
Motorola को लेकर खबर सामने आई है कि कंपनी अपनी ‘मोटो जी’ सीरीज़ के नए स्मार्टफोन पर काम शुरू कर चुकी है और इस फोन को Motorola Moto G Play (2021) नाम के साथ टेक मार्केट में उतारा जाएगा। मोटोरोला ने हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से इस फोन की कोई भी जानकारी नहीं दी है लेकिन बाजार में आने से पहले ही यह फोन बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट हो गया है। गीकबेंच की इस लिस्टिंग ने एक ओर जहां फिर से फो की उपस्थिति दर्ज करा दी है, वहीं साथ ही नए मोटो जी प्ले की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स का भी खुलासा कर दिया है।
Moto G Play (2021) की गीकबेंच लिस्टिंग कल यानि 18 नवंबर की ही है। यहां फोन के मॉडल नंबर की बजाय साफ तौर पर फोन के नाम को लिखा गया है। सबसे पहले बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो गीकबेंच पर न्यू जेनरेशन मोटो जी प्ले को सिंगल-कोर में 253 स्कोर प्राप्त हुआ है। इसी तरह मल्टी-कोर में इस फोन को 1233 स्कोर दिया गया है। स्कोर को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि यह फोन कम कीमत वाले मिडबजट में उतारा जाएगा।
मोटोरोला के इस स्मार्टफोन को गीकबेंच पर एंडरॉयड 10 ओएस से लैस दिखाया गया है जिसके साथ 1.80गीगाहर्ट्ज़ बेस फ्रिक्वेंसी वाला आक्टाकोर प्रोसेसर और क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 460 चिपसेट दिए जाने की बात लिस्टिंग में सामने आई है। बेंचमार्किंग साइट पर यह फोन 3 जीबी रैम मैमोरी के साथ लिस्ट हुआ है। उम्मीद है कि मार्केट में Moto G Play (2021) के एक से अधिक वेरिएंट्स लॉन्च होंगे। वहीं साथ ही इस फोन में एड्रेनो 610 जीपीयू दिए जाने की बात भी सामने आई है।
Moto E7
बता दें कि Moto G Play (2021) के अलावा पिछले कुछ दिनों में मोटोरोला का एक और स्मार्टफोन Moto E7 भी चर्चा में है जो आने वाले दिनों में मार्केट में दस्तक देगा। हाल ही में लीक हुई फोटो में मोटो ई7 की लुक व डिजाईन का खुलासा हुआ है। फोटो में मोटो ई7 वॉटरड्रॉप नॉच डिजाईन पर बना है जिसमें चौड़े चिन पार्ट वाली नैरो बेजल्स डिसप्ले दी गई है। फोन के बैक पैनल डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो बीच में स्क्वायर शेप में स्थित है। कैमरा सेटअप के ठीक नीचे Motorola लोगो वाला रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। मोटो ई7 स्मार्टफोन के बैक पैनल पर ही नीचे की ओर स्पीकर लगा हुआ है।
मोटोरोला के इस आगामी स्मार्टफोन को लेकर लीक में कहा गया है कि यह Blue और Gray कलर में लॉन्च किया जाएगा। फोटो में राईट पैनल पर जहां वॉल्यूम रॉकर दिखाया गया है वहीं बाएं पैनल पर गूगल अस्सिटेंट बटन मौजूद है। लीक की मानें तो यह फोन 6.5 इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च होगा। वहीं फोन के रियर कैमरा सेटअप में 48 मेगापिक्सल + 2 मेगापिक्सल के दो कैमरा सेंसर्स तथा फ्रंट पैनल पर 5 मेगापिक्सल का सेल्फी सेंसर दिया जाएगा। Moto E7 को 4,000एमएएच बैटरी के साथ लॉन्च किए जाने की बात लीक में कही गई है।























