
Motorola को लेकर पिछले दिनों ही खबर सामने आई थी कि कंपनी मोबाइल वर्ल्ड कॉग्रेंस 2020 के मंच से Moto G Stylus और Moto G8 Power स्मार्टफोन पेश कर सकती है। लेकिन अपने फैन्स और टेक जगत को सरप्राइज़ देते हुए मोटोरोला ने ये दोनों ही स्मार्टफोन MWC 2020 से पहले ही ग्लोबल मंच पर उतार दिए हैं। कंपनी की ओर से मोटो जी स्टाइलस और मोटो जी पावर अमेरिकन बाजार में लॉन्च कर दिए गए हैं। ये दोनों ही फोन मीडरेंज सेग्मेंट में पेश किए गए हैं। Moto G8 Power जहां ताकतवर बैटरी से लैस है वहीं Moto G Stylus को कंपनी ने स्टाइलस पेन के साथ लॉन्च किया है। आईये नज़र डालते हैं इन दोनों स्मार्टफोंस पर :
Moto G Stylus
मोटो जी स्टाइलस को कंपनी ने पंच-होल डिजाईन पर पेश किया है जो 1080 x 2300 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले सपोर्ट करता है। Motorola ने इस फोन को एंडरॉयड के लेटेस्ट वर्ज़न एंडरॉयड 10 पर पेश किया है जो क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 665 चिपसेट पर रन करता है। Moto G Stylus को 4 जीबी रैम पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन की मैमोरी को 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Moto G Stylus ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 16 मेगापिक्सल का एक्शन कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस मौजूद है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन 16 मेगापिक्सल का पंच-होल कैमरा सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए फोन में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर और पावर बैकअप के लिए 10वॉट रैपिड चार्ज वाली 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है। Moto G Stylus में मौजूद स्टाइलस पेन को नीचली दाईं ओर से निकाला जा सकता है।
Moto G8 Power
मोटो जी8 पावर को कंपनी की ओर से 1080 x 2300 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह स्मार्टफोन की एंडरॉयड 10 आधारित है जो क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 665 चिपसेट पर रन करता है। कंपनी की ओर से इस फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी पर पेश किया गया है जो 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन की मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

Moto G8 Power ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही मोटो जी8 पावर में 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन 16 मेगापिक्सल का पंच-होल कैमरा सपोर्ट करता है। रियर फिंगरप्रिंट सेंसर और बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ यह फोन पावर बैकअप के लिए 10वॉट रैपिड चार्ज वाली 5,000एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है।
Moto G Stylus को कंपनी की ओर 299.99 यूएस डॉलर पर लॉन्च किया गया है जो भारतीय करंसी अनुसार 21,500 रुपये के करीब है। वहीं Moto G8 Power को 249.99 यूएस डॉलर पर लॉन्च किया गया है जो इंडियन करंसी अनुसार 17,900 रुपये के करीब है।





















