OPPO Reno 16 रिव्यू: प्रीमियम 3D डिजाइन और कैमरा आएगा पसंद, पर परफॉर्मेंस में सुधार की गुंजाइश

Join Us icon

ओपो ने भारतीय बाजार में अपना नया मोबाइल फोन OPPO Reno 16 लॉन्च किया है। ओपो के रेनो फोन हमेशा ही अपनी प्रीमियम लुक और कमाल के कैमरा के ​लिए पहचाने जाते हैं। नए रेनो 16 के साथ भी कंपनी ने अपनी इस पहचान को बरकरार रखने की को​​शिश की है। नया ओपो रेनो 16 5जी फोन 61,999 रुपये में लॉन्च हुआ है। 60 हजार की प्राइस रेंज में आए OPPO Reno 16 5G को खरीदने में फायदा है या नहीं, इसी सवाल का जवाब जानने के लिए हमने तकरीबन 2 सप्ताह इस स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया और इसके यूजर एक्सपीरियंस का परखा। अपने अनुभव को हमने ओपो रेनो 16 रिव्यू के तौर पर पेश किया है जिसे पढकर आप फोन की खूबी और खामी समझ सकेंगे।

डिजाइन

सबसे पहले डिजाइन की ही बात करें तो OPPO Reno 16 यहां सीरीज की लैगेसी को बरकरार रखने में कामयाब हुआ है। यह मोबाइल वाकई में काफी अटरेक्टिव है जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता है। इस स्मार्टफोन को 3D Pop Planet Design पर बनाया गया है जो हमें Starry White कलर मॉडल में मिला। इसके लिए कंपनी ने खास ऑप्टिकल टेक्नोलॉजी HoloVerse 3D का इस्तेमाल किया है। बता दें कि इस तकनीक में बैक पैनल ग्लास के नीचे कई माइक्रो-लेंस और मल्टी-लेयर ऑप्टिकल स्ट्रक्चर का उपयोग किया जाता है।

रियर पैनल पर रोशनी पड़ने पर ये माइक्रो-लेंस लाइट को अलग-अलग दिशा में रिफ्लेक्ट करते हैं। इसकी वजह से बैक पैनल पर बना पैटर्न फ्लैट नहीं दिखता बल्कि उसमें डेप्थ का अहसास होता है। अलग-अलग एंगल से छपा हुआ पैटर्न मूव करते हुए यानी बदलते हुए नजर आता है और देखने पर ऐसा लगता है, मानों बैक पैनल के अंदर एक 3D इमेज मौजूद हो। यह डिजाइन मुझे वाकई में काफी अनूठा लगा जो OPPO Reno 16 को काफी प्रीमियम और यूनिक लुक देता है।

वहीं अगर आप कुछ सिंपल और क्लासिक लुक चाहते हैं तो रेनो 16 को Stellar Purple और Twilight Violet कलर में भी खरीद सकते हैं। मोबाइल का रियर कैमरा मॉड्यूल साफ-सुथरे तरीके से डिजाइन किया गया है जो पैनल पर उपरी दाई ओर एक स्क्वायर शेप में फिट है। यह फोन की ओवरऑल लुक के साथ अच्छी तरह मेल खाता है। वहीं एक अच्छी बात यह भी है कि कैमरा सेटअप पैनल से ज्यादा उभरा हुआ भी नहीं है। फोन के कॉर्नर हल्के कर्व्ड हैं जो परफेक्ट ग्रिप बनाते हैं। वहीं साईड फ्रेम्स पर मौजूद बटंस की पोजिशनिंग भी सही है, पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर को आसानी से यूज़ किया जा सकता है।

ओपो रेनो 16 को Aerospace-grade Aluminum Frame पर बनाया गया है जो इसे मजबूती प्रदान करता है। इस फोन को IP69K रेटिंग के साथ लाया गया है जो ना सिर्फ मोबाइल को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन प्रदान करती है, बल्कि साथ ही इसे गर्म लिक्विड से भी सुरक्षित रखता है। मोबाइल को पानी के अंदर ले जाया जा सकता है। हालांकि यह कुछ मिनटों के लिए ही होगा, ज्यादा देर और ज्यादा गंदे या गहरे पानी में इसमें समस्या आ सकती है। लेकिन कुल मिलाकर यह स्टाइलिश, कॉम्पैक्ट और प्रीमियम होने के साथ ही ड्यूरेबिलिटी के मामले में भी सॉलिड है।

