
मोटोरोला की मोटो जी7 सीरीज़ को लेकर लंबे समय से लीक्स सामने आ रहे हैं। तीन महीने पहले मोटो जी7 सीरीज़ के ही एक स्मार्टफोन मोटो जी7 पावर को चीनी बेंचमार्किंग साइट पर लिस्ट किया गया था जिससे फोन की उपस्थिति दर्ज होने के साथ ही कुछ स्पेसिफिकेशन्स भी पता चली थी। कंपनी की ओर से अभी तक इस फोन को ऑफिशियल नहीं किया गया है, लेकिन आज मोटोराला के इसी स्मार्टफोन मोटो जी7 पावर की रियल ईमेज भी सामने आ गई है।
मोटो जी7 पावर की यह रियल ईमेज ब्राजील से आई है। ब्राजील में किसी मोबाइल स्टोर पर मोटो जी7 पावर को शोकेस किया गया था। स्टोर पर न सिर्फ स्मार्टफोन को रखा गया था बल्कि हैंडसेट के साथ ही मोटो जी7 पावर का प्राइज़ टैग भी लगाया गया था। ब्राजील में मोटो जी7 पावर की कीमत 1399 बीआरएल बताई गई है जो भारतीय करंसी अनुसार 26,500 रुपये के करीब है।

मोटो जी7 पावर को नॉच डिसप्ले पर बनाया गया है। सामने आई स्पेसिफिकेशन्स से पता चला है कि मोटो जी7 पावर 6.2-इंच की एचडीप्लस डिसप्ले से लैस है जो 19:9 आस्पेक्ट रेशियो पर बनी है। मोटो जी7 प्लस को 3जीबी रैम से लैस बताया है जो 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। उम्मीद की जा रही है कि यह फोन एक से अधिक स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च होगा।

ब्राजील में शोकेस हुए मोटो जी7 पावर को 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले ऑक्टा-कोर प्रोसेसर से लैस दिखाया गया है जो क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 632 चिपसेट पर रन करता है। मोटो जी7 पावर के बैक पैनल पर 12-मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है जो फ्लैश लाईट से लैस है। वहीं सेल्फी के लिए मोटो जी7 पावर को 8-मेगापिक्सल के फ्रंट कैमरा सेंसर से लैस किया गया है।

मोटो जी7 पावर के बैक पैनल पर ही मोटो का लोगो लगा हुआ है जिसमे फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन को 5,000 एमएएच की दमदार बैटरी से लैस बताया गया है जो टर्बो पावर तकनीक सपोर्ट करती है। मोटो जी7 पावर के स्टोर में आने से यह लगभग पुख्ता हो गया है कि मोटोरोला जल्द ही अपनी मोटो जी7 सीरीज़ को पेश करने वाली है। चर्चा है कि 7 फरवरी को मोटो जी7 सीरीज़ टेक मंच पर दस्तक दे देगी।


















