OnePlus Nord Buds 3r रिव्यू: बजट के बेस्ट ईयरबड्स में शामिल होने की क्षमता

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/10/OnePlus-Nord-Buds-3r-1.jpg

सस्ते ईयरबड्स खरीदने की योजना बना रहे हैं तो OnePlus ने हाल ही में Nord Buds 3r इंडिया में लॉन्च किए हैं। ये 2 हजार से कम के ईयरबड्स हैं जिनकी कीमत 1799 रुपये है। फिलहाल सेल में तो इसे सिर्फ 1,599 रुपये में खरीदा जा सकता है। वनप्लस कंपनी के ईयरबड्स कैसे हैं और इनका यूजर्स एक्सपीरियंस कैसा रहा, यह सारा ब्यौरा हमने आगे रिव्यू के तौर पर पेश किया है। इसे पढ़कर आप जान सकते हैं कि ये सस्ते ईयरबड्स खरीदने में फायदा है या नहीं।

डिजाइन

वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर स्क्वायर बॉक्स शेप में लाया गया है। यह पहले वाले Nord Buds 3 की ओवल शेप से बिल्कुल अलग है। पहली बार हाथ में पकड़ने पर हमें यह कुछ हल्की क्वालिटी वाला लगा। कंपनी ने इसे Ash Black और Aura Blue कलर में लॉन्च किया है, हमने ब्लू कलर यूज किया। यह मैट फिनिश वाला है जो देखने में थोड़ी फेडेड लुक देता है, केस कॉम्पैक्ट नहीं है और बिल्ड क्वालिटी भी बहुत प्रीमियम महसूस नहीं होती। वनप्लस ने इसमें प्लास्टिक का इस्तेमाल किया है और बड्स केस की फील कुछ ऐसी है कि इसे देखकर लगता है, अगर जमीन पर गिरा तो केस आसानी से टूट जाएगा। एक असल वाकया बताऊं तो ब्लू कलर वाले OnePlus Nord Buds 3r को देखकर एक बच्चे ने इसे ‘साबुन’ तक कह डाला। यानी ब्लैक कलर को प्राथमिकता दिया जाना ज्यादा बेहतर हो सकता है।

वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर केस के फ्रंट पर एलइडी फ्लैश और OnePlus ब्रांडिंग दी गई है। लोअर हिस्से पर यूएसबी टाइप सी पोर्ट मौजूद है। फ्लैट ऐज और स्लैंटेड कॉर्नर के चलते इस पर बेहतरीन ग्रिप मिलती है। वहीं मैट फिनिश का फायदा यह है कि केस पर उंगलियों के निशान भी नहीं पड़ते हैं। ईयरबड्स केस पर कंपनी ने कोई पेयरिंग बटन भी नहीं लगाया है। कुल मिलाकर OnePlus Buds 3r का डिजाइन काफी सिंपल है। वनप्लस ने इसे IP55 सर्टिफाइड बनाया है जो हल्की फुल्की पानी के छींटों या पसीने से सुरक्षित रहता है।

ईयरबड स्टेम ज्यादा लंबा नहीं है जो कानों तक ही सीमित रहता है। फिटिंग अच्छी है और ये आसानी से नहीं गिरेंगे। अलग अलग ईयर शेप्स के लिए बॉक्स में एक्स्ट्रा सिलिकॉन ईयर टिप्स दिए गए हैं जो यूजर्स अपनी सहूलियत के हिसाब से चुन सकते हैं। स्टेम पर ऊपर की टच सेंसर लगा है जिसे बिना परेशानी के यूज़ किया जा सकता है। माइक की प्लेसमेंट स्टेम पर अंदर की ओर रखी गई है जो बाहरी शोर को कम कैच करती है।

कनेक्टिविटी

टेक्निकल स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर में Bluetooth 5.4 दी गई है जो 47ms अल्ट्रा-लो लेटेंसी सपोर्ट करता है। कंपनी इसमें 10 मीटर तक की रेंज कवर करने का दावा करती है। साथ ही इस सस्ते वनप्लस ईयरबड्स में Google Fast Pair और डुअल-डिवाइस कनेक्शन जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं। जैसा कि हमने पहले ही बताया ईयरबड्स केस पर कोई फिजिकल पेयरिंग बटन या टच सेंसर नहीं दिया गया है। ऐसे में किसी नए डिवाइस से कनेक्ट करने के लिए Nord Buds 3r को अन्य डिवाइसेज से डिस्कनेक्ट करके इसके केस का कवर 15 सेकेंड तक खुला छोड़ना होगा।

हमने OnePlus Nord Buds 3R को अपने आईफोन और मैकबुक दोनों से कनेक्ट किया था और दोनों ही डिवाइस के बीच बेहद स्मूथ तरीके से कनेक्शन स्वीच हो रहा था। वहीं ब्लूटूथ रेंज की बात करें तो यह पूरे घर में सही तरीके से कनेक्ट रहती है। कनेक्टिविटी के मामले में हमें नोर्ड बड्स 3आर में कोई समस्या नहीं आई और न ही इसकी रेंज कम लगी। यानी यह डिवाइस आसान और मजबूत कनेक्टिविटी एक्सपीरियंस दे सकता है।

