20 अगस्त को इंडिया में लॉन्च होंगे 4 रियर कैमरे वाले Realme 5 और Realme 5 Pro, फ्लिपकार्ट पर होगी सेल

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/08/Realme-5-S.jpg

Realme ने पिछले हफ्ते ही अपनी 64-मेगापिक्सल कैमरे वाली तकनीक का प्रदर्शन करते हुए ब्रांड की स्ट्रेटजी को साफ किया है। इस अनूठी तकनीक का प्रदर्शन करने के साथ ही Realme ने यह भी बता दिया है कि कंपनी इंडिया में दिवाली से पहले इस टेक्नोलॉजी से लैस स्मार्टफोन को लॉन्च कर देगी। ब्रांड के पहले 64-मेगापिक्सल कैमरे वाले स्मार्टफोन को Realme X सीरीज़ के तहत लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर Realme 5 और Realme 5 Pro की लॉन्च डेट से भी ऑफि​शियली पर्दा उठ गया है।

Realme 5 और Realme 5 Pro स्मार्टफोन भारत में 20 अगस्त को लॉन्च कर दिए जाएंगे। स्मार्टफोन के लॉन्च की जानकारी शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट के जरिये सामने आई है। फ्लिपकार्ट पर Realme 5 सीरीज़ का प्रोडक्ट पेज बना दिया गया है। इस पेज पर फोन की लुक और फीचर्स के साथ लॉन्च डेट की जानकारी भी दी गई है। फ्लिपकार्ट ने आधिकारिक तौर पर खुलासा कर दिया है कि Realme 5 सीरीज़ आने वाली 20 अगस्त को इंडिया में लॉन्च होगी तथा इस सीरीज़ के तहत Realme 5 और Realme 5 Pro स्मार्टफोन फ्लिपकार्ट पर ही सेल के​ लिए उपलब्ध होंगे।

वहीं फ्लिपकार्ट लिस्टिंग में सामने आया है कि Realme 5 सीरीज़ के स्मार्टफोंस के बैक पैनल पर उपरी बाईं ओर रियर ​कैमरा सेटअप दिया जाएगा। इस कैमरा सेटअप में 4 रियर कैमरा सेंसर्स दिखाए गए हैं जो वर्टिकल शेप में मौजूद है। कैमरा सेटअप के दाईं ओर फ्लैश लाईट दी गई है। वहीं फोन के बैक पैनल पर ही रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिखाया गया है। फ्लिपकार्ट के वेबपेज पर बताया गया है कि Realme 5 सीरीज़ में 119-डिग्री अल्ट्रा-वाइड सेंसर, सुपर मैक्रो लेंस और डेफ्थ सेंसर भी शामिल रहेंगे।

फोन में होगा क्वॉड कैमरा

Realme 5 और Realme 5 Pro ये दोनों ही स्मार्टफोन 64-मेगापिक्सल कैमरा तकनीक से लैस नहीं होंगे। हमें मिली जानकारी के अनुसार ये दोनों ही स्मार्टफोन क्वॉड रियर कैमरा सेटअप से लैस होंगे। यानि दोनों ही फोन मॉडल में 4 रियर कैमरे दिए जाएंगे। Realme 5 में जहां 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी क्वॉड कैमरा दिया जाएगा वहीं Realme 5 Pro में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी क्वॉड कैमरा दिया जाएगा।

Realme अपने आने वाले इस स्मार्टफोंस में काफी बदलाव करने वाली है। Realme 5 और Realme 5 Pro इन दोनों ही स्मार्टफोंस में क्वालकॉम का चिपसेट दिया जाएगा। इसी तरह अभी तक जहां ‘वी’ शेप वाली नॉच पर फोन पेश करती आई है वहीं Realme 5 और Realme 5 Pro में नॉच पहले की अपेक्षा छोटी और ‘यू’ शेप वाली देखने को मिलेगी। आपको बता दें कि Realme 5 Pro को कंपनी एमोलेड डिसप्ले के साथ लॉन्च करेगी।

कीमत 15,000 रुपये के करीब

91मोबाइल्स को इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि Realme बेहद जल्द भारत में अपनी स्मार्टफोन सीरीज़ को बढ़ाने वाली है। कंपनी की ओर से लॉन्च किए जाने वाले स्मार्टफोंस का नाम Realme 5 और Realme 5 Pro होगा। ये दोनों ही स्मार्टफोन इसी महीने के अंत तक भारतीय बाजार में उतार दिए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक Realme 5 और Realme 5 Pro दोनों ही स्मार्टफोन 15,000 रुपये के कम की कीमत पर लॉन्च होंगे।

Realme X Pro

रियलमी अपने 64-मेगापिक्सल कैमरे वाले स्मार्टफोन दिवाली के आस-पास लॉन्च करेगी। माना जा रहा है कि इस स्मार्टफोन को Realme X Pro नाम के साथ बाजार में उतारा जाएगा। Realme के अपकमिंग फोन में दुनिया का पहला 64एमपी वाला सैमसंग ISOCELL Bright GW1 सेंसर होगा।