
इंडिया आज दुनिया के सबसे अधिक स्मार्टफोन यूजर्स वाले राष्ट्रों में गिना जाता है। देश में मोबाइल यूजर्स की गिनती तेजी से बढ़ रही है। भारतीय मोबाइल बाजार से जुड़ी एक ताजा रिपोर्ट सामने आई है जिसमें बताया गया है कि साल 2019 की तीसरी तिमाही यानि जुलाई-अगस्त-सितंबर के दौरान इंडिया में 49 मिलियन स्मार्टफोन यूनिट की सेल हुई है। यह गिनती किसी तिमाही बिकने वाले स्मार्टफोंस में सबसे ज्यादा है। वहीं सबसे अधिक हैरानी की बात यह है कि भारतीयों ने 490 लाख स्मार्टफोंस उस दौरान खरीदे हैं जिस वक्त देश की अर्थव्यवस्था मंदी के दौर से गुजर रही है।
भारतीय स्मार्टफोन बाजार से जुड़ी यह रिपोर्ट प्रसिद्ध रिसर्च फर्म काउंटरप्वाइंट ने शेयर की है। “Market Monitor” नाम की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जुलाई से सितंबर महीने के दौरान भारत में 490 लाख स्मार्टफोंस की सेल हुई है। यह आकंड़ें को छूने की मुख्य वजह स्मार्टफोन कंपनियों द्वारा किए गए नए लॉन्च, स्मार्टफोंस पर दिए गए डिस्काउंट और दिवाली से पहले विभिन्न शॉपिंग साइट पर आयोजित हुई सेल को माना जा रहा है।

नंबर वन Xiaomi
Xiaomi ने इस बार भी खुद को इंडिया का सबसे बड़ा स्मार्टफोन ब्रांड साबित किया है। रिपोर्ट के अनुसार 49 मिलियन यूनिट की इस ब्रिकी में अकेले Xiaomi ने 26 प्रतिशत मार्केट शेयर को अपने नाम किया है। साल 2018 की तीसरी तिमाही की तुलना में साल 2019 की तीसरी तिमाही में Xiaomi ने 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। Redmi 7A, Redmi Note 7 Pro और Redmi Note 7S शाओमी के सबसे ज्यादा बिकने वाले फोन बने हैं।
Samsung की स्थिति
Samsung देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनी है। Samsung ने बाजार में 20 प्रतिशत शेयर अपने नाम किए हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस साल Samsung को 4 प्रतिशत का घाटा उठाना पड़ा है। Samsung फैन्स के लिए खुशी की बात भी है क्योंकि साल के दूसरी तिमाही की तुलना में Samsung ने तीसरी तिमाही में 3 प्रतिशत की ग्रोथ पाई है। Samsung की गैलेक्सी एम सीरीज़ और गैलेक्सी ए सीरीज़ के फोन को काफी पसंद किया गया है।
Realme सबसे तेज
रिसर्च रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि Realme भारत में सबसे तेजी से बढ़ने वाली टेक कंपनी है। पिछले साल की तुलना में इस साल Realme 6 गुणा अधिक तेजी से अपना विस्तार कर रही है। Realme का मार्केट शेयर हालांकि अभी काफी कम है लेकिन जिस तेजी से यह बढ़ रहा है उस हिसाब से आने वाले समय में यह अन्य ब्रांड्स को पीछे छोड़ते हुए Xiaomi व Samsung के मार्केट शेयर और शिपमेंट को टक्कर दे सकती है।
Apple देश के टॉप 10 ब्रांड्स में बना रहा है। iPhone XR की घटी कीमत और iPhone 11 के लॉन्च ने Apple की सेल को बूस्ट दिया है। Oppo F11 series और Oppo A5s स्मार्टफोन की सफलता ने Oppo की सालाना ग्रोथ को 12 प्रतिशत तक बढ़ाया है। वहीं Vivo U10, Vivo Z1x और Vivo Z1 Pro के लॉन्च की बदौलत Vivo ने इस तिमाही में इंडिया में अपनी अब तक की सबसे बड़ी सेल की है। OnePlus साल 2019 की तिमाही में इंडिया का नंबर वर प्रीमियम स्मार्टफोन ब्रांड घोषित हुआ है।





















