें डिटेल्स
Google Pixel 10 सीरीज कथित तौर पर विकास में है और इसके इस साल के अंत में लॉन्च होने की उम्मीद है। इसमें पिछले मॉडल्स की तरह ही कई वैरियंट शामिल हो सकते हैं। लाइनअप में Tensor G5 चिपसेट दिया जा सकता है, जिसे कुछ समय पहले Geekbench पर देखा गया था। वही, नए अपडेट के अनुसार, Google Pixel 10 सीरीज एक नए AI असिस्टेंट ‘Pixel Sense’ के साथ आएगी।
Pixel Sense AI assistant डिटेल्स (लीक)
- Google के अंदरूनी सूत्रों का हवाला देते हुए, Android Authority की रिपोर्ट है कि कंपनी एक नया AI असिस्टेंट, Pixel Sense ला रही है, जो आगामी Pixel 10 सीरीज के साथ डेब्यू करेगा।
- इस ऑन-डिवाइस असिस्टेंट को पहले ‘Pixie’ नाम दिया गया था और इसे Pixel 9 सीरीज में पेश किए जाने की उम्मीद थी। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि Google इसका एक वर्जन यानी Pixel Sense, जल्द लॉन्च कर सकता है।
- रिपोर्ट के अनुसार, यह नया ऐप Pixel Sense कहलाएगा और यह यूजर डेटा और Pixel फोन पर किए गए कार्यों के आधार पर अधिक पर्सनलाइज्ड अनुभव प्रदान करेगा।
- जैसा कि पहले बताया गया था, Pixel Sense अन्य Google ऐप्स और सेवाओं जैसे Chrome, Calendar, Contacts, Docs, Gmail, Keep Notes, Maps, Messages, Photos, Wallet, Recorder, Screenshots, YouTube, YouTube Music और संभवतः एक अनरिलीज Aurelius ऐप से जानकारी लेकर कॉन्टेक्स्ट के अनुसार रेकमेंडेशन्स और प्रेडिक्शंस दे सकता है।
- Pixel Sense की सभी प्रोसेसिंग पूरी तरह ऑन-डिवाइस होगी, चाहे डिवाइस ऑनलाइन हो या ऑफलाइन और कोई भी डेटा Google सर्वर पर नहीं भेजा जाएगा। यह उपयोगकर्ताओं को प्राइवेसी के मामले में अधिक भरोसा दिलाएगा। इसका मतलब है कि Google अपने Gemini Nano ऑन-डिवाइस AI मॉडल पर निर्भर रह सकता है।
- Pixel Sense कथित तौर पर स्क्रीनशॉट्स, फाइल्स, इमेज और टेक्स्ट को प्रोसेस कर मेटाडेटा निकाल सकता है, जानकारी जुटा सकता है और उपयोगकर्ता की रुचियों के अनुसार व्यक्तिगत रेकमेंडेशन्स प्रदान कर सकता है।
- सिर्फ रेकमेंडेशन्स ही नहीं, Pixel Sense यूजर डेटा और रुचियों के आधार पर जगहों, नामों और उत्पादों के सुझाव देने में भी सक्षम होगा।
- इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया है कि Pixel Sense समय के साथ ग्राहकों की आदतों को सीखेगा और टास्क व रूटीन को तेजी से पूरा करने में मदद करेगा। यह असिस्टेंट उपयोगकर्ता की रुचियों के अनुसार खुद को बेहतर बनाएगा और अनुभव को और अधिक स्मार्ट बनाएगा।
चूंकि यह फिलहाल सिर्फ एक रिपोर्ट है, इसलिए हम सुझाव देते हैं कि आप इसे ज़्यादा गंभीरता से न लें और अधिक जानकारी सामने आने का इंतजार करें।