Realme C3 6 फरवरी को होगा इंडिया में लॉन्च, लो बजट में Xiaomi से होगी भिड़ंत

Realme सीईओ माधव सेठ ने कल ही अपने ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल के जरिये बताया था कि कंपनी की ‘रियलमी सी सीरीज़’ में अभी तक ग्लोबली 10.2 मिलियन यानि 102 लाख स्मार्टफोन बेचे जा चुके हैं। वहीं अब कंपनी ने इस सफलता को और आगे ले जाने के उद्देश्य के साथ आज सीरीज़ के आगामी स्मार्टफोन की घोषणा भी कर दी है। कंपनी ने मीडिया इन्वाईट भेजते हुए बता दिया है कि रियलमी आने वाली 6 फरवरी को भारत में अपना आगामी स्मार्टफोन Realme C3 लॉन्च करने जा रही है।
रियलमी इंडिया ने प्रैस विज्ञप्ति के माध्यम से Realme C3 की लॉन्च डेट से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने बताया है कि आने वाली 6 फरवरी को भारत में रियलमी सी सीरीज़ का नया स्मार्टफोन Realme C3 लॉन्च कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि Realme C3 पूरी दुनिया में सबसे पहले भारत में ही लॉन्च किया जा रहा है जो आने वाले दिनों में अन्य बाजारों में दस्तक देगा। Realme C3 की लॉन्च डेट के साथ ही कंपनी ने यह भी साफ कर दिया है कि यह डिवाईस सॉफ्ट लॉन्च के जरिये भारतीय बाजार में उतारा जाएगा जिसका लॉन्च कंपनी ऑनलाईन लाईव स्ट्रीमिंग के जरिये करेगी।
डिजाईन का हुआ खुलासा
Realme C3 के मीडिया इन्वाईट में कंपनी ने फोन की फोटो को भी शेयर किया है जिसमें मोबाइल के फ्रंट और बैक दोनों पैनल्स को दिखाया गया है। फोन की फोटो सामने आने से फोन लॉन्च से पहले ही इसके डिजाईन की जानकारी मिल गई है। Realme C3 को बेजल लेस डिसप्ले पर बना होगा तथा डिसप्ले के उपरी ओर ‘वी’ शेप वाली वॉटरड्रॉप नॉच दी गई है। फोन डिसप्ले के तीन किनारें जहां बेजल लेस दिखाए गए हैं वहीं नीचे की ओर थोड़ा चौड़ा चिन पार्ट मौजूद है।
रियलमी सी3 के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी दाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस कैमरा सेटअप में सेंसर डिटेल भी लिखी गई है। कैमरा सेटअप के बाईं ओर फ्लैश लाईट दी गई है। Realme C3 के बैक पैनल पर रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया जा सकता है जो फोटो में नज़र नहीं आया है। वहीं बैक पैनल पर नीचे दाईं ओर वर्टिकल शेप में Realme की ब्रांडिंग लगी हुई है। फोन के दाएं पैनल पर जहां पावर बटन दिया गया है वहीं बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर मौजूद है।
5,000एमएएच बैटरी से होगा लैस
कंपनी की ओर से हालांकि Realme C3 की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी नहीं दी गई है लेकिन हमें प्राप्त जानकारी के अनुसार यह डिवाईस 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी से लैस होगा। वहीं इस डिवाईस में मीडियाटेक का प्रोसेसर दिया जाएगा। गौरतलब है कि Realme C सीरीज़ हमेशा लो बजट सेग्मेंट में ही आती है ऐसे में उम्मीद कर सकते हैं कि Realme C3 स्मार्टफोन भी 10,000 रुपये से कम कीमत पर भी इंडियन मार्केट में लॉन्च किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : JioPhone को टक्कर देने आ रहा है Nokia 400 4G फीचर फोन, इसमें मिलेगा सेल्फी कैमरा भी
Realme C3 की लॉन्च डेट घोषित करने से पहले इस सीरीज़ के सफलता को बयां करते हुए कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की थी। अपने ट्वीट में कंपनी ने बताया था कि ग्लोबल मार्केट में इस सीरीज़ की 10.2 मिलियन यानि 102 लाख से अधिक यूनिट बिक चुकी है। कंपनी ने हालांकि यह साफ नहीं किया है कि इंडिया में Realme C1 और Realme C2 की कुल कितनी सेल हुई है और किस स्मार्टफोन को ज्यादा पसंद किया गया है।