Nothing Phone (2) इंडिया में 11 जुलाई को होगा लॉन्च, क्या फिर लूटेगा बाजार ?

नथिंग ब्रांड ने जब से अनाउंस किया है कि वह अपना दूसरा स्मार्टफोन Nothing Phone (2) भी लेकर आ रही है, तब से ही टेक बाजार में सनसनी मची हुई है। वहीं आज कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट से भी पर्दा उठा दिया है। नथिंग फोन 2 11 जुलाई को इंडिया में लॉन्च होगा। फोन की लॉन्च डिटेल और लीक स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
Nothing Phone (2) लॉन्च डिटेल
कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा कर दी गई है कि नथिंग फोन 2 आने वाली 11 जुलाई को इंडिया में लॉन्च होगा। यह आनलाईन ईवेंट होगा या नहीं यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि लेकिन कंपनी की ओर से यह जानकारी दे दी गई है कि Nothing Phone (2) लॉन्च ईवेंट 11 जुलाई की रात 8 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। इस फ्लैगशिप लॉन्च को कंपनी द्वारा लाईव प्रसारित भी किया जाएगा।
मिलेगा Snapdragon 8+ Gen 1
नथिंग फोन (2) को क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 8+ जेन 1 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा जिसकी जानकारी Carl Pei पहले ही दे चुके हैं। बता दें कि यह चिपसेट 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स आर्किटेक्चर पर बना है जो 3.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन कर सकता है। इसमें 5जी नेटवर्क के लिए एक्स65 मॉडम इंटिग्रेटेड है। बता दें कि Nothing Phone (1) को क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 778जी+ चिपसेट पर लाया गया है।
Nothing Phone (2) का डिजाईन
लॉन्च डिटेल्स के साथ ही शेयर की गई टीज़र ईमेज से यह भी साफ हो गया है कि Nothing Phone (2) ग्लिफ़ लाइटिंग फीचर से लैस होगा जिसके चलते कॉल या नोटिफिकेशन आने पर कलरफुल लाइट्स चमकेगी। इस फोन का बैक पैनल भी नथिंग फोन 1 ही तरह ट्रांसपेरेंट होगा।
फोन के रियर कैमरा सेटअप के चारों ओर लगी नोटिफिकेशन लाइट की शेप पहले वाले मॉडल से थोड़ी अलग है। इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप हो सकता है। बता दें कि यह फोन रीसायकेबल और बायो-बेस्ड प्रोडक्ट्स के मेल से बनाया जा रहा है। इसके 9 सर्किट बोर्ड्स में 100 प्रतिशत रीसायकल टीन, मेन सर्किट बोर्ड पर 100 प्रतिशत रीसायकल कॉपर फॉइल और 28 स्टील पोर्ट्स पर 90 प्रतिशत रीसायकल स्टील दी जाएगी।
Nothing Phone (2) की स्पेसिफिकेशन्स (लीक)
डिस्प्ले: नथिंग फोन (2) में 6.7 इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले दी जा सकती है जो एमोलेड पैनल पर बनी होगी तथा 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करेगी। इस पर इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी देखने को मिल सकता है।
मैमोरी वेरिएंट्स: भारतीय बाजार में नए नथिंग फोन को 12जीबी तक की रैम पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ 256जीबी स्टोरेज मिल सकती है। वहीं फोन के छोटे वेरिएंट्स में 8जीबी रैम के साथ 128जीबी मैमोरी व 256जीबी स्टोरेज दी जा सकती है।
कैमरा: फोटोग्राफी के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस फोन में 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है।
बैटरी: पावर बैकअप के लिए नथिंग फोन (2) में 4,700एमएएच की बड़ी बैटरी दी जा सकती है।