डिस्प्ले

OPPO Reno 16 को 2640 × 1216 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.32-इंच स्क्रीन पर लाया गया है। यह बेहद ही ज्यादा कॉम्पैक्ट है जो आसानी से हाथ में फिट होती है और इसे वन-हैंड यूज़ किया जा सकता है। स्क्रीन के चारों ओर बेहद ही नैनो बेजल्स दिए गए हैं जो इसे इमर्सिव एक्सपीरियंस प्रदान करते हैं। वहीं कर्व ऐज के कारण इसे आसानी से ऑपरेट किया जा सकता है। अगर आप उन लोगों में से हैं जो हैवी और बड़ी स्क्रीन वाला फोन चलाना अवॉयड करते हैं, तो ओपो रेनो 16 आपको काफी ज्यादा पसंद आ सकता है।

इस फोन में FHD+ रेजोल्यूशन वाले AMOLED पैनल पर इस्तेमाल किया गया है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और 3600nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया गया है। एमोलेड पैनल के चलते स्क्रीन पर कलर्स चमकदार और कॉन्ट्रास्ट दिखाई देते हैं। वहीं हाई रिफ्रेश रेट के चलते फोन में स्क्रॉलिंग, ऐप स्विचिंग और एनिमेशन काफी स्मूद रहते हैं और लैस जैसी समस्या महसूस नहीं होती है। इसी तरह स्क्रीन पीक ब्राइटनेस इसे अच्छी विजिबिलिटी प्रदान करती है और धूप में भी आसानी से टेक्स्ट पढ़े जा सकते हैं और चैटिंग की जा सकती है।

ओपो रेनो 16 की डिस्प्ले क्वालिटी ने काफी अच्छा काम किया है। स्क्रीन पर ब्लैक कलर जहां गहरा नजर आता है वहीं अन्य कलर्स वायब्रेंट और नेचुरल दिखाई देते हैं। अच्छी बात यह है कि यूज़ के दौरान स्क्रीन ओवर सैचुरेटेड नहीं लगती है। इसमें वीडियोज़ देखने का अनुभव शानदार रहा। हमें Netflix और YouTube ऐप पर कंटेंट देखा और ​डिस्प्ले ने वाकई निराश नहीं किया। यूज़ करने के दौरान महसूस ही नहीं हुआ कि स्क्रीन का साइज इतना छोटा है। Reno 16 का ​स्क्रीन व्यूइंग एक्सपीरियंस आपको भी पसंद आएगा।

कैमरा

कैमरा हार्डवेयर का जिक्र पहले करें तो ओपो रेनो 16 में कुल चार कैमरा लगे हैं और चारों ही 50 मेगापिक्सल के हैं। फोन के फ्रंट पैनल पर 50 मेगापिक्सल का सेल्फी सेंसर दिया गया है जो एफ/2.0 अपर्चर पर काम करता है। यह 100 डिग्री फिल्ड ऑफ व्यू वाला लेंस है जो ग्रुप सेल्फी के लिए काफी मददगार माना जाता है।

फोन के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन Sony LYT600 सेंसर दिया गया है जो 50 मेगापिक्सल 3.5x Telephoto लेंस और 116 डिग्री FOV वाले 50 मेगापिक्सल Ultra-wide एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। ताकतवर कैमरा हार्डवेयर के साथ ही कंपनी ने इस मोबाइल में AI फीचर्स और कैमरा सॉफ्टवेयर पर भी काफी काम किया है जो बेहतरीन फोटोग्राफी देने की कोशिश करता है।

