9200mAh बैटरी, 144Hz 3.2K स्क्रीन और Snapdragon प्रोसेसर के साथ Xiaomi Pad 8 इंडिया में लॉन्च

Xiaomi 17 और Xiaomi 17 Ultra 11 मार्च को इंडिया में लॉन्च होंगे। इन दोनों स्मार्टफोंस के मार्केट में आने से ठीक एक दिन पहले कंपनी ने अपने पावरफुल टैबलेट डिवाइस Xiaomi Pad 8 को भारतीय बाजार में उतार दिया है। इस टैबलेट में 12GB RAM के साथ Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर की ताकत दी गई है जो स्टाइलिश लुक और एडवांस फीचर्स सपोर्ट करता है। शाओमी पैड 8 की कीमत और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले कीमत की ही बात करें तो शाओमी पैड 8 दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके बेस वेरिएंट में 8GB RAM + 128GB Storage दी गई है जिसकी कीमत 33,999 रुपये है। वहीं बड़ा वेरिएंट 12GB RAM + 256GB Storage सपोर्ट करता है जिसका लॉन्च प्राइस 36,999 रुपये है।लॉन्च ऑफर के तहत SBI क्रेडिट कार्ड पर कंपनी 3000 रुपये का डिस्काउंट भी देगी। टैबलेट की सेल 17 मार्च से शुरू होगी और इस महीने शाओमी पैड 8 खरीदने वाले ग्राहकों को 1 साल की एक्स्ट्रा वारंटी भी मिलेगी।
शाओमी पैड 8 को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो Xiaomi HyperOS 3 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस टैबलेट में क्वालकॉम का 4नेनौमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना Snapdragon 8s Gen 4 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर लगाया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 3.21गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस फोन में LPDDR5T RAM + UFS 4.1 storage तकनीक दी गई जो स्मूथ मल्टीटास्किंग और फास्ट डाटा ट्रांसफर देती है।
Xiaomi Pad 8 की दूसरी बड़ी खूबी इस टैबलेट में लगी बड़ी बैटरी है। यह टैबलेट डिवाइस 9200mAh battery पर लॉन्च किया गया है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद इसपर लगातार 13 घंटे तक ऑनलाइन वीडियोज़ देखी जा सकती है। इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए टैबलेट को 45W turbo चार्जिंग तकनीक से लैस किया है। बताते चलें कि कंपनी शाओमी पैड 8 के साथ 67W चार्जर भी मुफ्त दे रही है।
शाओमी पैड 8 को 3200 × 2136 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 11.2-इंच की 3.2K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह एलसीडी पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसपर 144Hz रिफ्रेश रेट, 360Hz टच सैंपलिंग रेट और 800nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। यह टैबलेट स्क्रीन Wet touch टेक्नोलॉजी और Anti Glare आई प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स से लैस है। आंखों को नुकसान से बचाने के लिए डिस्प्ले पर AR optical कोटिंग की गई है।
फोटोग्राफी के लिए Xiaomi Pad 8 टैबलेट के बैक पैनल पर एफ/2.2 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का कैमरा लगाया गया है। गौरतलब है कि इस टैब से 30fps 4K वीडियो रिकॉर्ड की जा सकती है। वहीं वीडियो कॉलिंग, कॉन्फ्रेंस, मीटिंग या ऑनलाइन क्लास अटेंड करने के लिए यह शाओमी का टैबलेट 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देता है। यह अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस है जो एफ/2.8 अपर्चर पर काम करता है।
शाओमी पैड 8 के साथ Xiaomi Focus Pen Pro भी शामिल किया है जो बेहद ही फास्ट और स्मूथ काम करता है। कंपनी इस टैबलेट का Nano Texture मॉडल भी लेकर आई है जिसके लिए कुछ एक्स्ट्रा पैसे चुकाने पड़ेगे। इंटरटेनमेंट के लिए टैब में चार Dolby Atmos स्पीकर और चार माइक जोड़े गए हैं। वहीं कनेक्टिविटी के लिए WiFi 7 और Bluetooth 5.4 जैसे विकल्प मौजूद है।