
हाल ही में शाओमी ने रेडमी को अलग ब्रांड घोषित किया है। रेडमी ब्रांड के तहत पहला स्मार्टफोन रेडमी नोट 7 लॉन्च किया गया है। यह स्मार्टफोन आने वाली 28 फरवरी को भारत में लॉन्च किया जाएगा। रेडमी नोट 7 के लॉन्च के बाद से ही चर्चा हो रही है कि शाओमी रेडमी नोट 7 प्रो स्मार्टफोन पर भी काम कर रही है और इस स्मार्टफोन को भी टेक मंच पर लाएगी। अब तक रेडमी नोट 7 प्रो के अस्तित्व को सिर्फ अंदाजों में ही बोला जा रहा था, लेकिन अब शाओमी ने स्वयं साफ कर दिया है कि कंपनी रेडमी नोट 7 प्रो भी लाएगी। रेडमी नोट 7 प्रो मी 9 के लॉन्च होने के कुछ दिनों बाद ही टेक मंच पर दस्तक दे देगा।
कैसे मिली जानकारी
रेडमी ब्रांड के जनरल मैनेजर और शाओमी ग्रुप के वाइस प्रेजीडेंट लू वेबिंग ने चीनी माइक्रोब्लागिंग साइट वेईबो पर एक पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में बड़े टेक्स्ट में ‘प्रो’ लिखा हुआ है। इस पोस्टर को शेयर करने के साथ ही कंपनी ने पुष्टि कर दी है कि रेडमी नोट 7 की सफलता के बाद रेडमी ब्रांड के तहत रेडमी नोट 7 प्रो स्मार्टफोन भी लाया जाएगा।

कब तक होगा लॉन्च
रेडमी नोट 7 प्रो को शाओमी द्वारा सबसे पहले चीन में ही लॉन्च किया जाएगा। प्राप्त जानकारी अनुसार रेडमी ब्रांड शाओमी द्वारा मी 9 स्मार्टफोन लॉन्च किए जाने के बाद ही रेडमी नोट 7 प्रो को पेश करेगी। आपको बता दें कि शाओमी आने वाली 20 फरवरी को बीजिंग में ईवेंट का आयोजन कर मी 9 से पर्दा उठाने वाली है। रेडमी नोट 7 प्रो मार्च महीने में लॉन्च किया जा सकता है।

रेडमी नोट 7 प्रो स्पेसिफिकेशन्स
शाओमी ने हालांकि अभी तक रेडमी नोट 7 प्रो की लॉन्च डेट और स्पेसिफिकेशन्स से पर्दा नहीं उठाया है लेकिन लीक्स के अनुसार रेडमी नोट 7 प्रो को भी वॉटरड्रॉप नॉच पर पेश किया जा सकता है। रेडमी नोट 7 प्रो स्पेसिफिकेशन्स के मामले में रेडमी नोट 7 से अधिक एडवांस और पावरफुल होगा। इस फोन में भी 48-मेगापिक्सल कैमर के साथ डुअल रियर कैमरा सेटअप देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि रेडमी नोट 7 में जहां सैमसंग का कैमरा सेंसर दिया गया है वहीं रेडमी नोट 7 प्रो में सोनी आईएमएक्स586 सेंसर दिया जा सकता है। रेडमी नोट 7 प्रो को भी भारत में 6जीबी रैम से लैस कर बाजार में उतारा जा सकता है।
चीन से भी ज्यादा इंडिया में बिकते हैं शाओमी के फोन !
चर्चा है कि रेडमी नोट 7 में जहां स्नैपड्रैगन 660 चिपसेट दिया गया है वहीं रेडमी नोट 7 प्रो को क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। आपको बता दें कि स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट पर अभी तक कोई भी स्मार्टफोन लॉन्च नहीं हुआ है। और अगर लीक में सामने आ रही स्पेसिफिकेशन्स सही साबित होती हैं तो रेडमी नोट 7 प्रो इस चिपसेट से लैस होने वाला पहला स्मार्टफोन होगा।





















