Redmi K90 Ultra में मिल सकता है इंटरनल कूलिंग फैन, 8500mAh बैटरी और Dimensity 9500, लॉन्च टाइमलाइन लीक

Redmi K90 Ultra को लेकर नया लीक सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, Redmi K90 Ultra में बैटरी लाइफ, डिस्प्ले और कूलिंग सिस्टम पर खास फोकस किया जा सकता है। जिससे यह साफ लग रहा है कि Redmi अपने आगामी फ्लैगशिप फोन में तगड़ा अपग्रेड देने वाली है। आइए, आगे डिवाइस से जुड़ी जानकारी विस्तार से जानते हैं।
टिप्स्टर Digital Chat Station द्वारा शेयर की गई डिटेल्स के अनुसार, अपकमिंग Redmi K90 Ultra में MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है। बता दें कि अब तक K-सीरीज के Ultra मॉडल्स में Dimensity 9-सीरीज के “Plus” वैरियंट देखने को मिले हैं। जो Dimensity 9400+, 9300+ और 9200+ नाम से आते हैं। हालांकि, लेटेस्ट रिपोर्ट्स की मानें तो MediaTek इस बार Dimensity 9500+ लॉन्च नहीं करेगा। जो आमतौर पर ओवरक्लॉक्ड वर्जन होता है। ऐसे में Redmi K90 Ultra में बेस Dimensity 9500 प्रोसेसर दिया जा सकता है।
लीक के अनुसार Redmi K90 Ultra की सबसे बड़ी खासियत इसमें मिलने वाला इंटरनल कूलिंग फैन हो सकता है। यदि यह जानकारी सही साबित होती है, तो यह Xiaomi सब ब्रांड का पहला स्मार्टफोन बन सकता है। जिसमें एक्टिव कूलिंग सिस्टम दिया जा सकता है। जिसकी मदद से लंबे गेमिंग सेशंस के दौरान फोन के तापमान को कंट्रोल में रखना और थर्मल थ्रॉटलिंग से बचाते हुए स्टेबल परफॉरमेंस मिल सकती है। इससे प्रोसेसर को लंबे समय तक अपनी पीक कैपेसिटी के करीब रन करने में मदद मिल सकती है।
बताया गया है कि आगामी Redmi K90 Ultra में 8,500mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है। जिस पर कंपनी फिलहाल इंटरनल टेस्टिंग कर रही है। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि बैटरी कैपेसिटी और ज्यादा भी हो सकती है। जबकि चार्जिंग के मामले में फोन में 100W फास्ट वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह हाई-पावर PPS चार्जिंग स्टैंडर्ड को भी सपोर्ट कर सकता है।
डिस्प्ले की बात करें तो Redmi K90 Ultra में करीब 6.8 इंच का बड़ा फ्लैट पैनल दिया जा सकता है, जो 1.5K रिजॉल्यूशन के साथ आ सकता है। इसके अलावा फोन में 165Hz तक का हाई रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। ऐसे में यह डिस्प्ले गेमिंग एक्सपीरियंस को स्मूथ बना सकता है। अन्य संभावित फीचर्स में मेटल फ्रेम, अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और फुल वॉटर रेसिस्टेंस शामिल हैं।
लॉन्च टाइमलाइन की बात करें तो लीक के अनुसार, Redmi K90 Ultra को मई या जून के महीने में लॉन्च किया जा सकता है। इसके साथ ही कंपनी नया परफॉर्मेंस-फोकस्ड टैबलेट Redmi K Pad 2 भी पेश कर सकती है। जिसे इसी इवेंट में लॉन्च किए जाने की बात सामने आई है।
Redmi K90 Ultra उन ग्राहकों के लिए हो सकता है जो फ्लैगशिप-लेवल परफॉरमेंस, लंबी गेमिंग सेशंस और बेहतरीन थर्मल मैनेजमेंट की उम्मीद रखते हैं। इसका मुकाबला संभावित तौर पर iQOO 13, OnePlus 13 और Realme GT 7 Pro जैसे फोंस से हो सकता है।
यदि आप ऐसा स्मार्टफोन तलाश रहे हैं जो लंबे समय तक हाई परफॉरमेंस, बड़ी बैटरी और अल्ट्रा-स्मूद डिस्प्ले प्रदान करे तो Redmi K90 Ultra बढ़िया विकल्प बन सकता है। आप इसके लिए इंतजार कर सकता है। 91मोबाइल्स पर आगे भी इस फोन के अपडेट के लिए जुड़े रहें।