12जीबी रैम और स्नैपड्रैगन 855+ चिपसेट वाला Xiaomi Black Shark 2 Pro आ रहा है इंडिया, वेबसाइट पर हुआ लिस्ट

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/07/Black-Shark-2-Pro.jpg

इंडियन स्मार्टफोन यूजर्स के बीच बढ़ते ऑनलाईन गेमिंग के शौक को टेक कंपनियां भी भुनाने में लगी है। पिछले दिनों में ASUS ROG Phone 2 और Nubia Red Magic 3s जैसे पावरफुल स्मार्टफोंस ने भारतीय बाजार में दस्तक दी है और ये स्मार्टफोंस काफी पसंद भी किए गए हैं। वहीं अब जल्द ही Xiaomi इस लीग को आगे बढ़ाने वाली है। शाओमी के पावरफुल गेमिंग फोन Black Shark 2 Pro को इंडियन सर्टिफिकेशन्स साइट पर लिस्ट कर दिया गया है जिससे साफ हो गया है कि Black Shark 2 Pro बेहद जल्द भारत में भी दस्तक देने वाला है।

Xiaomi Black Shark 2 Pro को भारतीय सर्टिफिकेशन्स साइट ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) पर स्पॉट किया गया है। इस लिस्टिंग का खुलासा लीक के माध्यम से हुआ है। लीक के मुताबिक Black Shark 2 Pro को DLT-H0 मॉडल नंबर के साथ बीआईएस पर लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग में हालांकि फोन के लॉन्च से जुड़ी कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन लिस्टिंग के बाद उम्मीद है कि Xiaomi Black Shark 2 Pro जल्द ही भारतीय बाजार में भी दस्तक दे देगा।

गेमिंग में बेस्ट

आपको बता दें कि शाओमी ने जुलाई महीने में इस स्मार्टफोन को टेक मंच पर पेश किया था जो फिलहाल चीनी बाजार में सेल के लिए उपलब्ध है। कंपनी की ओर से Black Shark 2 Pro को गेमिंग स्मार्टफोन के रूप में पेश किया था जो खासतौर पर फोन में गेम खेलने के शौकिन यूजर के लिए बना है। हैवी रैम और क्वालकॉम के सबसे पावरफुल चिपसेट के साथ ही इस फोन में में हीट मैनेजमेंट के लिए लिक्विड कूल 3.0 टेक्नोलॉजी दी गई है। जो यूजर्स को फास्ट और लैग फ्री गेमिंग एक्सपीरियंस प्रदान करती है। वहीं साथ ही इस गेमिंग फोन में डीसी डिमिंग 2.0 भी मौजूद है।

Black Shark 2 Pro

Black Shark 2 Pro में 6.39-इंच का ऐमोलेड डिसप्ले दिया गया है। इस डिसप्ले में स्क्रीन रिजोल्यूशन 1,080 x 2,340 पिक्सल है। इस फोन को क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 855 प्लस चिपसेट पर लॉन्च किया गया है। यह चिपसेट 4 कोरयो गोल्ड कोर और 4 कोरयो सिल्वर कोर से मिलकर बना है जो जीपीयू प्रोसेसिंग को 15 प्रतिशत तक अधिक बूस्ट करने में सक्षम है। वहीं फोन में 675मेगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर काम करते वाला एड्रेनो 640 जीपीयू मौजूद है।

Xiaomi Black Shark 2 Pro को चीन में दो स्टोरेज व रैम वेरिएंट में लॉन्च किया है। इस डिवाइस के पहले वेरिएंट में 12जीबी रैम के साथ 128जीबी की स्टोरेज मिलेगी। वहीं, दूसरे वेरिएंट में 12जीबी रैम के साथ 256जीबी की स्टोरेज मिलेगी। यह फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है जिसमें 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 13-मेगापिक्सल का सेकंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं, सेल्फी के लिए फोन में 20-मेगापिक्सल का कैमरा है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए फोन में 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है जो क्विक चार्ज 4.0 टेक्नोलॉजी सपोर्ट के साथ आती है।