साउंड

वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर के म्यूजिक व साउंड एक्सपीरियंस की बात करें तो प्राइस रेंज के हिसाब से ये बहुत ज्यादा दमदार तो नहीं लेकिन ऐवरेज से कुछ बेहतर क्वालिटी ही प्रदान करते हैं। कंपनी का कहना है कि OnePlus HeyMelody ऐप के साथ ये बेस्ट परफॉर्म करते हैं और इस ऐप में EQ (इक्वलाइज़र) को भी यूजर्स अपने हिसाब से सेट कर सकते हैं। लेकिन हमने Nord Buds 3R को बिना ऐप के ही इस्तेमाल किया और इस दौरान साउंड एक्सपीरियंस कैसा रहा, यह आप आगे पढ़ सकते हैं।

OnePlus Nord Buds 3R में 12.4mm ड्राइवर्स दिए गए हैं और इसमें AAC और SBC कोडेक्स का सपोर्ट भी है। फुल वॉल्यूम करने के बाद भी आवाज फटती नहीं है और न ही ऐसा महसूस होता है कि जबरदस्ती का शोर मचाया जा रहा है। यानी साउंड बैलेस्ड आता है और वोकल्स साफ सुथरी फील देते हैं। वहीं दूसरी ओर अगर आप उन लोगों में से एक हैं जो तेज धमक यानी हाई बेस म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं, तो यहां आपको कुछ निराशा हो सकता है।

वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर स्ट्रांग बेस नहीं दे पाते हैं। हमने यूट्यूबर पर ‘हाई बेस म्यूजिक’ सर्च करके प्ले किया, तब भी इसका क्वालिटी बहुत ज्यादा अच्छी नहीं आई। बेस औसत है और इसके साथ ही अन्य इंस्ट्रूमेंट्स की आवाज भी ऐवरेज ही आती है। अगर आप म्यूजिक लवर हैं और रोजाना ईयरबड्स में गाना सुनना पसंद करते हैं तो Nord Buds 3R में म्यूजिक सुनने का अनुभव औसत दर्जे का ही मिलेगा।

फिल्म देखने या गेम खेलने के दौरान और कॉल पर बात करते वक्त ये OnePlus Nord Buds 3R सही काम कर लेते हैं। कंपनी ने इस ईयरबड में Active Noise Cancellation (ANC) फीचर नहीं दिया है। लेकिन बजट के देखते हुए इसकी उम्मीद करना भी बेमानी होगा। कुल मिलाकर साउंड एक्सपीरियंस बहुत ज्यादा अच्छा तो नहीं है, लेकिन इसे खराब भी नहीं कहा जाएगा। डेली और कैजुअल यूज़ के लिए ये ठीक ही साबित होंगे।

बैटरी

अगर आप उन लोगों में से हैं जो बार-बार इयरबड्स को चार्ज करना झंझटभरा समझते हैं, तो OnePlus Nord Buds 3r आपको ‘झंझट-फ्री’ कर देगी। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद यह 54 घंटे तक का बैकअप दे सकता है। हमने इसे किसी डिवाइस से लगातार कनेक्ट तो नहीं रखा लेकिन, हर दिन 5-6 घंटे यूज़ करते हुए एक सप्ताह आराम से निकाल लिया। लैपटॉप और मोबाइल दोनों में इसका इस्तेमाल किया और वाकई में बैटरी लंबी चली। ईयरबड्स केस में यूएसबी टाइप सी पोर्ट लगाया गया है जिसके चलते किसी भी मोबाइल के चार्जर व केबल से इसे चार्ज किया जा सकता है।  

निष्कर्ष

OnePlus Nord Buds 3r में यूजर्स को लंबा बैटरी बैकअप मिलेगा जो हमे इसकी सबसे बड़ी खूबी लगी। वहीं कनेक्टिविटी के मामले में भी ये वाले ईयरबड्स बेहतरीन रिजल्ट देते हैं। आसानी से पेयर होते हैं और तेजी से कनेक्ट होते हैं। साउंड क्वालिटी ऐवरेज है लेकिन कीमत को देखते हुए इसे बुरा नहीं कहा जाएगा। हॉं, डिजाइन में अटरेक्शन की कमी है लेकिन इससे समझौता किया जा सकता है। कुल मिलाकर 1,799 रुपये में लॉन्च हुए वनप्लस नोर्ड बड्स 3आर को इस बजट के बेस्ट ईयरबड्स में शामिल सकते हैं। वेब सीरीज या फिल्म देखने और गेम खेलने के साथ ही कॉलिंग में ये बढिया काम करेंगे।