
Xiaomi के साथ हिट रहने के बाद POCO ने खुद को बतौर इंडिपेंडेंट ब्रांड पेश किया था, जिसके बाद कंपनी कई हिट स्मार्टफोन लाॅन्च कर चुकी है। पोको पर हालांकि यह सवाल भी खड़े होते रहे हैं कि कंपनी रेडमी ब्रांड के स्मार्टफोंस को ही नए रंग-रूप में ढ़ाल पर पोकोफोन बनाकर लाती है। लेकिन इस बार एक नई खबर सामने आ रही है कि पोको ब्रांड के स्मार्टफोन को काॅपी करते हुए रेडमी ब्रांड अपना नया फोन लाॅन्च करने वाली है। इस फोन को POCO M3 का रि-ब्रांडिड वर्ज़न बताया जा रहा है जो Redmi 9T नाम के साथ लाॅन्च होगा।
Redmi 9T को अभी शाओमी ने लाॅन्च तो नहीं किया है लेकिन इस फोन की अनबाॅक्सिंग वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गई है जिसे Myriam Joire ने शेयर किया है। इस वीडियो में फोन की पूरी लुक को दिखाते हुए बताया गया है कि यह पोको एम3 का ही रिब्रांडिड वर्ज़न होगा। POCO M3 में जहां 48 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया था वहीं Redmi 9T में 48 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर के साथ क्वाॅड रियर कैमरा दिया जाएगा जिसमें 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस शामिल किया जाएगा।

POCO M3
पोको एम3 की बात करें तो इस फोन को 6.53 इंच की फुलएचडी+ पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली आईपीएस एलसीडी वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है जो 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करती है। POCO M3 स्मार्टफोन एंडरॉयड 10 ओएस पर लॉन्च किया गया है जो मीयूआई 12 के साथ काम करता है। इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 662 चिपसेट दिया गया है। इंटरनेशन मार्केट में यह फोन 4 जीबी रैम पर लाॅन्च हुआ है जो 64 जीबी और 128 जीबी स्टोरेज सपोर्ट करता है।

पोको एम3 में रियर पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है, जिसका प्राइमरी कैमरा सेंसर 48 मेगापिक्सल का है। वहीं, दूसरी ओर फोन के अन्य दो रियर कैमरा सेंसर की बात करें तो इसमें 2 मेगापिक्सल का दो सेंसर है, जिसमें से एक डेप्थ और एक मैक्रो सेंसर है। यह फोन 6,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है। बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इस फोन को 18वॉट फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी से भी लैस किया गया है।


















