Nothing Phone (4a) रिव्यू: मिड बजट में कुछ हटके दिखने वाला मोबाइल

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/03/Nothing-Phone-4a-launch.jpg

डिफरेंट और ट्रांसपेरेंट डिजाइन वाले फोन बनाने के लिए मशहूर टेक ब्रांड नथिंग ने पिछले महीने इंडिया में Nothing Phone (4a) लॉन्च किया है। इस मोबाइल का प्राइस 31,999 रुपये से शुरू होता है जिसमें 8GB RAM + 128GB Storage मिलती है। वहीं 12GB + 256GB वाले टॉप वेरिएंट का रेट 37,999 रुपये है। मिड बजट सेगमेंट में आया यह नथिंग फोन कैसा है? इसकी परफॉर्मेंस, बैटरी और कैमरा की क्वॉलिटी कैसी है? यह सब जानने के लिए हमने भी कुछ दिन इस स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया और नथिंग फोन (4ए) यूज करने के दौरान इस स्मार्टफोन का एक्सपीरियंस कैसा रहा, यह सारा ब्यौरा रिव्यू के तौर पर पेश किया है।

स्पेसिफिकेशन्स Nothing Phone (4a)
डिस्प्ले 6.78″ 1.5K flexible AMOLED
प्रोसेसर Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4
रैम 12GB LPDDR4X
स्टोरेज 256GB UFS 3.1
बैक कैमरा 50MP+50MP+8MP
फ्रंट कैमरा 32MP
बैटरी 5,400mAh battery
चार्जिंग 50W

डिजाइन

नथिंग ब्रांड अपने डिफरेंट डिजाइन के लिए ही पहचाना जाता है। Nothing Phone (4a) में भी कंपनी ने इस सिग्नेचर स्टाइल को बरकरार रखा है। फोन का बैक पैनल ट्रांसपेरेंट जिसके अंदर के कुछ पार्ट्स व डिजाइन को देखा जा सकता है। बैक पैनल पर पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल दिया गया है जिसमें तीन सेंसर लगे हैं। कैमरा सेटअप के साइड में Glyph Bar वर्टिकली प्लेस्ड है। कंपनी ने यहां ग्लास पैनल पर इस्तेमाल किया है लेकिन फोन का फ्रेम पॉलीकार्बोनेट का है। हमारे पास फोन का White कलर था जो अटरेक्टिव लग रहा था।

ट्रांसपेरेंट डिजाइन के नीचे वाले हिस्से पर भी कंपनी ने सफेद कलर टोन का इस्तेमाल किया है जिसमें कुछ हिस्सा लाइट स्टील ग्रे और सिल्वर (मेटल) कलर का है। ये सभी कलर मिलकर वाकई में बेहतरीन कॉन्बिनेशन बनाते हैं। व्हाईट कलर का फ्रेम और उसपर लगाए गए सिल्वर कलर के बटन फोन लुक को बढ़ाते हैं। मोबाइल प्रीमियम फील देता है। सफेद के अलावा नथिंग फोन 4ए Black, Pink और Blue कलर में भी लाया गया है।

Nothing Phone (4a) के राइट फ्रेम पर वॉल्यूम और पावर बटन दिया गया है। वहीं लेफ्ट फ्रेम पर Essential Key दी गई है। मुझे इस ‘एसेंशियल की’ की प्लेसमेंट कुछ ज्यादा ऊपर लगी। सिंगल हैंड फोन यूज़ के दौरान इस बटन तक पहुंचने में कुछ मुश्किल होती है। यह थोड़ी नीचे लगी होती तो अधिक बेहतर रहता। नथिंग फोन 4ए की डायमेंशन 163.9mm x 77.5mm x 8.5mm है और वजन 205 है। यह नथिंग फोन IP64 सर्टिफाइड है जो इसे डस्ट व वॉटर प्रोटेक्शन प्रदान करता है।

