20 अक्टूबर को लॉन्च होगा पावरफुल फ्लैगशिप स्मार्टफोन iQOO 15, सबसे पहले इस देश में बिकेगा

आइकू ने पिछले महीने ही अनाउंस कर दिया था कि वह बेहद जल्द अपना नया पावरफुल फ्लैगशिप स्मार्टफोन iQOO 15 लेकर आ रही है। वहीं आज ब्रांड द्वारा फोन रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी गई है। कंपनी ने बता दिया है कि आइकू 15 20 अक्टूबर को लॉन्च होगा। यह मोबाइल सबसे पहले ब्रांड की होम मार्केट चीन में लाया जाएगा जो बाद में इंडिया में सेल के लिए उपलब्ध होगा।
iQOO 15 20 अक्टूबर को लॉन्च होगा और इस चाइना लॉन्च को आप अपने मोबाइल पर भी लाइव देख सकते हैं। चीन में कंपनी एक बड़े ईवेंट का आयोजन कर रही है जिसके मंच से फोन की कीमत और सभी स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी दी जाएगी। यह लॉन्च ईवेंट स्थानीय समयानुसार 20 अक्टूबर की शाम 7 बजे शुरू होगा। यह टाइम इंडिया में शाम के 4 बजकर 30 मिनट का होगा। आइकू चाइना की ऑफिशियल वेबसाइट पर इस फोन लॉन्च को लाइव देखा जा सकेगा।
आइकू 15 ब्रांड का पहला मोबाइल फोन है जो Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 पर लॉन्च होगा। यह क्वालकॉम का सबसे पावरफुल मोबाइल चिपसेट है जिसमें 3.63GHz स्पीड वाले 6 परफॉर्मेंस कोर और 4.6GHz तक ही हाई क्लॉक स्पीड पर रन करने वाला डुअल प्राइस कोर शामिल है। इंडिया में OnePlus 15 और realme GT 8 Pro भी इसी प्रोसेसर पर लॉन्च किए जाएंगे। उम्मीद कर सकते हैं कि इन दोनों से पहले आकर iQOO 15 इंडिया का पहला स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 वाला फोन बन सकता है।
स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 की बात करें तो यह 3नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना ऑक्टा-कोर Oryon CPU है जिसमें नया और एडवांस Hexagon NPU दिया गया है जो 37% तक अधिक फास्ट है। क्वालकॉम के मुताबिक यह 8-कोर प्रोसेसर सिंगल-कोर सीपीयू परफॉर्मेंस को 20%, मल्टी-कोर सीपीयू परफॉर्मेंस को 17% और सीपीयू पावर एफिशियंसी को 35% तक बढ़ा सकता है। वहीं फास्ट इंटरनेट और बेहतर 5जी कनेक्टिविटी के लिए इसमें Snapdragon X85 5G Modem RF System भी लगाया गया है।
फोन प्रोसेसर के साथ ही कंपनी ने यह खुलासा भी कर दिया है कि आइकू 15 2K रेजोल्यूशन वाली Samsung की डिस्प्ले पर लाया जाएगा। यह पंच-होल स्टाइल वाली फ्लैट स्क्रीन है जो पूरी तरह से बेजल लेस है। वहीं फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है जो 100X Zoom की ताकत से लैस होगा। यह नया मोबाइल फोन आइकू 15 OriginOS 6 के साथ मार्केट में एंट्री लेगा।
अगर लीक्स पर नज़र डालें तो इस स्मार्टफोन में 6.85-इंच स्क्रीन दिए जाने की बात कही गई है जिसपर AR एंटी-रिफ्लेक्शन कोटिंग मिल सकती है। पावर बैकअप के लिए आइकू 15 को 7,000mAh बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ 100W फास्ट चार्जिंग और वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी मिल सकता है। लीक्स के अनुसार iQOO 15 के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस के साथ 50 मेगापिक्सल वाला 1/1.5 इंच सेंसर दिया सकता है।
20 अक्टूबर को चीन में एंट्री लेने के बाद आइकू 15 जल्द ही भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। हालांकि कंपनी ने अभी इस मोबाइल की इंडिया लॉन्च डेट नहीं बताई है लेकिन, उम्मीद कर सकते हैं कि आइकू 15 अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या फिर नवंबर के शुरुआती दिनों में इंडियन मार्केट में एंट्री ले लेगा। इसी दौरान वनप्लस 15 और रियलमी जीटी 8 प्रो भी भारत में लॉन्च होंगे जो फ्लैगशिप सेगमेंट में आपस में भिड़ेंगे।