शाओमी रेडमी वाई2 हुआ भारत में लॉन्च, 12 जून से होगी पहली सेल

Join Us icon

इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में सबसे ज्यादा भरोसेमंद कंपनी बनने वाली शाओमी ने अपने भारतीय फैन्स के लिए एक और तोहफे का आगाज किया है। शाओमी ने भारत में अपना एक और नया स्मार्टफोन लॉन्च कर ​दिया है। पिछले साल रेडमी वाई सीरीज़ से अपने सेल्फी सेंट्रिक स्मार्टफोन की शुरूआत करने वाली शाओमी ने अपनी इस सीरीज़ का विस्तार किया है। शाओमी की ओर से भारतीय बाजार में रेडमी वाई2 स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया गया है, जो 12 जून से पहली सेल के लिए उपलब्ध होगा।

शाओमी रेडमी वाई2 शानदार लुक के साथ ही दमदार स्पेसिफिकेशन्स से लैस है। गौरतलब है कि यही स्मार्टफोन कुछ समय पहले चीन में रेडमी एस2 नाम के साथ लॉन्च किया जा चुका है। रेडमी वाई2 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह फोन 18:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है। इस फोन में 1440 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 5.99-इंच की एचडी+ बेजल लेस स्क्रीन दी गई है। यह फोन मीयूआई 9 आधारित एंडरॉयड ओरियो पर पेश किया गया है जो 2गीगाहर्ट्ज़ आॅक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 625 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें एड्रेनो 506 जीपीयू मौजूद है।

xiaomi-redmi-y2-1

शाओमी रेडमी वाई2 को कंपनी ने दो वेरिएंट में लॉन्च किया है। एक वेरिएंट में जहां 3जीबी की रैम मैमोरी और 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है वहीं दूसरा वेरिएंट 4जीबी की रैम और 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज से लैस है। दोनों ही वेरिएंट की इंटरनल स्टोरेज को 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। शाओमी रेडमी वाई2 कैमरा सेग्मेंट एआई तकनीक से लैस है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो 12-मेगापिक्सल और 5-मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर से लैस है। वहीं सेल्फी के लिए इस फोन में 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

4जीबी रैम के साथ शाओेमी मी ए2 गीकबेंच पर हुआ लिस्ट, जल्द लॉन्च की उम्मीद

शाओमी रेडमी वाई2 के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। 4जी एलटीई, डुअल सिम व बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही फोन में 3,080एमएएच की बैटरी दी गई है। शाओमी रेडमी वाई2 को डार्क ग्रे, रोज़ गोल्ड और गोल्ड ह्यू कलर वेरिएंट में अमेज़न इंडिया और मी डॉट कॉम से एक्सक्सूसिव खरीदा जा सकता है। कीमत की बात करे तो रेडमी वाई2 का 3जीबी रैम वेरिएंट जहां 9,999 रुपये में लॉन्च हुआ है वहीं 4जीबी रैम वेरिएंट की कीमत 12,999 रुपये रखी गई है।