Glyph Bar की बात करें तो इसमें 63 LED लाइट्स लगाई गई है। इस सभी लाइट्स को कुल 7 बॉक्स में फिट किया गया है जो वर्टिकली प्लेस्ड हैं। सबसे नीचे वाले एलइडी बॉक्स में फंक्शनल रेड लाइट दी गई है जबकि ऊपर वालो में व्हाइट लाइट्स लगी है। यह रेड लाइट जहां कैमरा और वॉयस रिकॉर्डिंग के दौरान एक्टिव होती है वहीं अन्य लाइट्स नोटिफिकेशन, वॉल्यूम इंडिकेशन, टाइमर, रिंगटोन अलर्ट और साइलेंट मोड सहित Essential Space में चमकती हैं।

ये लाइट्स रिंगटोन के म्यूजिक के साथ सिंक होकर प्ले होती हैं और फ्लोइंग पैटर्न बनाती हैं। यूजर्स अपनी पसंद के हिसाब से इनकी ब्राइटनेस एडजस्ट कर सकते हैं। हमें Nothing Phone (4a) की ​ग्लिफ लाइट्स का रोल कुछ सीमित लगा, कुछ और एनिमेशन दिए जाते तो बेहतर रहता। Glyph Bar को देखकर कोई ‘wow’ फैक्टर तो दिमाग में नहीं आता है लेकिन अगर आप पहली बार ​नथिंग फोन खरीदने वाले हैं तो ये लाइट्स आपको भा सकती हैं।

डिस्प्ले

नथिंग फोन 4ए को 1224 x 2720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.78-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह flexible AMOLED पैनल पर बनी ​स्क्रीन है जिसपर 120Hz अडेप्टिव रिफ्रेश रेट, 2160Hz PWM डिमिंग, 440PPI और 4500nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। इस्तेमाल के दौरान हमें ​स्क्रॉलिंग इत्यादि में कोई रूकावट महसूस नहीं हुई वहीं फोन को धूप में चलाते वक्त भी स्क्रीन विजिबिलिटी से कोई शिकायत महसूस नहीं हुई। स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए इसपर Gorilla Glass 7i की लेयर चढ़ाई गई है।

फोन में 10-बिट कलर डेप्थ मिलती है और 1.07बिलियन कलर सपोर्ट दिया गया है। इसके चलते डिस्प्ले पर कंटेंट देखने में मजा बता है। वहीं 1,000,000:1 कॉन्ट्रास्ट रेश्यो के साथ वाइब्रेंट विजुअल्स मिलते हैं। स्क्रीन पर शार्प विजुअल्स और अच्छा कॉन्ट्रास्ट मिलता है जिससे वीडियो देखने का अनुभव अच्छा रहता है। यह मोबाइल इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर टेक्नोलॉजी से लैस है जो काफी फास्ट काम करता है।

परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस की बात करें तो नथिंग फोन 4एस को Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.7गीगाहर्ट्ज़ तक की हाई क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। डेली यूज़ में हमें फोन प्रोसेसर से कोई शिकायत नहीं हुई है। मोबाइल के बिना रूकावट सही काम किया है और लैग या हैंग जैसी समस्या भी सामने नहीं आई। फोन प्रोसेसर की क्षमता को परखने के लिए हमने Nothing Phone (4a) में कुछ बेंचमार्क टेस्ट भी रन किए जिनका स्कोर आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

पावरफुल प्रोसेसर के साथ ही कंपनी ने नथिंग फोन 4ए में ग्राफिक्स के लिए Adreno 810 लगाया है। यह मोबाइल LPDDR4x RAM पर लाया गया है जो स्मार्टफोन में फास्ट ऐप लॉन्चिंग से लेकर मल्टी टास्किंग को स्मूथ बनाने में मदद करती है। गौरतलब है कि इस फोन के बजट में दूसरे मोबाइल ब्रांड LPDDR5x RAM दे रहे हैं, ऐसे में Phone (4a) को कुछ पीछे कहा जाएगा। यूज के दौरान हालांकि कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन स्पेक्स के मामले में यहां सुधार की जरूरत है। कम से कम LPDDR5 भी दे दी जाती तो बेहतर होता।

