
Motorola अपनी ‘वन सीरीज़’ के नए डिवाईस पर काम कर रही है जिसे Motorola One Zoom नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। इस फोन को लेकर अब तक कई लीक्स सामने आ चुके हैं जिनमें फोन के डिजाईन, फीचर्स व स्पेेसिफिकेशन्स के साथ ही स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी भी दी गई है। वहीं अब Motorola One Zoom की चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी लिस्ट कर दिया गया है। इस लिस्टिंग में फोन की स्पेसिफिकेशन्स तो सामने आई ही है वहीं साथ ही Motorola One Zoom के जल्द लॉन्च की उम्मीद भी प्रबल हो गई है।
गीकबेंच लिस्टिंग
Motorola One Zoom की यह गीकबेंच लिस्टिंग कल यानि 2 सितंबर की है। बेंचमार्किंग साइट पर इस फोन को एंडरॉयड 9 पाई आधारित बताया गया है जो 1.7गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट पर रन करेगा। गीकबेंच पर Motorola One Zoom में 4जीबी रैम मैमोरी दर्शायी गई है। बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो Motorola One Zoom को सिंगल-कोर में जहां 2381 प्वाइंट्स दिए गए हैं वहीं मल्टी-कोर में इस फोन को 6551 स्कोर प्राप्त हुआ है।

डिजाईन
मोटोरोला का यह फोन कंपनी के मौजूदा स्मार्टफोंस से अलग होगा। फोन के रियर पैनल पर चौकोर आकार का कैमरा सेटअप दिया जाएगा। लीक हुई फोटो में कैमरा सेटअप में चार कैमरा सेंसर दिखा गए हैं। कैमरा सेटअप में ही सेंसर्स के नीचे Motorola का लोगो लगा हुआ है। कैमरा सेटअप के दाईं ओर एलईडी फ्लैश दी गई है। Motorola One Zoom को बेजल लेस नॉच डिसप्ले पर बना दिखाया गया है तथा डिसप्ले के उपर ‘यू’ शेप की नॉच दी गई है। इस फोन में 3.5एमएम जैक और यूएसबी टाईप सी पोर्ट भी देखने को मिलेगा।
कैमरा सेग्मेंट
Motorola One Zoom के कैमरा सेग्मेंट की खबर फिलहाल हम पुख्ता नहीं कर पाए हैं। लेकिन लीक्स की मानें तो यह फोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। फोन में 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया जाएगा। इसके साथ ही मोटोरोला वन ज़ूम 12-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा और 8-मेगापिक्सल का तीसरा कैमरा सपोर्ट करेगा। लीक में Motorola One Zoom के चौथे कैमरा सेंसर की जानकारी सामने नहीं आई है। इसी तरह सेल्फी के लिए इस फोन में 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।

आपको बता दें कि लीक्स के मुताबिक Motorola One Zoom का रियर कैमरा सेटअप dual OIS की क्षमता वाला होगा। यह कैमरा सेटअप 1.6-micron pixel size सपोर्ट करेगा तथा इसकी फोकल लेंथ 13mm से 81mm तक की होगी। वहीं माना जा रहा है कि Motorola One Zoom 5x hybrid zoom की क्षमता वाले कैमरे से लैस होगा। बहरहाल फोन पूरी स्पेसिफिकेशन्स जल्द ही पुख्ता की जाएगी।
स्पेसिफिकेशन्स
हमें मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार Motorola One Zoom में 1,080 x 2,340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.2-इंच की बड़ी डिसप्ले दी जाएगी जो एचडीआर सपोर्ट करेगी। सूत्रों के मुताबिक मोटोरोला वन ज़ूम को एंडरॉयड 9 पाई ओएस पर पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि यह फोन ‘एंडरॉयड वन’ प्रोग्राम का हिस्सा नहीं होगा। यह स्मार्टफोन क्वालकॉम की स्नैपड्रैगन 600 सीरीज़ के सबसे पावरफुल चिपसेट स्नैपड्रैगन 675 पर रन करेगा। वहीं यह फोन ‘अलेक्सा’ इंटिग्रेटेड होगा।

Motorola One Zoom को दो रैम वेरिएंट्स में बाजार में उतारा जाएगा। इन वेरिएंट्स में 6जीबी रैम और 4जीबी रैम देखने को मिलेगी वहीं स्टोरेज ऑप्शन्स के तौर पर मोटोरोला का यह फोन 64जीबी इंटरनल मैमोरी और 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करेगा। सूत्रों के मुताबिक Motorola One Zoom को कंपनी द्वारा 4,000एमएएच की पावरफुल बैटरी पर लॉन्च किया जाएगा। यह फोन एनएफसी सपोर्ट करेगा तथा बाजार में ग्रे और पर्पल कलर वेरिएंट में IFA 2019 के मंच से लॉन्च किया जाएगा।


















