
Xiaomi लंबे समय से टीज़ कर रही थी कि कंपनी अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज़ पर काम रही है जिसे ‘CC सीरीज़’ नाम के साथ बाजार में उतारा जाएगा। वहीं आज अपने फैन्स को तोहफा देते हुए कंपनी ने इस सीरीज़ से पर्दा उठा दिया है। Xiaomi ने इस सीरीज़ को Meitu कंपनी के साथ साझेदारी के तहत पेश किया है। Xiaomi CC सीरीज़ चीनी बाजार में उतारी गई है जिसके तहत एक साथ 2 स्मार्टफोन लॉन्च किए गए हैं। ये दोनों स्मार्टफोन एक ओर जहां आर्कषक लुक से लैस है वहीं इन्होंने दमदार स्पेसिफिकेशन्स के साथ टेक बाजार में कदम रखा है।
लुक व डिजाईन
Xiaomi CC9 लुक के मामले में काफी हद तक Redmi Note 7 Pro जैसा है। यह फोन 19:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है। डिसप्ले के चारों किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं उपर की ओर ‘यू’ शेप की छोटी सी नॉच दी गई है। फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है जो बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट मौजूद है। Xiaomi CC9 के लोवर पैनल पर 3.5एमएम जैक तथा स्पीकर दिया गया है। फोन के दाएं पैनल पर जहां वाल्यूम रॉकर मौजूद है वहीं बाएं पैनल पर पावर बटन दिया गया है।
Xiaomi Mi CC9
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Mi CC9 को 1080 x 2340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.39-इंच की एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है जो फुलएचडी+ रेज्ल्यूशन सपोर्ट करती है। कंपनी ने अपने फोन को अंडर-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा है। डिसप्ले की सुरक्षा के लिए Xiaomi ने Mi CC9 को 2.5डी कर्व्ड ग्लास की प्रोटेक्शन दी है।

Mi CC9 को कंपनी द्वारा एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया गया है जो मीयूआई यूजर इंटरफेस पर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए फोन में 2.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो क्वालकॉम के सबसे नए चिपसेट में से एक स्नैपड्रैगन 710 एआई चिपसेट पर रन करता है। Xiaomi की ओर से Mi CC9 को 6जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 64जीबी मैमोरी व 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन के मैमोरी को कार्ड के जरिये 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Mi CC9 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर तीन कैमरा सेंसर दिए गए हैं जिनमें 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मौजूद है। इसी तरह फोन में 8-मेगापिक्सल का सेकेंडरी और 2-मेगापिक्सल का थर्ड रियर कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग Mi CC9 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

Xiaomi Mi CC9 को गेमिंग के शौकिन यूजर्स के लिए कंपनी ने गेमिंग टर्बो 2.0 तकनीक के लैस किया है जो लंबे समय तक गेम खेलने पर भी स्मूथ और लैगफ्री प्रोसेसिंग उपलब्ध करता है। पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,030एमएएच की बैटरी दी गई है जो 18वॉट फास्ट चार्जिंग फीचर सपोर्ट करती है। शाओमी ने Mi CC9 को ब्लू प्लेनेट, व्हाईट लवर और डार्क प्रिंस कलर वेरिएंट में लॉन्च किया है।
कीमत
कीमत की बात करें तो Xiaomi Mi CC9 के 6जीबी रैम व 64जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 1799 युआन की कीमत पर लॉन्च किया गया है। वहीं फोन के 6जीबी रैम व 128जीबी मैमोरी वाले वेरिएंट को 1999 युआन की कीमत पर बाजार में उतारा गया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार क्रमश: 18,000 रुपये और 20,000 रुपये के करीब होगी। लगे हाथ आपको बता दें कि Xiaomi ने इस सीरीज़ में Mi CC9 Meitu स्पेशल एडिशन भी लॉन्च किया है जो 8जीबी रैम मैमोरी के साथ 256जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। इस स्पेशल एडिशन को 2599 युआन की कीमत पर लॉन्च किया गया है जो इंडियन करंसी अनुसार 26,000 रुपये के करीब है।

Xiaomi Mi CC9e
Mi CC9e की बात करें तो यह फोन इस सीरीज़ का सबसे छोटा मॉडल है। Xiaomi की ओर से इस फोन को 6.088-इंच की एमोलेड डिसप्ले पर पेश किया गया है जो एचडी+ रेज्ल्यूशन सपोर्ट करता है। यह फोन भी एंडरॉयड 9.0 पाई आधारित मीयूआई 10 पर पेश किया गया है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 665 चिपसेट पर रन करता है। Mi CC9e का कैमरा सेटअप और बैटरी पावर Mi CC9 के समान ही है।
कीमत
Mi CC9e की कीमत की बात करें तो फोन के 4जीबी रैम व 64जीबी मैमोरी वेरिएंट को 1299 युआन (तकरीबन 13,000 रुपये) की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसी तरह फोन के 6जीबी रैम + 64जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 1399 युआन (तकरीबन 14,000 रुपये) तथा 6जीबी रैम + 128जीबी मैमोरी वेरिएंट को 1599 युआन (तकरीबन 16,000 रुपये) की कीमत पर लॉन्च किया गया है।


