बेंचमार्क टेस्ट बेंचमार्क स्कोर
AnTuTu 11,76,492
Geekbench Single-Core 1,276
Geekbench Multi-Core 3,364
PCMark Performance 11,275
Burn Out 69.5%

स्मार्टफोन की गेमिंग परफॉर्मेंस परखने के लिए हमारी टीम ने इसमें कुछ मोबाइल गेम भी खेले। गेमिंग के दौरान फोन का रिस्पांस कैसा रहा और कैसा गेम प्ले मिला, यह आप टेबल में देख सकते हैं।

गेमिंग टेस्ट COD:M BGMI
Graphics (अधिकतम) Very High Ultra HDR
FPS (अधिकतम) Ultra Ultra Extreme
FPS (औसत) 57.7 39.5
टेम्परेचर में बढ़ोतरी (30 मिनट) 10.5 डिग्री 8.4डिग्री
बैटरी ड्रॉप (30 मिनट) 9% 7%

कैमरा

सबसे पहले पहले कैमरा हार्डवेयर की बात करें तो Nothing Phone (4a) ट्रिपल कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन Samsung GN9 OIS सेंसर दिया गया है जो 3.5x optical zoom, 7x in-sensor zoom और 70x Ultra zoom की क्षमता वाले 50 मेगापिक्सल Periscope लेंस और 8 मेगाक्सिल Ultrawide एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है।

कंपनी ने इसमें टेट्रा-प्रिज्म स्टाइल पेरिस्कोप डिजाइन का इस्तेमाल किया है, जिससे फोन में लंबा जूम लेंस फिट किया जा सकता है। इस सिस्टम में कई इंटरनल लेंस और मिरर का इस्तेमाल होता है, जो लाइट को रिफ्लेक्ट कर सेंसर तक पहुंचाते हैं। वहीं पोर्ट्रेट के लिए इसमें 80mm, 48mm और 24mm फोकल लेंथ का ऑप्शन मिलता है। फोन में 70एक्स जूम सपोर्ट करने वाले टेलीफोटो कैमरा का मैक्रो कैमरा की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

Nothing Phone (4a) डेलाइट में नैचुरल फोटो कैप्चर करता है। इसमें बेहतर कलर बैलेंस और रियलिस्टिक टोन मिलती है। वहीं पोर्ट्रेट के मामले में फोन के टेट्रा-प्रिज्म टेलीफोटो लेंस के चलते बेहतर स्किन टोन प्राप्त होती है। यह मोबाइल एज डिटेक्शन को बखूबी कैप्चर करता है और अधिक प्रदान करता है। फोन यूजर्स को एक बात सबसे ज्यादा अच्छी लगेगी कि इस फोन के खींचा फोटो को ज़ूम करने के देखने पर भी डिटेल्स बनी रहती है। हालांकि यहां टेक्सचर थोड़ा सॉफ्ट लग सकता है और ज्यादा शैडो वाले हिस्सों में डेप्थ कुछ कम रह जाती है।

नथिंग फोन 4ए के अल्ट्रावाइड कैमरा से ​कैप्चर की गई फोटोज़ में कॉन्ट्रास्ट और सैचुरेशन को बढ़ाकर दिखाया जा रहा है। यह फोटो को अटरेक्टिव तो बना रहा है लेकिन कहीं न कहीं ये वास्तविक सीन से अलग हो जाती हैं, यानी नैचुरल नहीं रहती है।

सेल्फी के लिए Nothing Phone (4a) में 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह एफ/2.2 अपर्चर पर काम करने वाला Samsung KD1 सेंसर है। फोन के सेल्फी कैमरा का काम औसत है। इससे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती है। टेस्टिंग के दौरान इससे स्किन टोन को सही कैप्चर करने में चूक हो रही थी। वहीं खींची गई सेल्फी की डिटेल्स भी कुछ कम रही। हमें हर शॉट्स में कुछ येलो टोन भी महसूस हुई। वहीं कहीं कहीं यह फोटो को ओवरसैचुरेटेड भी कर रहा था।

