
Vivo जल्द ही इंडिया में अपनी ‘वी सीरीज़’ का नया स्मार्टफोन Vivo V19 लॉन्च कर सकती है। कंपनी की ओर से हालांकि फोन की लॉन्च डेट की जानकारी अभी नहीं दी गई है लेकिन चर्चा है कि इस महीने के अंतिम दिनों में यह फोन भारतीय बाजार में दस्तक दे सकता है। वहीं दूसरी ओर वीवो ने Vivo V19 के इंडिया लॉन्च से पहले इसे मलेशिया में टीज़ कर दिया है। Vivo ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Vivo V19 के लॉन्च किए जाने की जानकारी दे दी है। वहीं साथ ही वीवो वी19 की फोटो को शेयर करते हुए फोन में मौजूद डुअल पंच-होल का भी खुलासा कर दिया है।
वीवो मलेशिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Vivo V19 को टीज़ कर दिया है। कंपनी ने हालांकि अभी फोन की लॉन्च डेट की जानकारी नहीं दी है लेकिन फोन के टीज़र ईमेज के जरिये वी19 के डिजाईन का खुलासा कर दिया है। वीवो द्वारा शेयर की गई फोटो से यह साफ हो गया है कि Vivo V19 को डुअल पंच-होल डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। यह पंच-होल फोन के स्क्रीन के उपरी दाईं ओर स्थित रहेगी। टीज़र में दोनों पंच-होल उपरी बेजल से थोड़ा दूर नज़र आ रही है, लेकिन रियल प्रोडक्ट में यह प्लेटमेंट कुछ अलग होने की उम्मीद है।
Swipe. To. Ignite.#V19 #IgniteYourNight pic.twitter.com/xPJstYhtZp
— Vivo Malaysia (@vivo_malaysia) March 10, 2020
Vivo V19 के मलेशिया में टीज़ होने के बाद अब यह भी माना जा सकता है कि आने वाले कुछ ही दिनों में वीवो इंडिया में भी इस फोन को टीज़ कर देगी। यहां आपको बता दें कि 10 मार्च को इंडोनेशिया में भी वीवो वी19 नाम से एक स्मार्टफोन लॉन्च हुआ है लेकिन वह फोन सिंगल पंच-होल पर ही बना है। माना जा रहा है कि भारत में लॉन्च होने वाला Vivo V19 मलेशिया में लॉन्च होने वाले फोन जैसा ही होगा और इसमें एक नहीं बल्कि दो सेल्फी कैमरे दिए जाएंगे। फोन के फ्रंट पैनल पर बनी डुअल पंच-होल में 32 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेल्फी कैमरा देखने को मिल सकता है।
वीवो वी19 स्पेसिफिकेशन्स
Vivo V19 से जुड़े लीक्स की मानें तो इस स्मार्टफोन को 1080 × 2400 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.44 इंच की एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि वीवो वी19 एंडरॉयड 10 पर पेश किया जा सकता है तथा फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 730 चिपसेट देखने को मिल सकता है। वहीं लीक के अनुसार Vivo V19 के बैक पैनल पर 48 मेगापिक्सल के प्राइमरी सेंसर के साथ 13 मेगापिक्सल, 8 मेगापिक्सल और 2 मेगापिक्सल का क्वॉड रियर कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है। इस फोन में 33वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 4500एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है। बहरहाल Vivo V19 के इंडिया लॉन्च के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा।




















