
मई का पूरा महीना नए-नए डिवाइस के लॉन्च से भरा रहा। एक ओर जहां गूगल अपना पिक्सल फोन लेकर आया। वहीं दूसरी ओर वनप्लस जैसा बड़ा डिवाइस भी इसी महीने भारत में लॉन्च हुआ। इसी बीच नोकिया ने भी मध्य रेंज में अपने दो मॉडल इंडिया में पेश किए। कंपनी ने नोकिया 4.2 और नोकिया 3.2 को उतारा। दोनों फोन हमारे पास रिव्यू के लिए आये और आज हमनें 4.2 का रिव्यू प्रकाशित किया है। इससे पहले नोकिया 1, 2, 3, 5, 6, 7, 8 और 9 सीरीज तक फोन लॉन्च कर चुका था लेकिन यह पहली बार है जब कंपनी ने 4 सीरीज में कोई मॉडल लॉन्च किया है। इसलिए भी यह डिवाइस काफी महत्वपूर्ण था। हालांकि रिव्यू के दौरान हमने सीरीज़ को नहीं बल्कि फोन के परफॉर्मेंस और क्वालिटी पर ध्यान दिया है। यह भी जांचा है कि क्या यह शाओमी और सैमसंग जैसे दिग्गजों को टक्कर देने में सक्षम है या फिर नोकिया का नाम लेकर ही आया है।
नोकिया स्टाइल

नोकिया 4.2 के स्टाइल और बिल्ट क्वॉलिटी देखकर आप कह सकते हैं कि यह फोन किसी से भी कम नहीं है। फोन का बैक पैनल ग्लास का है जिसकी क्वॉलिटी बहुत ही शानदार है। पिछले पैनल में उपर की ओर बीच में नोकिया फोंस के स्टाइल में ही कैमरा सेटअप दिया गया है। एक के बाद एक दो कैमरे और उसक नीचे फ्लैश। वहीं नीचे में फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है। जहां आज ग्रडियंट डिजाइन कंपनियां ज्यादा उपयोग कर रही हैं। वहीं सबसे हटकर नोकिया फोन में आपको डार्क ग्लास फिनिश मिलेगा और हमें यह ज्यादा बेहतर लगा। इसे भी पढ़ें: Samsung Galaxy A70 रिव्यू: बड़ी स्क्रीन, बड़ी बैटरी और ट्रिपल कैमरा इस फोन को बनाते हैं बड़ा

फोन के ऊपरी पैनल में 3.5 एमएम ऑडियो जैक दिया गया है, दाएं पैनल में वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन मिलेगा जबकि बाईं ओर सिम स्लॉट है और गूगल असिस्टेंट बटन दिया गया है। कुल मिलाकर डिजाइन के बारे में कहा जा सकता है कि बहुत अच्छा है कंपनी ने इसे छोटी स्क्रीन के साथ में पेश किया है और इस वजह से ज्यादा कॉम्पैक्ट लगता है। आसानी से यह आपकी हथेली और जेब में आ जाएगा। कमी यह कह सकते हैं कि बैक पैनल में उंगलियों के निशान काफी पड़ते हैं। इसे भी पढ़ें: देखें शाओमी रेडमी नोट 7एस की पहली झलक: शानदार स्टाइल और दमदार कैमरा
शार्प डिसप्ले

नोकिया 4.2 में 19:9 आसपेक्ट रेशियो वाला 5.7-इंच टीएफटी एलसीडी डिसप्ले दिया गया है। फोन का स्क्रीन रेजल्यूशन एचडी+ (720×1520) है और इसमें 2.5डी कर्व्ड ग्लास का उपयोग किया गया है। वहीं फोन में असाई ड्रैगन ट्रेल कोटिंग है जो इसे छोटे मोटे खरोंच से बचाते हैं। फोन में आपको वॉटर ड्रॉप नॉच देखने को मिलेगा। हालांकि डिसप्ले में आप कमी निकाल सकते हैं कि इस रेंज के फोन में आज फुल एचडी डिसप्ले रेजल्यूशन मौजूद हैं और स्क्रीन छोटी है। परंतु डिसप्ले देखेंगे तो फुल एचडी की कमी ज्यादा नहीं खलेगी। हां, थोड़ा डल लगता है लेकिन कुछ फुल एचडी फोन में भी ऐसा ही अहसास रहा है। टच अहसास बहुत अच्छा है और आपको मज़ा भी आएगा। आज बड़े स्क्रीन के चलन में डिसप्ले थोड़ा छोटा लग सकता है लेकिन कॉम्पैक्ट फोन पसंद करने वालों के लिए यह बिल्कुल सटिक है। खास कर मुझे बहुत अच्छा लगा। इस तरह का साइज हाल में हमनें गैलेक्सी एस10ई में देखा था।
कम स्पेसिफिकेशन

