लॉन्च से पहले ही सामने आई Redmi Note 8 और Note 8 Pro की कीमत, रैम व स्टोरेज वेरिंएट्स का भी खुलासा

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/08/Redmi-Note-8-Pro.jpg

Xiaomi दुनिया का पहला 64-मेगापिक्सल कैमरे वाला स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रही है। टेक कंपनी Realme हालांकि Xiaomi से पहले ही 64-मेगापिक्सल कैमरा तकनीक का प्रदर्शन कर चुकी है लेकिन Xiaomi इस तकनीक से लैस स्मार्टफोन बाजार में उतारने को तैयार है। 64-मेगापिक्सल कैमरे तकनीक को शाओमी सब-ब्रांड Redmi की नेक्स्ट नोट सीरीज़ में शामिल किया जाएगा और इस सीरीज़ में कंपनी Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। वहीं आज इन दोनों स्मार्टफोंस के बाजार में आने से पहले ही इनकी कीमत सामने आ गई है।

Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro इसी हफ्ते चीन में पेश किए जाने हैं। इन स्मार्टफोंस के लॉन्च से पहले ही एक चीनी टिपस्टर ने Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro के सभी स्मार्टफोन वेरिएंट की कीमत का खुलासा कर दिया है। यह कीमत हालांकि चीनी करंसी युआन में बताई गई है लेकिन स्मार्टफोंस का मूल्य सामने आ जाने के बाद Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro की इंडियन कीमत का भी अंदाजा लग गया है।

Redmi Note 8 Pro कीमत

सीरीज़ के सबसे बड़े मॉडल से शुरूआत करें तो Redmi Note 8 Pro का बेस वेरिएंट 6जीबी रैम और 128जीबी स्टोरेज से लैस बताया गया है। लीक के अनुसार इस वेरिएंट की कीमत 1799 युआन होगी जो इंडियन करंसी अनुसार 18,000 रुपये के करीब है। वहीं Redmi Note 8 Pro के 8जीबी रैम और 128जीबी मैमोरी वेरिएंट को इस लीक में 2099 युआन का बताया गया है। यह प्राइस भारतीय करंसी अनुसार 21,000 रुपये के करीब है।

Redmi Note 8 कीमत

Redmi Note 8 स्मार्टफोन की बात करें तो फोन के 4जीबी रैम और 64जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत इस लीक में 1199 युआन बताई गई है। यह कीमत भारतीय करंसी अनुसार 12,000 रुपये के करीब है। लीक में हालांकि Redmi Note 8 का सिर्फ यही एक वेरिएंट बताया गया है लेकिन ​माना जा रहा है कि यह स्मार्टफोन और भी वेरिएंट्स में बाजार में उतारा जाएगा। बहरहाल दोनों स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमत को फोन लॉन्च होने तक पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।

क्वॉड कैमरे की पावर

Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro दोनों ही स्मार्टफोन कंपनी द्वारा क्वॉड रियर कैमरे के साथ लॉन्च किए जाएंगे। उम्मीद है कि इनमें से Redmi Note 8 Pro में 64-मेगापिक्सल का रियर कैमरा सेटअप देखने को मिलेगा। इस फोन में कंपनी Samsung GW1 64MP सेंसर का इस्तेमाल करेगी। Xiaomi का यह आने वाला स्मार्टफोन 9248 x 6936 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली फोटो खींचने में सक्षम होगा और इस फोन से खींची गई एक फोटो का साईज़ 20MB के करीब हो सकता है। फोन के खींची गई फोटो अल्ट्रा हाई रेज्ल्यूशन वाली होगी जो किसी 8K टीवी से भी ज्यादा ​उन्नत होगी। इसके अलावा कैमरा टेक्नोलॉजी के बात करें तो इसमें बड़ा 1/1.7″ सेंसर, ISOCELL, स्मार्ट आईएसओ और हाईब्रिड 3डी एचडीआर क्षमता होगी।

Redmi Note 8 को लेकर उम्मीद की जा रही है कि यह कंपनी का पहला स्मार्टफोन हो सकता है जो मीडियाटेक हेलीयो पी90टी पर लॉन्च होगा। MediaTek Helio G90T चिपसेट मीडियाटेक द्वारा लॉन्च किया गया सबसे नया चिपसेट है जो आक्टाकोर प्रोसेसेर के साथ रन करता है। इसमें 2.05गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले 2 Cortex-A76 कोर और 2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर काम करने वाले 6 Cortex-A55 कोर ​दिए गए हैं। बहरहाल Redmi Note 8/Note 8 Pro की अन्य स्पेसिफिकेशन्स और फोन की कीमत की जानकारी के लिए Xiaomi की स्टेटमेंट का इंतजार किया जा रहा है।