Vivo S70 नवंबर में हो सकता है लॉन्च, बड़े सेंसर वाला पेरिस्कोप कैमरा और टेली-कन्वर्टर सपोर्ट लीक

Vivo S70 सीरीज जल्द चीन में एंट्री ले सकती है। कंपनी ने मई में Vivo S60 सीरीज लॉन्च की थी। वहीं, अब इसके अपग्रेड के तौर पर S70 को पेश किए जाने की उम्मीद है। टिप्स्टर Smart Pikachu के नए लीक के अनुसार, चीन में नवंबर से कई नए मिड-रेंज कैमरा स्मार्टफोन लॉन्च हो सकते हैं। इनमें Vivo S70 नवंबर में लॉन्च होने की संभावना है। हालांकि, कंपनी ने इसके लॉन्च और स्पेसिफिकेशंस की पुष्टि नहीं की है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Vivo S70 कैमरा डिटेल्स लीक
लीक के अनुसार, नवंबर में चीन में लॉन्च होने वाले मिड-रेंज कैमरा फोन में बड़े सेंसर वाला पेरिस्कोप कैमरा और टेली-कन्वर्टर सपोर्ट मिल सकता है। टिप्स्टर ने इस ब्रांड का नाम साफ नहीं किया है, लेकिन चर्चा है कि यह Vivo का फोन हो सकता है। ऐसे में Vivo S70 में पिछले मॉडल के मुकाबले बेहतर टेलीफोटो कैमरा मिलने की उम्मीद है।
आपको याद दिला दें कि Vivo S60 में 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिया गया है। जो 3x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। अगर नए फोन में बड़ा कैमरा सेंसर और टेली-कन्वर्टर सपोर्ट मिलता है। तो इससे दूर की फोटो लेने में मदद मिल सकती है। बता दें कि टेली-कन्वर्टर अतिरिक्त जूम क्षमता दे सकता है। जिससे यूजर्स को बेहतर जूम के लिए महंगा फ्लैगशिप फोन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Vivo S60 के स्पेसिफिकेशंस
Vivo S70 के संभावित अपग्रेड को समझने के लिए इसके पूर्व मॉडल Vivo S60 के फीचर्स पर नजर डाली जा सकती है। इस फोन में 6.59-इंच का AMOLED डिस्प्ले है। जो 2750 × 1260 पिक्सल रिजॉल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक की है।
परफॉरमेंस के लिए Vivo S60 में Snapdragon 8s Gen 3 प्रोसेसर मिलता है। इसमें 16GB तक RAM और 512GB तक स्टोरेज का विकल्प दिया गया है। फोन Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर काम करता है।
फोटोग्राफी के लिए इसमें OIS सपोर्ट वाला 50MP का मेन कैमरा, 3x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
बैटरी की बात करें तो Vivo S60 में 7,200mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। जो 90W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन को IP68 और IP69 रेटिंग भी मिली है।