
टेक कंपनी वीवो ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी ‘वी सीरीज़’ का विस्तार करते हुए दो नए फोन वीवो वी15 और वी15 प्रो लॉन्च किए थे। ये दोनों ही स्मार्टफोन फुलव्यू बेजल लेस डिसप्ले पर पेश किए गए थे जो पॉप-अप सेल्फी कैमरा सपोर्ट करता है। वीवो फैन्स को तोहफा देते हुए कंपनी की ओर से आज ही वी15 के 6जीबी रैम वेरिएंट की कीमत में कटौती की है, जिसके बाद यह 21,990 रुपये में बिकेगा। वहीं दूसरी ओर यह खबर भी आ रही है कि वीवो भारत में लो बजट सेग्मेंट में नई शुरूआत करने की तैयारी में है, और इंडियन मार्केट में वीवो की ‘यू सीरीज़’ को लॉन्च किया जाने वाला है।
91मोबाइल्स को सूत्रों के हवाले से एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि वीवो इंडिया में अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज़ Vivo U के रूप में लाने की तैयारी में है। वीवो की यू सीरीज़ को खासतौर में लो बजट सेग्मेंट के लिए ही लॉन्च किया जाएगा और इस सीरीज़ में आने वाले स्मार्टफोंस की कीमत 10,000 रुपये से कम होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीवो अगले महीने ही Vivo U सीरीज़ को भारतीय बाजार में उतार सकती है।

Vivo U सीरीज़ के इंडिया लॉन्च को लेकर यह खबर भी हाथ लगी है कि Vivo U में आने वाले पहले स्मार्टफोन को कंपनी दो वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। Vivo U सीरीज़ के इस स्मार्टफोन की शुरूआती कीमत 6,490 रुपये होगी तथा दूसरे वेरिएंट को 8,490 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर यह जानकारी भी सामने आ रही है कि वीवो की ओर से इस नई सीरीज़ के तहत एंडरॉयड गो आधारित स्मार्टफोन भी लॉन्च किया जा सकता है।
Vivo U1
आपको बता कें कि वीवो चीन में अपनी इस स्मार्टफोन सीरीज़ की शुरूआत कर चुकी है तथा वहां कंपनी की ओर से Vivo U1 स्मार्टफोन लॉन्च किया गया था। वीवो यू1 को कंपनी ने ग्लास फिनिश पॉलिकार्बोनेट बॉडी के साथ पेश किया है जो वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले सपोर्ट करता है। इस फोन को 19:9 आसपेक्ट रेशियो 6.2-इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है जो 2.5डी कर्व्ड ग्लास से प्रोटेक्टेड है। यह भी पढ़ें : इंडिया लॉन्च हुए सबसे नए और सबसे सस्ते फोन जिनमें है 4,000एमएएच से भी ज्यादा की बैटरी
वीवो यू1 को एंडरॉयड 8.1 ओरियो आधारित फनटच ओएस 4.5 पर पेश किया गया है जो 1.95गीगाहट्र्ज क्लॉक स्पीड वाले आॅक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 439 चिपसेट पर रन करता है। चीन में Vivo U1 को 3जीबी रैम के साथ 32जीबी मैमोरी और 4जीबी रैम के साथ 64जीबी मैमोरी पर लॉन्च किया गया है। इन दोनों ही वेरिएंट्स में स्टोरेज को 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Vivo U1 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी तथा 2-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसी तरह सेल्फी के लिए यह फोन 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए फोन के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं साथ ही यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। यह भी पढ़ें : OnePlus 7 और OnePlus 7 Pro की लॉन्च डेट का हुआ ऐलान, इस दिन इन जबरदस्त फीचर्स के साथ होंगे लॉन्च
Vivo U1 में डुअल सिम सपोर्ट के साथ ही 4जी वोएलटीई सपोर्ट भी दिया गया है। वहीं चार्जिंग व डाटा ट्रांसफर के लिए माइक्रो यूएसबी पोर्ट के साथ 4,030 एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। चीन में इस फोन को 1199 युआन में लॉन्च किया गया है जो भारतीय कंरसी अनुसार 11,000 रुपये के करीब है।


















