
इंडियन स्मार्टफोन मार्केट के लिए ये बीते दिन काफी रोचक रहे हैं। Realme 8 सीरीज़, OnePlus 9 सीरीज़ और Vivo X60 सीरीज़ ने भारतीय बाजार में एंट्री ली है और पिछले 3 दिन में 8 नए स्मार्टफोन इंडिया में लॉन्च हुए हैं। वनप्लस और वीवो ने फ्लैगशिप सेग्मेंट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और हाईएंड स्पेसिफिकेशन्स से लैस महंगे मोबाइल फोन लॉन्च किए हैं। वनप्लस 9 सीरीज़ में सबसे बड़ा और महंगा फोन OnePlus 9 Pro है जिसकी कीमत 69,999 रुपये है। वहीं Vivo X60 Pro Plus स्मार्टफोन वीवो एक्स60 सीरीज़ का सबसे बड़ा मॉडल है जिसकी कीमत 69,990 रुपये है। ये दोनों मोबाइल फोन ताकतवर स्पेसिफिकेशन्स से लैस हैं जो एक दूसरे को टक्कर देते हैं। आगे हमने इन दोनों फोन की स्पेसिफिकेशन्स का कंपेरिज़न किया है और जानने की कोशिश की है कि 69,999 रुपये वाला OnePlus 9 Pro बेहतर है या फिर 69,990 रुपये वाला Vivo X60 Pro Plus
डिजाईन
Vivo X60 Pro+ को कंपनी की ओर से पंच-होल डिसप्ले डिजाईन पर लॉन्च किया गया है। फ्रंट पैनल पर स्क्रीन के तीन किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर बेहद मामूली सा चिन पार्ट दिया गया है। स्क्रीन के उपरी ओर ठीक बीच में सेल्फी कैमरे से लैस होल मौजूद है। फोन की डिसप्ले SCHOTT Xensation® Up से प्रोटेक्टेड है तथा बैक पैनल के लिए Vegan leather मैटेरियल का इस्तेमाल किया है। इस फोन का डायमेंशन 158.59×73.35×9.10एमएम और वज़न 191ग्राम है। यह फोन एक ही कलर Emperor Blue में लॉन्च हुआ है।
OnePlus 9 Pro ने भी पंच-होल डिसप्ले पर एंट्री ली है जिसमें होल स्क्रीन के उपरी बाएं कोने पर मौजूद है। यह फोन भी 3डी कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास से प्रोटेक्टेड है तथा कंपनी ने वनप्लस 9 प्रो को आईपी68 की ड्यूरेबिलिटी के साथ लॉन्च किया है। यह फोन स्टेनलेस स्टील फ्रेम पर बना है जिसकी मोटाई महज़ 2एमएम है, 3.5एमएम ऑडियो जैक से भी पतला। वनप्लस 9 प्रो का डायमेंशन 163.2*73.6*8.7एमएम और वज़न 197ग्राम है तथा इस फोन ने Morning Mist, Forest Green और Stellar Black कलर में मार्केट में एंट्री ली है।
कौन आगे कौन पीछे — अधिक कलर ऑप्शन न होने के Vivo X60 Pro+ स्मार्टफोन पीछे रह जाता है परंतु इस फोन का वज़न और साईज़ OnePlus 9 Pro से हल्का और अधिक कॉम्पेक्ट है।
डिसप्ले
वनप्लस 9 प्रो 20.1:9 आस्पेक्ट रेशियो पर बना है जो 1440 x 3216 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.7 इंच की क्वॉडएचडी+ Fluid Display 2.0 सपोर्ट करता है। फोन की स्क्रीन स्मार्ट 120हर्ट्ज़ तकनीक से लैस है जो हायपर टच टेक्नोलॉजी के जरिये 360हर्ट्ज़ तक की सिंक स्पीड प्रदान करने की क्षमता रखती है। वनप्लस ने इस फोन में low-temperature polycrystalline oxide यानि LTPO तकनीक का यूज़ किया है जिसके चलते बैटरी की खपत 50 प्रतिशत तक कम हो जाती है। इसके साथ ही यह स्मार्टफोन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, 1300निट्स ब्राइटनेस, 525पीपीआई, 10बिट कलर डेफ्थ, एचडीआर10+, एमईएमसी और डिसप्ले पी3 जैसे फीचर्स से लैस है।
वीवो एक्स60 प्रो प्लस को कंपनी की ओर से 2376 X 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.56 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह स्क्रीन एमोलेड पैनल पर बनी है जो इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करती है। 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करने वाली यह डिसप्ले 240हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट, 398पीपीआई और 6000000:1 कॉन्ट्रास्ट रेशियो जैसे फीचर्स से लैस है। वहीं फोन का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 92.7 प्रतिशत का है।
कौन आगे कौन पीछे — स्क्रीन साईज से लेकर डिसप्ले टेक्नोलॉजी तक, इन सभी प्वाइंट्स में OnePlus ने अपने फोन को खूब सजाया है जिससे वह Vivo X60 Pro+ को पीछे छोड़कर आगे निकलता है।
प्रोसेसिंग
Vivo X60 Pro Plus को लेटेस्ट एंडरॉयड ओएस एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया गया है जो फनटच ओएस 11.1 के साथ काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टा-कोर (एक 2.842गीगाहर्ट्ज़ + तीन 2.419गीगाहर्ट्ज़ + चार 1.805गीगाहर्ट्ज ) प्रोसेसेर के साथ 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन पर बना क्वॉलकॉम का पावरफुल स्नैपड्रैगन 888 चिपसेट दिया गया है। फोन में 5G मॉडम मौजूद है। वहीं, साथ ही ग्राफिक्स के लिए यह फोन एड्रेनो 660 जीपीयू सपोर्ट करता है।
