120Hz को पीछे छोड़ OnePlus लाने जा रहा 165Hz डिस्प्ले, जानें बड़ी बातें

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/08/oneplusace5series.jpg

OnePlus को लेकर खबर आ रही है कि कंपनी अब 165Hz डिस्प्ले का टेस्ट कर रही है। यह कंपनी के लिए पहला मौका होगा, जब वह 120Hz से आगे बढ़ेगी। चूंकि OnePlus 15 में भी 1.5K डिस्प्ले की बात हो रही है, हो सकता है इसमें भी 165Hz रिफ्रेश रेट देखने को मिले। साथ में, इसमें टच को और बेहतर बनाने के लिए अपग्रेडेड टच IC (Integrated Circuit) भी होने की बात कही जा रही है। यह जानकारी Digital Chat Station ने दी है। उनका कहना है कि यह सेटअप डिस्प्ले की स्मूथनेस और टच रिस्पॉन्स को काफी बेहतर कर देगा।

दिलचस्प बात यह है कि यह तकनीक सबसे पहले OnePlus की मिड-रेंज सीरीज में टेस्ट की जा रही है। आमतौर पर 165Hz जैसे हाई रिफ्रेश रेट प्रीमियम फ्लैगशिप फोन्स के लिए होते हैं। आपको बताते चलें कि कंपनी ने OnePlus Nord 5 में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया है। संभावना यह भी है कि कंपनी अपने अपकमिंग नॉर्ड सीरीज स्मार्टफोन में 165Hz रिफ्रेश रेट का इस्तेमाल कर सकती है। ऐसा इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि वनप्लस अपनी इस सीरीज को ज्यादा गेमिंग-फोकस्ड बनाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि यूजर्स को हाई-फ्रेमरेट गेम्स खेलते समय और भी स्मूद और रेस्पॉन्सिव डिस्प्ले का एक्सपीरियंस मिल सके।

पहले की एक रिपोर्ट में Digital Chat Station ने बताया था कि Xiaomi की Redmi डिवीजन भी 165Hz डिस्प्ले पर काम कर रही है, जो शायद OnePlus के इस नए प्रयोग के जवाब में है।

इतना ही नहीं, OnePlus एक टैबलेट भी बना रहा है, जिसमें भी 165Hz स्क्रीन होने की संभावना है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि यह डिस्प्ले सबसे पहले किस OnePlus फोन में आएगा। हो सकता है यह मिड-रेंज फोन हो, जैसे कि OnePlus Ace 6 सीरीज। लीक्स की मानें, तो OnePlus Ace 6 में 1.5K रिजॉल्यूशन और 165Hz स्क्रीन होगी। इस फोन में अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, Snapdragon 8 सीरीज चिप और मेटल मिडिल फ्रेम होने की बात भी सामने आई है। हालांकि अभी यह पक्का नहीं है कि इसमें IP68 वाटर और डस्ट रेसिस्टेंस रेटिंग मिलेगी या नहीं।

अब सवाल यह है कि क्या इस बदलाव से यूजर को फर्क पड़ेगा? ईमानदारी से कहें, तो ज्यादा नहीं। क्योंकि 165Hz डिस्प्ले ज्यादातर गेमिंग के लिए ही काम में आता है और आम यूजर 60Hz और 120Hz गेमिंग में अंतर ही नहीं समझ पाते हैं। 165Hz के साथ भी यही बात है।

OnePlus शायद डेली के इस्तेमाल में 165Hz रिफ्रेश रेट ऑन नहीं करेगा, क्योंकि इससे बैटरी जल्द खत्म हो सकती है और यूजर को इसका कोई बड़ा फर्क भी नहीं दिखेगा। अब यह देखना बाकी है कि कौन-सा मिड-रेंज फोन 165Hz डिस्प्ले के साथ सबसे पहले आएगा। उम्मीद है कि यह इस साल के अंत तक लॉन्च होगा, लेकिन OnePlus 15 से पहले, जो अक्टूबर में आने वाला है।

अगर 165 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाले फोन की बात करें, तो अभी Motorola Razr 60 Ultra, ASUS ROG Phone 8 Pro जैसे फोन 165Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता हैं।