
देश में पनप रही एंटी चाइना वाली सोच ने गैर चीनी कंपनियों के साथ-साथ इंडियन ब्रांड्स में भी नई जान फूंक दी है। भारतीय स्मार्टफोन बाजार पर राज कर रही Xiaomi, Realme, Oppo और Vivo जैसी चीनी कंपनियों के मोबाइल फोंस को भारतीय जनता द्वारा नकारा जा रहा है और इसके बदले में लोग ऐसे ब्रांड्स को यूज़ करना चाह रहे हैं जो चीन का न हो। Samsung कंपनी को इससे फायदा हो रहा है वहीं दूसरी ओर Lava और Micromax जैसी भारतीय कंपनियां भी अब फिर से मोबाइल बाजार में सक्रिय होने लगी है।
Micromax से जुड़ी खबर सामने आ रही है कि कंपनी भारत में अपने तीन नए स्मार्टफोन लाने जा रही है और ये नए फोस सितंबर महीने तक बाजार में उतार दिए जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार वैसे तो ये तीनों फोन अगले महीने ही यानि अगस्त में ही लॉन्च होने थे लेकिन कोरोना वायरस के चलते प्रोडक्शन में कमी आई है और इसी वजह से अगस्त से आगे खिसक कर इन स्मार्टफोंस का लॉन्च सितंबर महीने में होगा।
कीमत होगी 7,000 से शुरू
माइक्रोमैक्स से जुड़ी यह जानकारी द मोबाइल इंडियन के जरिये मिली है। वेबसाइट रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में Micromax के दो या फिर तीन नए फोन भारत में लॉन्च होंगे। ये तीनों ही स्मार्टफोन बजट सेग्मेंट में उतारे जाएंगे। इन तीनों डिवाईसेज़ में सबसे सस्ते स्मार्टफोन की कीमत जहां 7,000 रुपये तक हो सकती है वहीं सबसे महंगे फोन का मूल्य अधिकतम 15,000 रुपये तक ही रखा जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार Micromax के अपने तीनों ही स्मार्टफोंस को मीडियाटेक के चिपसेट से लैस कर बाजार में उतारेगी। इस मोबाइल फोंस के नाम के बारे में तो अभी कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक माइक्रोमैक्स के दो स्मार्टफोन मीडियाटेक हीलियो जी35 चिपसेट से लैस हो सकते हैं। बता दें कि हाल ही में Realme C11 इसी चिपसेट पर लॉन्च हुआ था। वहीं दूसरी ओर Micromax के एक फोन में मीडियाटेक हीलियो जी25 चिपसेट देखने को मिल सकता है।
टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड में से चार चाइनीज
साल 2020 के पहले क्वॉटर यानि जनवरी-फरवरी-मार्च की बात करें तो भारत में मौजूद टॉप-5 स्मार्टफोन ब्रांड्स में से चार ब्रांड चाइना के ही है। वहीं बड़ी बात यह कि टॉप ब्रांड्स की लिस्ट में भारतीय कंपनी दूर-दूर तक नहीं है। देश के टॉप 5 स्मार्टफोन ब्रांड्स की बात करें तो भारत का नंबर वन स्मार्टफोन ब्रांड Xiaomi है। इस लिस्ट में दूसरा नाम Vivo का है। Samsung इस सूची में तीसरे नंबर पर आती है जो कि एक कोरियन कंपनी है। इसके बाद टॉप 5 में चौथे नंबर पर Realme और पांचवें नंबर पर OPPO काबिज है।





















