लॉन्च से पहले ही सामने आई डुअल पॉप-अप सेल्फी कैमरे वाले Vivo V17 Pro की कीमत, 20 सितंबर को है इंडिया लॉन्च

Vivo इंडियन टेक बाजार का पहला डुअल पॉप-अप सेल्फी कैमरे वाला स्मार्टफोन लाने को तैयार है। कंपनी घोषणा कर चुकी है कि आने वाली 20 सितंबर को इंडिया में ‘वी सीरीज़’ का विस्तार करते हुए नया स्मार्टफोन लॉन्च किया जाएगा जो Vivo V17 Pro नाम के साथ बाजार में दस्तक देगा। Vivo V17 Pro को लेकर हमने पिछले हफ्ते ही एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी कि 19 सितंबर से इस फोन की प्री-बुकिंग शुरू होगी और 27 सितंबर से Vivo V17 Pro सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा। वहीं आज Vivo V17 Pro के लॉन्च से पहले ही इसकी कीमत का खुलासा भी हो गया है।
Vivo V17 Pro की कीमत की जानकारी द मोबाइल इंडियन ने दी है। वेबसाइट ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि Vivo V17 Pro को कंपनी की ओर से 29,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा। रिपोर्ट में हालांकि यह नहीं बताया गया है कि यह कीमत किस वेरिएंट की होगी और यह Vivo V17 Pro का शुरूआती प्राइस होगा या हाइयर वेरिएंट इस कीमत पर बिकेगा। बहरहाल Vivo V17 Pro की वास्तविक व पुख्ता कीमत के लिए 20 सितंबर का इंतजार किया जा रहा है।
डिजाईन
Vivo V17 Pro की लुक की बात करें तो यह फोन फुलव्यू बेजल लेस डिजाईन पर बना है। डिसप्ले पर कोई भी नॉच या अन्य सेंसर नहीं दिया गया है। डिसप्ले के चारों किनारें पूरी तरह से बेजल है। सेल्फी के लिए फोन में पॉप-अप मेकनिज़म दिया गया है। इसी तरह Vivo V17 Pro के बैक पैनल पर क्वॉड रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा। यह कैमरा सेटअप फोन के बैक पैनल पैनल पर वर्टिकल शेप में दिया जाएगा। इस कैमरा सेटअप में फ्लैश लाईट मौजूद रहेगा। दो सेंसर जहां फ्लैश के उपर होंगे वहीं दो कैमरा सेंसर फ्लैश लाईट के नीचे स्थित हैं।
डुअल पॉप-अप
Vivo V17 Pro की सबसे बड़ी यूएसपी फोन का कैमरा सेटअप होगा। फोन के फ्रंट पैनल पर जहां 2 कैमरा सेंसर देखने को मिलेंगे वहीं बैक पैनल पर 4 सेंसर वाला क्वॉड रियर कैमरा सेटअप होगा। सेल्फी कैमरे की बात करें तो यहां दोनों सेंसर पॉप-अप मेकनिज़म पर स्थित होंगे। गौरतलब है कि अभी तक सिंगल पॉप-अप सेल्फी कैमरा और शार्कफिन पॉप-अप सेल्फी कैमरा वाला फोन की बाजार में आया है। डुअल पॉप-अप सेल्फी कैमरे के साथ लॉन्च होने वाला Vivo V17 Pro पहला स्मार्टफोन होगा। Vivo V17 Pro 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा सपोर्ट करेगा।
स्पेसिफिकेशन्स
Vivo V17 Pro की स्पेसिफिकेशन्स अभी तक सामने नहीं आई है लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स व लीक की मानें तो फोन को 2440 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.44 इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। Vivo V17 Pro की स्क्रीन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस होगी। प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट देखने को मिल सकता है। लीक के अनुसार Vivo V17 Pro में 8 जीबी की रैम मैमोरी देखने को मिल सकती है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगी।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Vivo V17 Pro के बैक पैनल पर 4 और सेल्फी के लिए 2 सेंसर दिए जाएगे। यानि यह फोन 6 कैमरा सेंसर्स सपोर्ट करेगा। रियर सेटअप की बात करें तो फोन में 48-मेगापिक्सल प्राइमरी रियर कैमरे के साथ ही 8-मेगापिक्सल, 2-मेगापिक्सल और 13-मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर्स दिए जा सकते हैं। वहीं डुअल पॉप-अप कैमरे पर 32-मेगापिक्सल + 2-मेगापिक्सल का सेंसर देखने को मिल सकता है। Vivo V17 Pro को 4100एमएएच बैटरी के साथ लॉन्च किया जा सकता है।