Poco M8s 5G Geekbench पर स्पॉट, Snapdragon 6s Gen 3 और 8GB RAM के साथ जल्द हो सकता है लॉन्च

POCO जल्द ही अपनी M-सीरीज के तहत नया 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है। जिसे Poco M8s 5G नाम से लाया जा सकता है। हालांकि ब्रांड ने कोई ऐलान नहीं किया है इससे पहले ही यह डिवाइस IMEI डेटाबेस और Geekbench बेंचमार्किंग प्लेटफार्म पर स्पॉट हुआ है। जिससे इसके मॉडल नंबर और कुछ प्रमुख स्पेसिफिकेशंस सामने आए हैं। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
लीक के अनुसार इस स्मार्टफोन को सबसे पहले IMEI डेटाबेस में देखा गया था। टेक पब्लिकेशन Xiaomitime ने इस लिस्टिंग को स्पॉट किया था। बताया गया था कि इस डिवाइस के 26067PC09G और “26067PC09E जैसे दो मॉडल नंबर हो सकते हैं। इन दोनों में से मॉडल नंबर “26067PC09G” को फिलहाल Geekbench साइट पर भी देखा गया है। जिससे फोन की परफॉरमेंस और हार्डवेयर से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है।
Geekbench लिस्टिंग के अनुसार Poco M8s 5G ने सिंगल-कोर टेस्ट में 931 अंक और मल्टी-कोर टेस्ट में 2225 अंक हासिल किए हैं। लिस्टिंग में दिए गए CPU कॉन्फिग्रेशन के अनुसार इसमें 2 कोर 2.30GHz की स्पीड पर और बाकी 6 कोर 2.02GHz की स्पीड पर रन करते दिखे हैं। इसके साथ Adreno 619 GPU का जिक्र भी है। जिससे लगता है कि फोन में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 3 प्रोसेसर दिया जा सकता है।
लिस्टिंग से ऑपरेटिंग सिस्टम Android 15 भी सामने आया है। मेमोरी के लिए इसमें 8GB RAM दी जा सकती है। इससे लगता है कि लॉन्च के समय भी यह फोन Android 15 आधारित सॉफ्टवेयर के साथ आ सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार Poco M8s 5G दरअसल Redmi 15 5G का रीब्रांडेड वर्जन हो सकता है। खास बात यह है कि इसी डिवाइस को कुछ बाजारों में पहले Poco M7 Plus 5G के नाम से भी पेश किया जा चुका है। Geekbench में सामने आए फीचर्स भी इसी बात की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि अभी तक Xiaomi या POCO की ओर से स्मार्टफोन के लॉन्च को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मॉडल नंबर और हाल ही में सामने आई गीकबेंच लिस्टिंग को देखते हुए माना जा रहा है कि यह जल्द ही बाजार में आ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका लॉन्च जून या जुलाई 2026 के आसपास संभव हो सकता है।
यदि यह जानकारी सही साबित होती है तो Poco M8s 5G बजट 5G सेगमेंट में नया विकल्प बन सकता है। फोन के Snapdragon 6s Gen 3 प्रोसेसर, 8GB RAM और Android 15 जैसे फीचर्स सस्ते फोन देख रहे ग्राहकों को लुभा सकते हैं। लॉन्च के करीब आते ही इस डिवाइस से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इसलिए 91मोबाइल्स के साथ हर टेक अपडेट के लिए बने रहें।