
OPPO Find N2 Flip दिसंबर 2022 में कंपनी की होम मार्केट चीन में लॉन्च हुआ था जो अब ग्लोबल मंच पर एंट्री लेने के लिए तैयार है। ओपो ने घोषणा कर दी है कि ब्रांड का मुड़ने वाला मोबाइल फोन 15 फरवरी को ग्लोबली ऑफिशियल हो जाएगा। लुक और डिजाईन के मामले में काफी हद तक Samsung Galaxy Z Flip 4 और Moto Razr जैसा है। इस फोन में दो स्क्रीन दी गई है, एक जहां प्राइमरी डिस्प्ले है तो वहीं एक कवर डिस्प्ले। लंदन में यह ईवेंट रात 9 बजे शुरू होगा जो कंपनी वेबसाइट व सोशल मीडिया पर लाईव चलेगा। आगे आप इस फोन के एडवांस फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स पढ़ सकते हैं।

OPPO Find N2 Flip Specifications
ओपो फाइंड एन2 फ्लिप फोन 6.8 इंच की फुलएचडी+ एमोलेड डिस्प्ले सपोर्ट करता है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट तथा 240हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट पर काम करती है। वहीं फोन फोल्ड होने के बाद बाहर दिखने वाली सेकेंडरी स्क्रीन भी एमोलेड पैनल पर बनाई गई है जो 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट व 120हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट सपोर्ट करती है। यह फोन पूरी तरह कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 से प्रोटेक्टेड है।

OPPO Find N2 Flip एंड्रॉयड 13 आधारित कलरओएस 13.0 पर बना है। इसमें 4एनएम मीडियाटेक डिमेनसिटी 9000+ ऑक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है जो 3.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर रन करता है। चाइना में यह स्मार्टफोन 16GB LPDDR5 RAM पर लॉन्च किया गया है जो 512GB UFS3.1 ROM सपोर्ट करता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में डुअल रियर कैमरा दिया गया है। बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मौजूद है जो एफ/2.2 अपर्चर वाले 8 मेगापिक्सल सुपर वाइड एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फ्लिप फोन एफ/2.4 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

OPPO Find N2 Flip पावर बैकअप के लिए 4,300एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है जो 44W SUPERVOOC तकनीक से लैस है। कंपनी ने अपने फोन को ओटीजी रिवर्स चार्जिंग से लैस किया है। चीन में लॉन्च हुए इस ओपो मोबाइल के 8जीबी रैम बेस मॉडल की कीमत 70,000 रुपये के करीब और सबसे बड़े 16जीबी रैम वेरिएंट का प्राइस 83,000 रुपये के करीब है।












