8300mAh बैटरी और IP69K रेटिंग के साथ लॉन्च हुआ नया Honor X70 Refresh Edition

अप्रैल का महीना शुरू होते ही ऑनर ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कंपनी की ओर से नए स्मार्टफोन Honor Play 80, Play 80 Pro और Honor X80i 5G चाइना में लॉन्च किए गए हैं। इन तीनों मोबाइल्स के अलावा कंपनी Honor X70 Refresh Edition भी लेकर आई है जो पिछले साल पेश हुए ऑनर एक्स70 का नया वर्ज़न है। यह बड़ी बैटरी वाला मोबाइल है जिसकी कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
ऑनर एक्स70 रिफ्रेश एडिशन एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च हुआ है जो MagicOS 10 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना Qualcomm Snapdragon 6 Gen 4 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए यह ऑनर 5जी फोन Adreno 810 GPU सपोर्ट करता है।
Honor X70 Refresh Edition को चाइना में 2640 × 1200 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.79-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह AMOLED पैनल पर बनी पंच-होल स्क्रीन है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 3840हर्ट्ज़ पीडब्ल्यूएम डिमिंग के साथ 6000निट्स पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। नया ऑनर फोन इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस है जिसके साथ ग्लास प्रोटेक्शन लेयर भी दी गई है।
फोटोग्राफी के लिए ऑनर एक्स70 रिफ्रेश एडिशन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.88 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन OIS सेंसर दिया गया है जो एफ/2.0 अपर्चर वाले 8 मेगापिक्सल वाला Ultra-Wide एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस Honor 5G फोन में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा मौजूद है।
ऑनर एक्स70 रिफ्रेश एडिशन बड़ी बैटरी वाला 5जी फोन है। पावर बैकअप के लिए इसमें तगड़ी 8300mAh battery दी गई है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 80W SuperCharge फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। Honor X70 Refresh Edition में ग्राहकों को 80वॉट वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा।
इस ऑनर स्मार्टफोन के कुछ अन्य खास फीचर्स की बात करें तो IP66 + IP68 + IP69 + IP69K रेटिंग के साथ लाया गया है जो इसे धूल व पानी से बचाने के साथ ही कई तरह की लिक्विड प्रोटेक्शन भी देता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6 और Bluetooth 5.3 के साथ NFC व Infrared सेंसर भी दिया गया है।
लेटेस्ट 5जी फोन Honor X80i की बात करें तो यह स्मार्टफोन MediaTek Dimensity 6500 Elite प्रोसेसर पर काम करता है जिसमें 12GB तक की रैम मेमोरी दी गई है। चाइना में इस मोबाइल का प्राइस 1999 युआन से शुरू होता है जो 26 हजार रुपये के करीब है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर दिया गया है।
ऑनर एक्स80आई 5जी फोन 7,000एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है जो 6 साल की बैटरी हेल्थ के साथ आती है। इस स्मार्टफोन को 6.6-इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 6500nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। यह Wet Hand Touch फीचर से लैस है और फोन को IP66 रेटिंग प्राप्त है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi और Bluetooth 6 सहित NFC व OTG जैसे विकल्प भी दिए गए हैं।