कहीं आपको भी तो नहीं आई ये कॉल, मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खबर

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2022/11/TRAI-Caller-ID-System.jpg

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने अपने कस्टमर्स को चेतावनी दी है कि वह फेक कॉल से सावधान रहें। दरअसल, ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि आजकल लोगों के पास एक फेक कॉल आ रही है कि जिसमें ट्राई का नाम इस्तेमाल कर फोन नंबर बंद होने की धमकी दी जा रही है। इसी को देखते हुए Trai ने बुधवार को लोगों को धोखाधड़ी वाले काल के प्रति आगाह किया और ऐसे काल को अवैध बताया।

ट्राई के नाम पर हो रहा धोखा

ट्राई ने एक बयान में कहा कि उनके संज्ञान में यह बात लाई गई है कि कुछ कंपनियां/एजेंसियां/व्यक्ति धोखाधड़ी से जनता/ग्राहकों को फोन कर बोल रहे हैं कि वह ट्राई से हैं और जनता/ग्राहकों के मोबाइल नंबर काट दिए जाएंगे क्योंकि इन नंबरों का इस्तेमाल अनचाहे संदेश भेजने के लिए किया जा रहा है।

ऐसी गतिविधियों में लिप्त कंपनियां, एजेंसियां और व्यक्ति भी ग्राहकों को यह दावा करके गुमराह करते हैं। साथ वह उनके आधार नंबर हासिल कर लेते हैं और उसका यूज सिम कार्ड लेने के लिए करते हैं, जिससे अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है।

ट्राई नहीं करता मोबाइल नंबर ब्लॉक व बंद

ट्राई ने कहा कि वह किसी भी व्यक्तिगत दूरसंचार ग्राहक के किसी भी मोबाइल नंबर को न तो ‘ब्लाक’ करता है और न ही उसे बंद करता है। ट्राई से होने का दावा करने वाले ऐसे किसी भी काल या संदेश को धोखाधड़ी माना जाना चाहिए।

यहां करें शिकायत

ट्राई ने कहा कि प्रभावित व्यक्ति सीधे अपने सर्विस प्रोवाइडर कस्टमर केयर या नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल http://cybercrime.gaurd.in पर जाकर अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी काल किया जा सकता है।