
Motorola के आगामी स्मार्टफोन Moto E40 से जुड़ा एक बड़ा लीक कल ही सामने आया था जिसमें फोन की रेंडर ईमेज शेयर की गई थी। इस फोटोज़ के सामने आने से लॉन्च से पहले ही मोटो ई40 के लुक और डिजाईन का खुलासा हो गया है। वहीं आज मोटोरोला के एक अन्य स्मार्टफोन Moto G31 की जानकारी भी सामने आ रही है जिसमें इस फोन की फोटो के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स भी शेयर की गई है। Moto G31 50MP camera और 5,000 mAh battery से लैस बताया गया है।
Moto G31 की जानकारी एक टिपस्टर द्वारा ट्वीटर पर शेयर की गई है जिसमें फोन के रियर पैनल की फोटो को दिखाया गया है। सबसे पहले डिजाईन की ही बात करें तो इस फोटो में फोन सिल्वर कलर शेड में नज़र आ रहा है जिसके उपरी दाईं ओर राउंड वाली आयातकार शेप में रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। यह कैमरा सेटअप पैनल पर से थोड़ा उपर उठा हुआ है। इसमें तीन कैमरा सेंसर वर्टिकल शेप में दाईं ओर मौजूद है तथा बाईं ओर एलईडी फ्लैश लाईट के साथ सेंसर डिटेल लिखी गई है। बैक पैनल पर बीच में ब्रांड का लोगो लगा हुआ है जो फिंगरप्रिंट सेंसर इम्डेडेड नज़र आ रहा है।
Motorola Moto G31 के राईट पैनल पर वॉल्यूम रॉकर और पावर दिया गया है। इस पैनल पर एक तीसरा बटन भी मौजूद है जो गूगल असिस्टेंट बटन हो सकता है। फोन के उपरी हिस्से पर 3.5एमएम जैक और नीचले हिस्से पर यूएसबी टाईप सी पोर्ट व स्पीकर दिए गए हैं। इस फोन में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा और 10वॉट चार्जिंग तकनीक से लैस 5,000एमएएच की बैटरी दिए जाने की बात कही गई है। लीक में मोटो जी31 की कीमत $210 बताई गई है जो इंडियन करंसी के अनुसार 15,600 रुपये के करीब है।
Moto E40 की स्पेसिफिकेशन्स
मोटोरोला मोटो ई40 की बात करें तो यह मोबाइल फोन एंडरॉयड 11 ओएस पर लॉन्च होगा जिसमें 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर और Unisoc चिपसेट दिया जाएगा। फोन में पंच-होल डिसप्ले देखने को मिलेगी तथा फोटोग्राफी के लिए 48 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर वाला ट्रिपल रियर कैमरा देखने को मिलेगा। यह मोटोरोला फोन 4 जीबी रैम मैमोरी के साथ बाजार में आ सकता है वहीं पावर बैकअप के लिए 10वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 5,000एमएएच की बैटरी दिए जाने की बात भी लीक में सामने आ चुकी है।





