एक नॉर्मल डेलाइट फोटोग्राफी में ही ओपो रेनो 16 अपना कमाल दिखा देता है। तस्वीरों में डिटेल्स तो अच्छी मिलती ही है वहीं सबसे बड़ी बात की यह फोन कलर्स की नैचुरल ट्यूनिंग भी बनाए रखता है। इस बजट के कुछ फोन फोटोज़ को सोशल मीडिया रेडी बनाने के लिए कलर्स को कुछ हद तक ओवर सैचुरेट कर देते हैं लेकिन Reno 16 में हमें ऐसा नहीं दिखा। हालांकि हो सकता है कि कुछ लोगों को फोटोज़ ‘फीकी’ लगे, लेकिन यह फोन कलर्स को रियल रखता है जो निजी तौर पर मुझे काफी पसंद आया।

फोटो को ज्यादा अटरेक्टिव दिखाने के लिए यह फोन ‘नकलीपन’ नहीं दिखाता है। नॉर्मल फ्रेम से वाइड एंगल पर शिफ्ट करने भी कलर टोन बिगड़ती नहीं है। HDR बढिया तरीके से काम करता है और फोन कैमरा हाइलाइट्स और शैडो के बीच बैलेंस बनाए रखता है। कुल मिलाकर कलर कंसिस्टेंसी और नैचुरल आउटपुट के मामले में ओपो रेनो 16 बहुत से फोन फोटोग्राफी करने वाले लोगों को अपना दिवाना बना सकता है।

पोर्ट्रेट फोटोग्राफी में स्किन टोन काफी नैचुरल रहती है और फोन बारीक डिटेल्स को भी अच्छे से कैप्चर करता है। सब्जेक्ट, फोरग्राउंड और बैकग्राउंड का अंतर बखूबी समझते हुए यह काफी सटीक ऐज डिटेक्शन करता है। वहीं सेल्फी के मामले में भी ओपो रेनो 16 अपनी ताकत दिखाता है। बैलेंस्ड स्किन टोन और स्मूद डिटेलिंग के साथ यह नैचुरल फोटोज़ क्लिक करता है। वहीं ग्रुप सेल्फी के लिए भी यह वाइड फ्रेम मुहैया कराता है।

नाइट फोटोग्राफी में भी ओपो रेनो 16 की कैमरा परफॉर्मेंस हमें शानदार लगी। यह मोबाइल कम रोशनी में भी नॉइज को काफी सही तरीके से कंट्रोल करता है। नाइट मोड ऑन करने पर फोटोज़ में डिटेल और शार्पनेस दोनों बेहतर हो जाती हैं। सबसे अच्छी बात यह लगी कि रात में भी यह मोबाइल कलर्स को जरूरत से ज्यादा चमकदार बनाने की बेकार कोशिश नहीं करता, बल्कि उन्हें रियल ही बनाए रखता है।

ओपो रेनो 16 अपने कैमरा के दमपर महफिल लूट सकता है। पाठकों को बताते चलें कि इस फोन में OPPO AI फीचर्स की भी लंबी लिस्ट है जिनमें AI Remix Collage, AI Portrait Glow, AI Motion Photo Slow-Mo, AI Eraser, Popout 2.0 और Pop Cam जैसे मोड्स भी शामिल है। वहीं ढ़ेरों फिल्टर्स के साथ यह ओपो मोबाइल फोटोग्राफी के मामले में खुद को बेस्ट मनवाने की कोई कसर नहीं छोड़ता है।

परफॉर्मेंस

OPPO Reno 16 5G को Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट पर लाया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.7गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस ओपो मोबाइल में Adreno 722 जीपीयू दिया गया है। फोन की रियल लाइफ परफॉर्मेंस परखने से पहले हमने इसमें कुछ बेंचमार्क टेस्ट रन किए, जिनका रिजल्ट आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

टेस्टस्कोर
एनटूटू14,57,989
गीकबेंच सिंगल-कोर1,283
गीकबेंच मल्टी-कोर4,114
पीसीमार्क परफॉर्मेंस11,387
बर्नआउट61.1%
सीपीयू थ्रॉटल (15 मिनट)37%

