HMD लाया XploraOne, ये है बच्चों के लिए बनाए गए सेफ फीचर्स वाला नया फोन

HMD ब्रांड बच्चों के लिए एक नया और यूनिक डिवाइस लेकर आ गई है। जिसे नॉर्वे की प्रसिद्ध किड्स स्मार्टवॉच ब्रांड Xplora के साथ मिलकर बनाया गया है। बता दें कि नए फोन का नाम HMD XploraOne है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, कंट्रोल्ड और आसान मोबाइल अनुभव देने का है। यह ग्लोबल वेबसाइट पर लिस्टेड है। हालांकि कीमत और खूबियां आना अभी बाकि है, लेकिन यह कुछ महीनों पहले लॉन्च हुए HMD Touch 4G जैसा लग सकता है। आइए, आगे इसकी जानकारी को विस्तार से जानते हैं।
HMD ने अभी XploraOne के स्पेसिफिकेशंस नहीं बताए हैं, लेकिन इसके टीजर डिजाइन को देखकर साफ है कि इसमें HMD Touch 4G जैसे डिजाइन दिया गया है। फोन के फ्रंट में कॉम्पैक्ट टचस्क्रीन, एक सेल्फी कैमरा और एक होम बटन दिया गया है। जबकि बैक पर सिंगल कैमरा और LED फ्लैश दिखाई देता है। बाईं ओर एक फिजिकल सिम स्लॉट है जबकि दाईं तरफ पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। वहीं, ऊपर की तरफ एक एक्स्ट्रा फंक्शन बटन और 3.5mm हेडफोन जैक भी देखने को मिलता है। जो बच्चों के लिए बेहद उपयोगी रह सकता है।
टीजर से यह भी पता चलता है कि XploraOne कॉल करने और रिसीव करने की सुविधा, टाइप और वॉयस मैसेज भेजने की सेवा देगा। हालांकि सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें कोई भी थर्ड-पार्टी ऐप, वेब ब्राउजर या सोशल मीडिया एक्सेस नहीं होगा। इस तरह डिवाइस पूरी तरह पैरेंट-कंट्रोल्ड वातावरण में काम करेगा। इसके सुरक्षा फीचर्स, कंटेंट कंट्रोल और सीमित फंक्शन इसे बच्चों के लिए सुरक्षित डिजिटल गैजेट बनाते हैं।
HMD और Xplora जल्द ही इस डिवाइस के बाकी फीचर्स और कीमत की जानकारी शेयर करेंगे। उम्मीद है कि यह बच्चों के लिए एक प्रैक्टिकल और सुरक्षित कनेक्टेड फोन का विकल्प साबित होगा।
XploraOne खासतौर पर 6 से 14 वर्ष के बच्चों, स्कूल-गोइंग किड्स और उन परिवारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो अपने बच्चे को सुरक्षित तरीके से मोबाइल कनेक्टिविटी प्रदान करना चाहते हैं। यह उन पैरेंट्स के लिए बढ़िया हो सकता है जो बच्चे को स्मार्टफोन नहीं देना चाहते लेकिन बेसिक कॉलिंग, ट्रैकिंग और कम्युनिकेशन से जुड़े रहना चाहते हैं।
यदि आप ग्लोबल मार्केट में हैं और अपने बच्चे को ऐसा डिवाइस देना चाहते हैं जिसमें सुरक्षा, सीमित ऐप एक्सेस, आसान कॉलिंग और पेरेंटल कंट्रोल हो तो XploraOne अच्छा विकल्प हो सकता है। आप इसके कीमत और अन्य डिटेल्स आने का वेट कर सकते हैं। हम आपको लगातार अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।