पिछले दो सालों से नोकिया भारत में अपने फोन लॉन्च कर रहा है और हर डिवाइस के साथ लोगों की यही शिकायत होती है कि काश इसका प्रोसेसर और बेहतर होता। नोकिया 4.2 के लिए भी आप यही कहेंगे। इस फोन को क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 439 प्रोसेसर पर पेश किया गया है। फोन में 12 नैनोमीटर फैब्रिकेशन वाला 2.0 गीगाहट्र्ज क्लॉक स्पीड वाला आॅक्टाकोर (2×2.0 GHz Cortex-A53 & 6×1.45 GHz Cortex A53) प्रोसेसर दिया गया है। इस रेंज में आज स्नैपड्रैगन 600 सीरीज के प्रोसेसर उपलब्ध हो चुके हैं ऐसे में इसे थोड़ा पीछे कहा जा सकता है। हां, इस बार रैम और रोम से आप ज्यादा शिकायत नहीं करेंगे भारतीय बाजार में यह फोन 3जीबी रैम और 32जीबी मैमोरी में उपलब्ध है। इसके साथ ही मैमोरी कार्ड सपोर्ट भी दिया गया है। इसे भी पढ़ें: Google Pixel 3a और Pixel 3a XL Review : कमाल का कैमरा और स्मूथ यूआई लेकिन थोड़ा महंगा

परफॉर्मेंस की बात करें तो यह फोन अच्छा है बजट के लिहाज से बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता। इसमें आप पबजी जैसे गेम को बिल्कुल लो ग्राफिक्स पर ही खेल पाएंगे। वहीं साधारण गेमिंग में भी आपको फ्रेम ड्रॉप देखने को मिलेगा। हालांकि दैनिक कार्यों को निबटाने में हमें कोई समस्या नहीं दिखी। वहीं मल्टी टास्किंग आदि भी बेहतर तरीके से कर रहा था।
सॉफ्टवेयर

इस मामले में नोकिया 4.2 काफी अच्छा कहा जाएगा। यह फोन एंडरॉयड वन इंटीग्रेशन के साथ आता है और इसमें आप प्योर एंडरॉयड का अहसास कर पाएंगे। इसका यूआई बहुत ही क्लिन है और उपयोग में काफी आसान है। इसमें गूगल ऐप्स तो मिलेंगे लेकिन दूसरे ऐप्स नहीं हैं। ऐसे में आप खुद से जरूरत के ऐप्स डाउनलोड कर सकते हैं। फोन में गूगल असिस्टेंट बटन दिया है लेकिन बटन दूसरी ओर होने से उसके उपयोग का आदि होने में आपको समय लगेगा।
कैमरा

नोकिया 4.2 में कंपनी ने डुअल रियर कैमरा दिया है जिसमें एक सेंसर 13-एमपी का है और यह एफ/2.2 अपर्चर के साथ आता हैै। वहीं दूसरा सेंसर 2-एमपी का दिया गया है। यह सेंसर डेफ्थ इफेक्ट के लिए है। वहीं फोन में पीडीएएफ सपोर्ट भी है जो फास्ट फोकस के लिए जाना जाता है।
रही बात पिक्चर क्वालिटी की तो यह अच्छी है। परंतु हम नोकिया फोन से और बेहतर की आशा कर रहे थे। वहीं कैमरे में इसके धीमे प्रोसेसर का असर भी आपको देखने को मिलेगा। फोन के अच्छी रोशनी में पिक्चर क्वालिटी तो ठीक-ठाक थी लेकिन थोड़ी रोशनी कम होते ही यह ज्यादा कारगर साबित नहीं हुआ। हां फोन का बोके इफेक्ट काफी अच्छा लगा।

फोन में 8-एमपी का सेल्फी कैमरा दिया गया है जो एफ/2.0 अपर्चर के साथ आता है। हालांकि यहां पर भी आपको बेहतर परिणाम नहीं मिलेगा। सेल्फी में भी यह आपको इम्प्रेस नहीं करता लेकिन डेफ्थ इफेक्ट आपको जरूर इम्प्रेस करेगा।
कनेक्टिविटी

नोकिया 4.2 में तीन स्लॉट दिए हैं जहां आप दो सिम के साथ माइक्रोएसडी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं। फोन में 4जी वोएलटीई सपोर्ट है। इसके साथ ही वाईफाई और ब्लूटूथ भी दिया गया है। कंपनी ने इसमें माइक्रो यूएसबी 2.0 दिया है। वहीं सिक्योरिटी के लिए पिन, पैटर्न, पासवर्ड और फिंगरप्रिंट स्कैनर के साथ फेस अनलॉक दिया गया है। फोन का फेस अनलॉक अच्छा है। हां, बहुत फास्ट नहीं है लेकिन सही काम करता है।
बैटरी

पावर बैकअप के लिए इस फोन में 3,000एमएएच की बैटरी दी गई है। हालांकि आज बड़ी बैटरी का चलन है ऐसे में यह काफी कम लगेगा लेकिन बैटरी बैकअप अच्छा है। अच्छे उपयोग के बाद भी आराम से पूरा दिन निकाल देता है। हमारे वीडियो टेस्ट में यह लगभग 14 घंटा 30 मिनट तक चला। कई फोन में 4,000 एमएएच तक की बैटरी इतनी चलती है।
निष्कर्ष

भारतीय बाजार में नोकिया 4.2 का प्राइस 10,990 रुपये है। प्राइस के हिसाब से स्पेसिफिकेशन थोड़े कमजोर लगते हैं। फोन का कैमरा औसत दर्जे का है और परफॉर्मेंस भी थोड़ा लैग देखने को मिलेगा। हां, प्योर एंडरॉयड आपको जरूर अच्छा लगेगा। वहीं लुुक व बैटरी बैकअप भी ठीक है। नहीं खरीदारी के कारण कई हैं लेकिन यदि आप खरीदारी का कारण नोकिया का नाम और कॉम्पैक्ट लुक बन सकता है।