OnePlus 9 Pro भी एंडरॉयड 11 के साथ ऑक्सिजन ओएस 11 पर रन करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए फोन में ऑक्टा-कोर (एक 2.84 GHz Cortex-X1 core + तीन 2.42 GHz Cortex-A78 CPU cores + चार Cortex-A55 cores) प्रोसेसर दिया गया है जिसके साथ X60 5G मॉडम से लैस 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन पर बना क्वॉलकॉम का पावरफुल स्नैपड्रैगन 888 चिपसेट ही मौजूद है। यह चिपसेट सीपीयू परफॉर्मेंस को 25 प्रतिशत तथा जीपीयू परफॉर्मेंस को 35 प्रतिशत तक बूस्ट करता है।
कौन आगे कौन पीछे — प्रोसेसिंग में Vivo X60 Pro Plus और OnePlus 9 Pro की सीधी टक्कर है, यहां जो चीज इन्हें अलग बनाएगी, वह है इनका OS यानि ऑपरेटिंग सिस्टम।
रैम व स्टोरेज
OnePlus 9 Pro ने दो वेरिएंट्स में एंट्री ली है। फोन का बेस वेरिएंट 8 जीबी रैम मैमोरी सपोर्ट करता है जिसके साथ 128 जीबी की इंटरनल स्टोरज दी गई है। वहीं दूसरे वेरिएंट में 12 जीबी की पावरफुल रैम मैमोरी के साथ 256 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। वनप्लस 9 प्रो स्मार्टफोन LPDDR5 RAM और UFS 3.1 storage टेक्नोलॉजी सपोर्ट करता है।
Vivo X60 Pro Plus को इंडिया में एक ही वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। फोन का यह वेरिएंट 12 जीबी की पावरफुल रैम मैमोरी सपोर्ट करता है जो LPDDR4X तकनीक के साथ काम करती है। वहीं वीवो का यह पावरफुल स्मार्टफोन 256 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है जो UFS 3.1 स्टोरेज तकनीक से लैस है।
कौन आगे कौन पीछे — दो रैम व स्टोरेज वेरिएंट उपभोक्ताओं को चुनने का एक अतिरिक्त मौका प्रदान करते हैं और OnePlus 9 Pro को Vivo X60 Pro+ से बेहतर ऑप्शन बनाते हैं।
कैमरा
वीवो एक्स60 प्रो प्लस क्वॉड रियर कैमरे के साथ लॉन्च हुआ है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.57 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का GN1 सेंसर दिया गया है जो vivo OIS तकनीक के साथ काम करता है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का Sony IMX598 सेकेंडरी सेंसर सपोर्ट करता है जो गिंबल स्टेबलाइज़ेशन तकनीक से लैस है। Vivo X60 Pro+ के रियर पैनल पर एफ/2.08 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और एफ/3.4 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का सुपर मैक्रो लेंस दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन एफ/2.45 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
वनप्लस 9 प्रो को भी कंपनी की ओर से क्वॉड रियर कैमरा पर लॉन्च किया गया है। फोन के बैक पैनल पर डुअल एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सोनी आईएमएक्स789 सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स766 अल्ट्रावाइड एंगल लेंस, एफ/2.4 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम लेंस सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में एफ/2.4 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का फ्रंट सोनी आईएमएक्स471 सेंसर दिया गया है।
कौन आगे कौन पीछे — यहां साफ तौर पर Vivo X60 Pro+ फोन OnePlus 9 Pro से आगे दिखाई देता है।
बैटरी
OnePlus 9 Pro को पावर बैकअप के लिए 4,500एमएएच की बड़ी बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा है। यह स्मार्टफोन Warp Charge 65T फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ लॉन्च हुआ है जिसे लेकर कंपनी का दावा है कि सिर्फ 29 मिनट में ही फोन को 1 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। वहीं दूसरी ओर वनप्लस 9 प्रो Warp Charge 50 Wireless चार्जिंग टेक्नोलॉजी से भी लैस है, और इस तकनीक में फोन को किसी भी एंगल से वायरलेस तरीके से चार्ज किया जा सकता है।
Vivo X60 Pro Plus स्मार्टफोन को पावरफुल बैटरी के साथ ही दमदार बैटरी से भी लैस किया गया है। कंपनी ने अपने फोन को 4,200एमएएच बैटरी के साथ बाजार में उतारा है। बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 55वॉट फ्लैशचार्ज टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है जो कुछ ही मिनटों में फोन की बैटरी 100 प्रतिशत तक चार्ज करने की क्षमता रखती है।
कौन आगे कौन पीछे — बैटरी पावर और चार्जिंग टेक्नोलॉजी के मामले में OnePlus 9 Pro वीवो के X60 Pro Plus पर भारी पड़ता है।
प्राइस
OnePlus 9 Pro के 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 64,999 रुपये की कीमत पर तथा 12 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 69,999 रुपये की कीमत पर भारतीय बाजार में उतारा गया है। वहीं Vivo X60 Pro+ को इंडिया में 69,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है।




