फैक्ट्स पर बात करें तो 60 हजार के फोन वाली परफॉर्मेंस हमें ओपो रेनो 16 में नहीं मिली। फोन के बेंचमार्क स्कोर बहुत ज्यादा अच्छे नहीं आए हैं और इसी प्राइस रेंज के कुछ अन्य मोबाइल इस OPPO 5G फोन से ज्यादा पावरफुल प्रोसेसर सपोर्ट करते हैं। हालांकि रेनो 16 की असली ताकत सिर्फ बेंचमार्क स्कोर नहीं बल्कि इसका ऑप्टिमाइजेशन है। इस मोबाइल में LPDDR5X RAM भी लगी है जो प्रोसेसर के साथ मिलकर रोजमर्रा के इस्तेमाल में फोन को स्मूद और रिस्पॉन्सिव महसूस कराती है।

इस मोबाइल में कंपनी ने AI HyperBoost 3.0 तकनीक भी दी है जो गेमिंग परफॉर्मेंस को बढ़ाने के साथ ही सिस्टम को स्मूद बनाए रखने की कोशिश करती है। यह तकनीक फोन CPU, GPU और सिस्टम रिसोर्सेज को रियल-टाइम में मैनेज करती है और परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी को बैलेंस रखती है। इसका मुख्य फायदा मोबाइल गेमिंग के दौरान दिखता है जो लंबे गेम सेशन में फ्रेम रेट को स्टेबल रखने की कोशिश करती है जिससे लैग या फ्रेम ड्रॉप नही होता है। इस फोन में हमने COD और BGMI खेला जिसका ब्यौरा आगे लिखा है।

गेमिंग टेस्टCOD: MobileBGMI
ग्राफिक्स मैक्सिमम (30 मिनट)Very HighUltra HDR
एफपीएस मैक्सिमम (10 मिनट)UltraExtreme
टेम्परेचर हाइक (40 मिनट)4.9 डिग्री5.9 डिग्री
बैटरी ड्रॉप (40 मिनट)8%7%

ओपो रेनो 16 का गेमिंग एक्सपीरियंस ऐवरेज रहा। एआई हायपरबूस्ट 3.0 ने मदद तो की लेकिन यह प्रोसेसर, हार्डवेयर की क्षमता को बढ़ा नहीं सकता है। लिहाजा हम यही कहेंगे कि Reno 16 स्मार्टफोन हार्डकोर गेमिंग के लिए नहीं बना है। हैवी परफॉर्मेंस प्रेशर में यह मोबाइल ढ़ीला पड़ सकता है। फोन में किसी फ्लैगशिप चिपसेट की कमी खलती है। डेली टॉस्क, सोशल मीडिया और स्ट्रीमिंग जैसी चीजे बिल्कुल स्मूथ चलती है लेकिन बहुत भारी वर्कलोड पर स्नेपड्रैगन 7 जेन 4 की सीमाएं आड़े आती हैं।

बैटरी

OPPO Reno 16 5G फोन में पावर बैकअप के लिए तगड़ी 6700mAh battery दी गई है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका PCMark Battery बेंचमार्क स्कोर 23 घंटे, 48 मिनट का रहा है। यह वाकई में बेहद ज्यादा है। इसी टेस्टिंग में 9020mAh बैटरी वाले vivo T5 Pro का स्कोर 18Hr 39Min और 10001mAh वाले realme P4 Power का टेस्ट स्कोर 21H 8Min आया था।

इस रेनो फोन को एक बार फुल चार्ज करने के बाद आपको बार-बार चार्जर ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमने सुबह की ​मीटिंग के वक्त इसे 100 प्रतिशत चार्ज किया ​था और अगले दिन घर पहुंचने तक इसकी बैटरी चलती रही। इस दौरान व्हाट्सऐप चैटिंग और कॉ​लिंग के साथ ही इंस्टाग्राम स्क्रालिंग इत्यादि होती रही। यानी कहा जा सकता है कि ओपो रेनो 16 पावर बैकअप के मामले में लंबा साथ निभा सकता है।

वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 80W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। बड़ी बैटरी होने के बावजूद इस टेक्नोलॉजी ने फोन चार्ज होने में ज्यादा समय नहीं लिया। हमारी टेस्टिंग के दौरान इसने 62 मिनट में ही मोबाइल को 20% से 100% फुल चार्ज कर दिया था। यानी सुबह तैयार होते वक्त फोन चार्ज पर लगाओगे तो घर से निकलते वक्त तक पूरे दिन का बैकअप देने लायक चार्ज हो जाएगा।

बड़ी बैटरी के साथ ही ओपो ने इसे सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर के ऑप्टिमाइजेशन के जरिये लंबा चलने लायक बनाया है। Reno 16 की बैटरी भी इसकी प्रमुख खूबियों में से एक बनने का दम रखती है। अगर आप दिनभर सोशल मीडिया पर लगे रहते हैं, तो भी यह एक पूरा दिन आराम से निकाल सकती है। वहीं बीच-बीच में गेमिंग भी करोगे, तो भी रात को घर पहुंचने तक यह आपका साथ नहीं छोड़ेगी। पावर सेविंग मोड को हमने 13% पर ऑन किया था जो हल्की चैटिंग के साथ तकरीबन 4 घंटे का स्टेंडबॉय दे गया।

निष्कर्ष

अगर कोई व्यक्ति OPPO Reno series का फोन खरीदना चाहता है, तो उसका प्राइमरी मकसद होता है इसका कैमरा। नया रेनो 16 इस मकसद को पूरा करेगा। स्मार्टफोन का कैमरा एक्सपीरियंस कमाल है जो यूजर्स के फोटोग्राफी हुनर को और भी निखार सकता है। हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों मिलकर शानदार फोटो व वीडियो रिजल्ट देते हैं। वहीं हमें मोबाइल का डिजाइन इसकी दूसरी सबसे बड़ी खूबी लगी। लुक के मामले में यह मोबाइल कई प्रतिद्वंदियों को धूल चटाने की क्षमता रखता है। रेनो 16 का 3D डिजाइन इसे भीड़ में अलग दिखाता है। वहीं कॉम्पैक्ट साइज भी इसे प्राइम फैक्टर्स में से एक है।

oppo-reno16-5g-launched-in-india-price-specifications-features

ओपो रेनो 16 की डिस्प्ले ब्राइट और वायब्रेंट होने के साथ ही शानदार एक्सपीरियंस देने की क्षमता रखती है। बेजल लेस स्क्रीन बेहद ही इमर्सिव व्यूइंग प्रदान करती है। पावर बैकअप के लिए मामले में भी OPPO Reno 16 ने खुद को प्रूव कर दिखाया गया है। इस मोबाइल के लंबे भरोसेमंद बैकअप की उम्मीद की जा सकती है। वहीं ग्राहकों को जानकर खुशी होगी कि फोन के साथ बॉक्स में फास्ट चार्जर भी मिलेगा।

वहीं गेमिंग परफॉर्मेंस की बात करें तो यहां रेनो 16 की क्षमता कम आंकी गई है। पूरा दिन लंबे गेमिंग सेशन करने वाले लोगों को इससे निराशा हो सकती है। लेकिन जैसा कि हमने पहले ही कहा ओपो रेनो 16 की टारगेट ऑडियंस काफी क्लियर है। अगर कहा जाए कि यह मोबाइल गेमर्स नहीं बल्कि क्रिएटिव व फोटोग्राफी के शौकिन लोगों के लिए है, तो शायद गलत नहीं होगा। हॉं, प्राइस हमें कुछ ज्यादा लगा। अगर 55 हजार से कम में ओपो रेनो 16 मिल जाए तो इसे खरीदने में कोई बुराई नहीं।

अगर आपकी प्राथमिकता कैमरा, डिजाइन और कॉम्पैक्ट फॉर्म फैक्टर है तो OPPO का नया फोन Reno 16 आपको निराश नहीं करेगा। लेकिन अगर आप इसी बजट में बेहतर गेमिंग और दमदार परफॉर्मेंस वाले फोन चाहते हैं तो 60 हजार की रेंज में कई पावरफुल प्रोसेसिंग वाले मोबाइल बाजार में मौजूद हैं जो आपकी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here