
Motorola इन दिनों लगातार टेक जगत की सुर्खियों में छाया हुआ है। और इन सुर्खियों की वजह है मोटोरोला ऐज़ सीरीज़। Lenovo अधिकृत यह कंपनी आने वाली 22 अप्रैल को टेक मंच पर अपनी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दो नए स्मार्टफोन Motorola Edge तथा Motorola Edge+ लॉन्च करने जा रही है। ये दोनों ही डिवाईस कंपनी द्वारा 5G कनेक्टिविटी के साथ स्मार्टफोन मार्केट में उतारे जाएंगे। कल ही इनमें से एक डिवाईस चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट हुआ था वहीं आज लॉन्च से पहले ही Motorola Edge रियल फोटो सामने आ गई है।
Motorola Edge की इस फोटो को प्राइस बाबा वेबसाइट द्वारा शेयर किया गया है। फोटो में फोन का बैक पैनल ही दिखाया गया है। सीधे फोन के डिजाईन की बात करें तो फोटो में मोटोरोला ऐज़ को क्वॉड रियर कैमरे से लैस दिखाया गया है। यह कैमरा सेटअप पैनल के उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में लगा है। कैमरा सेटअप के दाईं ओर सेंसर डिटेल लिखी गई है जिससे साफ हो गया है कि यह फोन 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा सेंसर सपोर्ट करेगा।

इसके साथ ही फोन में 15 मेगापिक्सल और 8 मेगापिक्सल के दो अन्य कैमरा सेंसर भी देखने को मिल सकते हैं। मोटोरोला ऐज़ के बैक पैनल पर ही बीच में Motorola का लोगो लगा हुआ है। यह लोगो फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड हो सकता है। फोन के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर दिया गया है जिसके ठीक नीचे पावर बटन मौजूद है। फोटो में Motorola Edge रेड कलर शेड में दिखाया गया है।
Motorola Edge
गीकबेंच पर Motorola Edge को 6 जीबी रैम मैमोरी से लैस दिखाया गया है। हालांकि इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है कि मोटोरोला अपने फोन को एक से अधिक वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। गीकबेंच पर मोटोरोला ऐज़ को एंडरॉयड के सबसे लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 से लैस बताया गया है तथा फोन में 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। वहीं रिपोर्ट के अनुसार इस फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 765जी चिपसेट देखने को मिलेगा।
गौरतलब है कि स्नैपड्रैगन 765जी एक 5जी चिपसेट है जो डुअल मोड 5जी (SA/NSA) सपोर्ट करता है। इस चिपसेट से साफ हो जाता है कि मोटोरोला ऐज़ भी कंपनी का 5जी फोन होगा और मिड बजट में बाजार में उतारा जाएगा। बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो Motorola Edge को गीकबेंच पर सिंगलअकोर में 505 तथा मल्टी-कोर में 1410 स्कोर प्राप्त हुआ है। वहीं Motorola Edge+ के बारें में भी बता दें कि इस फोन को क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 865 चिपसेट पर लॉन्च किए जाने की चर्चा है।
Motorola Edge+
मोटोरोला ऐज़ प्लस की बात करें तो फोन में 108 मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा हो सकता है। कुछ समय पहले सामने आए रेंडर्स के अनुसार फोन में डुअल ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट और लेज़र ऑटोफोकस के साथ डुअल एलईडी फ्लैश भी हो सकती है। इसके अलावा रेंडर्स से फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होने की पुष्टि हुई थी। फोन के फ्रंट पैनल पर कर्व्ड डुअल-एज डिसप्ले के साथ होल-पंच दिया जाएगा। साथ ही इसमें इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिल सकता है। Motorola Edge+ में 8 जीबी और 12 जीबी रैम के ऑप्शन हो सकते हैं। तथा पवार बैकअप के लिए 5,170 एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है।





















