2 महीने में 7000 रुपये महंगा हुआ यह ओप्पो मोबाइल! 40 हजार से पार हुआ Reno 15c 5G का प्राइस

ओपो ने साल 2026 की शुरुआत में अपनी ‘रेनो15 सीरीज’ को पेश करते हुए OPPO Reno 15, Reno 15 Pro और Reno 15 Pro Mini के साथ Reno 15c 5G फोन भी लॉन्च किया था। यह मोबाइल 34,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लाया गया था जो इंडिया में 4 फरवरी को पहली बार सेल के लिए उपलब्ध हुआ था। लेकिन अब दो महीनों के भीतर ही इस स्मार्टफोन की कीमत में 7,000 रुपये का ईजाफा किया जा चुका है। एक बार पहले प्राइस हाइक हुआ था और फिर से ओपो रेनो 15सी का रेट बढ़ा दिया गया है।
OPPO Reno 15c पर कंपनी ने 4,000 रुपये का प्राइस हाइक जारी किया है। इससे पहले ब्रांड द्वारा फोन की कीमत में 3,000 रुपये की भी बढ़ोतरी की जा चुकी है। यह ओपो 5जी फोन भारतीय बाजार में दो वेरिएंट्स में लाया गया था। रेनो 15सी के 8GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट को 34,999 रुपये में लॉन्च किया गया था जिसका प्राइस अब बढ़कर 41,999 रुपये पहुंच चुका है।
इसी तरह 12GB RAM + 256GB Storage वाला ओपो रेनो 15सी 5जी फोन को 37,999 रुपये में लॉन्च किया गया था लेकिन अब नए प्राइक के बाद इस स्मार्टफोन की कीमत बढ़कर 44,999 रुपये हो गई है। गौरतलब है कि कंपनी वेबसाइट पर तो यह मोबाइल नए रेट पर बिक्री के लिए उपलब्ध हो गया है लेकिन, शॉपिंग साइट अमेजन पर अभी भी फोन को पुराने रेट पर यानी 4000 रुपये सस्ते प्राइस पर बेचा जा रहा है।
खबर लिखे जाते वक्त अमेजन पर OPPO Reno 15c 8जीबी+256जीबी 37,999 रुपये में ही बिक रहा है और 12जीबी रैम वाला फोन 40,999 रुपये में बेचा जा रहा है। अगर आप यह ओपो मोबाइल को परचेज करना चाहते हैं तो फोन को अमेजन से खरीदने का बेस्ट मौका है। इस प्लेटफॉर्म पर कभी भी फोन की कीमत बढ़ाई जा सकती है। ओपो रेनो 15सी को Afterglow Pink और Twilight Blue कलर में परचेज किया जा सकता है।
OPPO Reno 15C 5G फोन 6.57-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह फ्लैट फोन स्क्रीन है जो AMOLED पैनल पर बनी है और 120Hz रिफ्रेश रेट, 1400nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। मोबाइल में यूजर्स को इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा। ओपो ने अपने फोन को IP66+IP68+IP69 रेटिंग के साथ पेश किया है जो इसे डस्टप्रूफ और वाटरप्रूफ बनाता है। बताते चलें कि इस स्मार्टफोन की थिकनेस 8.14mm और वजन 195 ग्राम है।
फोन के अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह ओपो मोबाइल एंड्रॉयड 16 आधारित ColorOS 16 पर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इसमें 4नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना Qualcomm Snapdragon 6 Gen 1 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।
फोटोग्राफी के लिए OPPO Reno 15C ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर ओरा लाइट से लैस 50 मेगापिक्सल अल्ट्रा-क्लियर मेन कैमरा दिया गया है जिसके साथ 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल मैक्रो सेंसर मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए ओपो रेनो 15सी 5जी फोन 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जिसमें यूजर्स को ग्रुप सेल्फी के लिए बड़ा 100° एफओवी फ्रेम मिलेगा।
पावर बैकअप के लिए ओपो रेनो 15सी 5जी फोन को तगड़ी 7000mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि इसे सिर्फ 10 मिनट चार्ज पर लगाने से ही 5.4 घंटे का YouTube स्ट्रीमिंग टाइम मिल जाएगा। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Bluetooth 5.4 और Wi-Fi 6 का सपोर्ट भी मौजूद है।