Samsung ला रही है सस्ता स्मार्टफोन Galaxy M07, 10 हजार की रेंज में हो सकता है लॉन्च

कोरियन कंपनी सैमसंग अपने इंडियन यूजर्स के लिए नया मोबाइल लेकर आ रही है। भारत में जल्द ही नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy M07 लॉन्च किया जाएगा। यह एक लो बजट डिवाइस होगा जिसे 5G कनेक्टिविटी के साथ पेश किया जा सकता है। इस अपकमिंग सैमसंग फोन का सपोर्ट पेज ऑफिशियल इंडियन वेबसाइट पर लाइव हो गया है और हमारा अनुमान है कि आने वाले कुछ ही दिनों में कंपनी इसका लॉन्च टीज़ कर देगी। उम्मीद कर सकते हैं कि अगस्त के अंतिम या सितंबर के शुरुआती दिनों में गैलेक्सी एम07 इंडिया में लॉन्च हो जाएगा।
सैमसंग गैलेक्सी एम07 को कंपनी की इंडियन वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया गया है। यहां फोन का सपोर्ट पेज लाइव हुआ है जिसपर मोबाइल का मॉडल नंबर SM-M075F/DS बताया गया है। इस सपोर्ट पेज पर फोन के किसी अन्य फीचर या स्पेसिफिकेशन की डिटेल तो सामने नहीं आई है लेकिन Galaxy M07 इंडिया लॉन्च का रास्ता जरूर साफ हो गया है। उम्मीद कर सकते हैं कि आने वाले कुछ दिनों में कंपनी इस सैमसंग फोन की लॉन्च डेट से भी पर्दा उठा देगी।
जैसा कि हमने पहले ही बताया गैलेक्सी एम07 में कैसी स्पेसिफिकेशन्स मिलेगी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। लेकिन हमारा अनुमान है कि कंपनी इस मोबाइल फोन को 10 से 12 हजार रुपये तक की रेंज में लॉन्च कर सकती है। Samsung Galaxy M07 10 हजार से कम के मोबाइल फोन LAVA Blaze Dragon और iQOO Z10 Lite सहित अन्य लो बजट 5जी फोन Infinix Hot 60 और OPPO K13x के कंपटीशन के तौर पर मार्केट में एंट्री ले सकता है। गैलेक्सी एम07 की लीक्ड व अनुमानित स्पेसिफिकेशन्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy M07 स्मार्टफोन को 6.7-इंच की एचडी+ स्क्रीन पर लॉन्च किया जा सकता है। यह एलसीडी पैनल पर बनी हो सकती है जिसे 90Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जा सकता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन को मीडियाटेक चिपसेट पर लाया जा सकता है। बताते चलें कि कंपनी ने Galaxy M06 5G फोन को Dimensity 6300 प्रोसेसर पर लॉन्च किया था।
सैमसंग गैलेक्सी एम07 5जी फोन में फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है। लीक के अनुसार इसके बैक पैनल पर 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर और 2 मेगापिक्सल सेकेंडरी लेंस दिया जाएगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा मिल सकता है। वैसे 10-12 हजार के बजट में इससे अधिक कैमरा पावर की उम्मीद कम ही रहती है। इस रेंज के अधिकांश फोंस में यही मिलता है।
बैटरी के मामले में गैलेक्सी एम07 के साथ समझौता करना पड़ सकता है। सामने आए लीक के अनुसार यह मोबाइल 5,000mAh बैटरी पर लॉन्च होगा। आज कल चल रहे बड़ी बैटरी वाले ट्रेंड में यह काफी कम महसूस होगी। कम से कम 6,000एमएएच तक की क्षमता इस फोन में दी जानी चाहिए। वहीं लीक के अनुसार यह स्मार्टफोन 6 OS अपग्रेड के साथ आएगा। गौरतलब है Samsung के अलावा अन्य कंपनियां 2 या 3 जेनरेशन की ही ओएस अपग्रेड देती है। बहरहाल गैलेक्सी एम07 की कंफर्म स्पेसिफिकेशन्स का इंतजार किया जा रहा है।