iPhone 17 Pro Max जैसे डिजाइन वाला फोन सिर्फ 6,399 रुपये में हुआ लॉन्च!

iPhone 17 series 9 सितंबर को इंडिया में लॉन्च होगी। नए Apple फोन मार्केट में आने से पहले ही आइटेल ने आईफोन 17 प्रो मैक्स जैसे डिजाइन वाला सस्ता स्मार्टफोन पेश कर दिया है। कंपनी की ओर से itel A90 Limited Edition भारत में लॉन्च किया गया है जो केवल 6,399 रुपये की शुरुआती कीमत पर लाया गया है। यह स्मार्टफोन मई महीने में आए itel A90 स्मार्टफोन का स्पेशल एडिशन है जो मिलिट्री ग्रेड सर्टिफाइड बॉडी पर बनाया गया है। नए आइटेल ए90 की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले फोन की लुक और डिजाइन की ही बात कर लें तो आइटेल ए90 लिमिटेड एडिशन के बैक पैनल पर उपरी ओर हॉरिजॉन्टल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। यह पैनल से हल्का उपर उठा हुआ है जिसपर दो कैमरा लेंस के साथ ही फ्लैश दी गई है। यह डिजाइन लीक में सामने आ रहे iPhone 17 Pro Max जैसे दिखाई दे रहा है। हालांकि अभी यह कंफर्म नहीं है कि आईफोन 17 प्रो मैक्स का डिजाइन कैसा होगा। लेकिन आईफोन की लीक फोटो के हिसाब से आज लॉन्च हुए आइटेल मोबाइल की लुक अपकमिंग एप्पल फोन जैसी मानी जा रही है।
itel A90 Limited Edition इंडियन मार्केट में दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके 3GB RAM + 64GB storage वेरिएंट का प्राइस 6,399 रुपये और 4GB RAM + 64GB storage का रेट 6,899 रुपये है। भारतीय बाजार में इस सस्ते मोबाइल फोन को Space Titanium, Starlit Black और Aurora Blue कलर में खरीदा जा सकेगा। लगे हाथ बताते चलें कि पहले लाया गया itel A90 64जीबी मेमोरी के साथ 6,499 रुपये और 128जीबी स्टोरेज के साथ 6,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। दोनों वेरिएंट 4जीबी रैम सपोर्ट करते हैं।
बता दें कि आइटेल ए90 लिमिटेड एडिशन 7000 हजार रुपये से कम प्राइस वाला दुनिया का पहला MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफाइड स्मार्टफोन है। यही बात इसे आइटेल ए90 वनिला मॉडल से अलग बनाती है। कंपनी ने इस मोबाइल को मजबूती और ड्यूरेबिलिटी के हिसाब से बनाया है। यह ड्रॉप और शॉक रजिस्टेंट है जो जमीन पर गिरने पर भी सुरक्षित रहेगा। वहीं स्मार्टफोन को डस्ट और वॉटर से बचाने के लिए इसमें IP54 रेटिंग दी गई है।
निजी तौर पर हमें फोन की आईपी रेटिंग ज्यादा प्रभावशाली महसूस नहीं हुई है। यह डिवाइस को हल्की फुल्की पानी की बौछारों से तो बचा लेगी लेकिन फोन पानी में गिरने पर खतरा बना रहेगा। कम से कम IP67 रेटिंग दी जाती तो यूजर्स को ड्यूरेबिलिटी पर ज्यादा भरोसा होता। गौरतलब है कि फोन बॉक्स में फ्री कंपनी एंटी-ड्रॉप प्रोटेक्शन केस भी देगी।
The long wait has come to an end! 🚀 Meet the itel A90 Limited Edition – Segment’s 1st Military Grade Certified Smartphone under 7K! 💪📱 With Max Style and Max Durability, it packs MIL-STD-810H shock resistance, IP54 dust & water protection, and drop-proof toughness – all… pic.twitter.com/HOGTeEzlwH
— itel India (@itel_india) September 3, 2025
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह स्मार्टफोन 6.6-इंच की HD+ IPS डिस्प्ले पर लॉन्च हुआ है जो 90Hz रिफ्रेश रेट पर काम करता है। बजट के हिसाब से इस रिफ्रेश रेट को सही माना जाएगा। प्रोसेसिंग के लिए इसमें Unisoc T7100 4G मोबाइल चिपसेट लगाया गया है। यह मोबाइल एक्सपेंडेबल रैम तकनीक से लैस है जो इंटरनल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर इसे 8GB RAM (4+4) की ताकत देती है।
यह मोबाइल Android 14 Go पर लॉन्च हुआ है। एंड्रॉयड गो होने के चलते इसमें ‘गूगल गो’ ऐप्स को डाउनलोड और इंस्टाल किया जा सकेगा जो कम रैम व हल्के प्रोसेसर पर भी स्मूथ काम कर सकती है। गौरतलब है कि ये ऐप्स कम स्टोरेज घेरती हैं और इंटरनेट की खपत भी कम ही करती हैं। पावर बैकअप के लिए यह सस्ता मोबाइल 5,000mAh बैटरी सपोर्ट करता है जिसके साथ 15W फास्ट चार्जिंग तकनीक भी मिलती है।
आइटेल ए90 लिमिटेड एडिशन में फोटोग्राफी के लिए 13-मेगापिक्सल रियर कैमरा और 8-मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर दिया गया है। यह आइटेल स्मार्टफोन उन लोगों के काम आएगा जो मोबाइल गेमिंग का शौक नहीं रखते हैं और केवल दैनिक दिनचर्या की जरूरत के लिए मोबाइल रखना चाहते हैं। हालांकि फोन की बड़ी स्क्रीन और हाई रिफ्रेश रेट इसपर कंटेंट देखने का अनुभव भी बेहतर बनाने में सक्षम है।
itel A90 Limited Edition के अलावा अगर आप इसी बजट सेगमेंट में किसी और ब्रांड का मोबाइल चलाना चाहते हैं तो Infinix Smart 10 और LAVA Bold N1 Pro को कंसीडर किया जा सकता है। इन दोनों का प्राइस 6,799 रुपये है। लावा मोबाइल में आपको इस रेट पर 128GB Memory स्क्रीन मिल जाएगी। ये दोनों फोन 120Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन सपोर्ट करते हैं।