बैटरी

पावर बैकअप के लिए नथिंग फोन (4ए) 5जी स्मार्टफोन को 5,400mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। इन दिनों बड़ी बैटरी वाले फोंस का ट्रेंड चल रहा है। 7,000mAh बैटरी और इससे भी ज्यादा पावर वाले फोन आ रहे हैं। ऐसे में Nothing Phone 4a की बैटरी कुछ छोटी लग सकती है।

91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका PCMark battery benchmark स्कोर 14 घंटे, 42 मिनट का आ चुका है। वहीं नॉर्मल इस्तेमाल में यह मोबाइल आराम से एक पूरा दिन निकाल देता है। टेस्टिंग के दौरान हमने डेली फोन का यूज तो नहीं किया लेकिन एक फुल चार्ज करने के बाद हर दिन तकरीबन आधा घंटा यह फोन चल और 6 दिन तक इसे दोबारा चार्ज करने की जरूरत नहीं ​पड़ी। नोट करने वाली यह भी है कि इन दौरान यह नथिंग फोन लगातार वाईफाई से कनेक्ट रहा था।

वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 50W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। हमारी टेस्टिंग के दौरान इसने डिवाइस को 20% से 100% फुल चार्ज करने में 71 मिनट का समय लिया। गौरतलब है कि कंपनी ने इस स्मार्टफोन के साथ चार्जर नहीं दिया है। इसके लिए कस्टमर्स को अलग से पैसा खर्च करना पड़ेगा। हॉं फोन बॉक्स में ग्राहकों को एक टाइप-सी टू टाइप-सी चार्जिंग केबल मिल जाएगी।

निष्कर्ष

Nothing Phone (4a) के साथ कंपनी ने अपने ‘अलग’ डिजाइन वाले कॉन्सेप्ट को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। इसका डिजाइन ही इसकी पहचान बनता है। ट्रांसपेरेंट डिजाइन और नया Glyph Bar इसे बाकी फोन्स से अलग बनाता है। हालांकि यह ग्लिफ़ बार जरूरी नहीं कि हर किसी को पसंद आए, जैसे कि मैं खुद। परंतु यह यूजर के टेस्ट पर डिपेंट करता है। डिजाइन को अच्छा या बुरा तो जज नहीं कर सकते लेकिन हॉं, यह बाकियों से डिफरेंट जरूर है।

नथिंग फोन 4ए की परफॉर्मेंस बजट के हिसाब से ही है। प्रोसेसिंग के दौरान हमें इससे कोई ज्यादा शिकायत नहीं मिली। वहीं फोन को कैमरा भी इसे आगे बढ़ाने का ही काम करता है। 30 हजार की रेंज में ऐसे ही कैमरा की उम्मीद रखी जाती है और उम्मीदों पर खरा उतरता है। लेकिन अगर आप सेल्फी के शौकिन लोगों में से एक हैं तो यहां कुछ अडजेस्ट करना पड़ेगा।

मोबाइल स्क्रीन बढिया है। फोन का साइज कुछ बड़ा है जो डिस्प्ले पर कंटेंट देखने के दौरान बेहतरीन एक्सपीरियंस देता है। स्मार्टफोन में लगे स्टीरियो स्पीकर्स भी वीडियोज के साथ अच्छा साउंड देते हैं। बैटरी बैकअप ऐवरेज है लेकिन चार्जर साथ न देना ब्रांड के लिए नेगेटिव प्वाइंट बन सकता है। यह फोन अपने यूनिक डिजाइन, परफॉर्मेंस और कैमरा की वजह से अलग पसंद किया जा सकता है। अगर आप कुछ हट के दिखने वाला फोन चाहते हैं तो Nothing Phone (4a) को चुन सकते हैं।