
अभी कुछ दिन पहले ही चीनी वेबसाईट वीबो पर जियोनी के एक नए स्मार्टफोन का टीज़र जारी किया गया था। हालांकि उस वक्त कंपनी ने फोन का नाम नहीं बताया था लेकिन ऐसा माना जा रहा था कि यह फोन एम2017 हो जिसमें 7,000 एमएएच की बैटरी है। क्योंकि हाल में इस मॉडल को चीनी साइट टेना पर देखा गया था। इसके साथ ही एक दूसरा पोस्टर भी शेयर किया गया था जिसमें कंपनी ने चीनी एक्ट्रेस शुंग फैन और उनके हज़बैंड फेंग शियाओगैंग को जियोनी का ब्रांड अंबेसडर बनाने की जानकारी दी थी। इस पोस्टर में भी शियाओगैंग के हाथ में एम2017 फोन को देखा गया था।
वहीं अब एक नई लीक सामने आई है जिसके अनुसार जियोनी के इस फोन को 26 दिसंबर को चीन में लॉन्च किया जा सकता है। इस खबर को सबसे पहले वीबो द्वारा प्रकाशित किया गया है जहां फोन के लॉन्च तारीख को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

चीनी वेबसाईट वीबो पर जियोनी के नए स्मार्टफोन एम 2017 की लॉन्चिंग की डेट बताई गई है। वेबसाईट के अनुसार दिसंबर महीने की आने वाली 26 तारीख को जियोनी की ओर से एक प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की जा रही है और उसी ईवेंट के दौरान जियोनी एम 2017 को उसकी होम मार्किट में लॉन्च किया जा सकता है।
पहले लीक हुई ख़बरों के अनुसार एम 2017 में 7,000 एमएएच की पॉवरफुल बैटरी हो सकती है, जो इसे अन्य फोन्स से अलग बनाती है। बात करें इसके अन्य फीचर और स्पेसिफिकेशन्स की तो एम 2017 1.9 गीगाहर्ट्ज़ ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर आधारित हो सकता जो इसके एंडरॉयड 6.0 मार्शमेलो पर रन करेगा।
इस फोन में 5.7 इंच क्वॉड-एचडी डिस्प्ले के साथ 6 जीबी रैम तथा 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है। एम 2017 में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे के साथ 12 मेगापिक्सल और 13 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा हो सकता है। फोन का डाइमेंशन 155.2×77.6×10.6 मिलीमीटर और वज़न 230 ग्राम होने की उम्मीद है।





















