7500mAh बैटरी और 16GB RAM के साथ आया मिड रेंज गेमिंग फोन iQOO Neo11, इसमें लगी है अल्ट्रा-सेंसिटिव टच चिप

बीते दिनों फ्लैगशिप फोन iQOO 15 लॉन्च करने के बाद अब कंपनी ने नया मिडबजट डिवाइस iQOO Neo11 भी मार्केट में उतार दिया है। यह नया आइकू फोन चाइना में लॉन्च हुआ है जो 100W फास्ट चार्जिंग, 7500mAh battery और Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर की ताकत से लैस होकर आया है। यह मिड रेंज वाला गेमिंग फोन है जिसमें 8K vapor chamber एरिया दिया गया है। आइकू नियो 11 की फुल स्पेसिफिकेशन्स, फीचर्स और कीमत की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले परफॉर्मेंस पावर की ही बात करें तो आइकू नियो11 क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 8 एलिट ऑक्टा-कोर पर लॉन्च किया गया है जो 4.32GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। कंपनी का दावा है कि यह मोबाइल 3.54 मिलियन एनटूटू स्कोर अचीव कर सकता है। iQOO Neo11 में कंपनी ने अपनी खुद की डेडिकेटेड Q2 chip लगाई है जो हैवी परफॉर्मेंस को हैंडल करने में मदद करती है।
गेमिंग और हैवी टास्क के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए आइकू नियो11 में 8000mm² हीट डिस्पेशन एरिया दिया गया है। यह फ्लैगशिप फोन iQOO 15 के बराबर ही है। वहीं स्मूथ गेमिंग एक्सपीरियंस के लिए इस मोबाइल में अल्ट्रा-सेंसिटिव टच चिप लगाई है जो 3200Hz तक की टच सैंपलिंग रेट दे सकती है। आइकू का कहना है इससे टच लैटेंसी 25.4ms तक कम होगी। नए आइकू फोन के टॉप वेरिएंट में कंपनी ने 16GB LPDDR5X RAM और 1TB UFS 4.1 storage दी है।
आइकू नियो 11 5जी फोन 3168 × 1440 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.82-इंच की 2K+ डिस्प्ले पर लॉन्च हुआ है। यह BOE Q10+ LTPO AMOLED पैनल पर बनी स्क्रीन है जो 144Hz तक की रिफ्रेश रेट, 2592Hz PWM डिमिंग और 4500nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। इसपर 3D ultrasonic इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी लगाया गया है।
फोटोग्राफी के लिए iQOO Neo11 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.88 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन LYT700V OIS सेंसर दिया गया है जो एफ/2.2 अपर्चर वाले 8 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आइकू नियो 11 में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है जो एफ/2.45 पर काम करता है।
पावर बैकअप के लिए आइकू नियो 11 को 7,500एमएएच बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। यह silicon-carbon battery है जो लंबे समय तक बैटरी हेल्थ मेंटेन रख सकती है। वहीं बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 100W Flash Charge टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी का दावा है कि सिर्फ 3 मिनट चार्ज पर लगाकर ही 2 घंटे का शार्टवीडियो प्लेबैक टाइम पाया जा सकता है।
आइकू नियो11 चीन में Black, White, Orange और Blue कलर में बिकेगा। इसे कुल 5 मेमोरी वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। 12GB RAM के साथ यूजर्स को 256GB और 512GB स्टोरेज मिलेगी जिनकी कीमत 2599 युआन और 2999 युआन है। यह प्राइस इंडियन करंसी अनुसार 32,499 रुपये और 37,499 रुपये के करीब है।
16GB RAM वाला फोन 256GB, 512GB और 1TB स्टोरेज पर लाया गया है जिसका रेट 2899 युआन, 3299 युआन और 3799 युआन है। भारतीय करंसी अनुसार यह लॉन्च प्राइस क्रमश: 36 हजार, 41 हजार और 47 हजार रुपये के करीब पड़ेगा। iQOO Neo11 इंडिया लॉन्च की स्थिति अभी साफ नहीं है, इसकी जानकारी मिलते ही पाठकों को सूचित कर दिया जाएगा।