
Samsung ने आज भारतीय बाजार में अपनी ‘गैलेक्सी ए सीरीज़’ के तहत एक और नया स्मार्टफोन Galaxy A31 जोड़ दिया है। आर्कषक लुक और शानदार स्पेसिफिकेशन्स से लैस यह स्मार्टफोन मिडबजट में लॉन्च किया गया है जो आज से ही देश में सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा। इस फोन को ऑनलाईन शॉपिंग साइट्स के साथ ही देश के ऑफलाईन बाजार यानि रिटेल स्टोर्स से भी खरीदा जा सकेगा। आईये आगे जानते हैं सैमसंग गैलेक्सी ए31 में क्या है खास और कैसे यह फोन बन सकता है Xiaomi, OPPO व Vivo जैसे ब्रांड्स के लिए कड़ी चुनौती।
लुक व डिजाईन
Samsung Galaxy A31 को प्रिज़्म क्रश डिजाईन पर बनाया गया है जो वॉटरड्रॉप नॉच सपोर्ट करता है। फोन की डिसप्ले तीन ओर से जहां नैरो बेजल्स वाली है वहीं नीचे की ओर थोड़ा चौड़ा चिन पार्ट दिया गया है। डिसप्ले के उपरी ओर ठीक बीच में ‘यू’ शेप वाली छोटी सी नॉच दी गई है। सैमसंग गैलेक्सी ए31 के बैक पैनल की बात करें तो यहां क्वॉड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो पैनल के उपरी दाईं ओर स्क्वायर शेप में स्थित है।
इस रियर कैमरा सेटअप में चार कैमरा लेंस दिए गए हैं जो L-शेप में है। स्क्वायर शेप में ही सेंसर्स के साइड में फ्लैश लाईट लगी है। फोन के बैक पैनल से फिंगरप्रिंट सेंसर नदारद है तथा नीचे की ओर Samsung की ब्रांडिंग दी गई है। Galaxy A31 के दाएं पैनल पर वॉल्यूम रॉकर व पावर बटन दिया गया है तथा बाएं पैनल पर सिम स्लॉट मौजूद है। इसी तरह फोन के लोवर पैनल पर यूएसबी टाईप-सी पोर्ट के साथ स्पीकर ग्रिल दी गई है।
स्पेसिफिकेशन्स
Samsung Galaxy A31 को कंपनी की ओर से 2400 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4 इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड इनफिनिटी-यू डिसप्ले सपोर्ट करता है। फोन का डायमेंशन 73.1 x 159.3 x 8.6 एमएम और वज़न 185 ग्राम है। सैमसंग ने इस फोन को इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस किया है तथा साथ स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए ग्लास कोटिंग भी की गई है।
Samsung Galaxy A31 को एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 पर बनाया गया है जो आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक के हीलियो पी65 चिपसेट पर रन करता है। इंडियन मार्केट में इस फोन को 6 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। माइक्रोएसडी के जरिये मैमोरी को 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : 108MP कैमरे और 50x जूम के साथ आ रहा सैमसंग का नया फोन, शाओमी को देगा चुनौती
फोटोग्राफी के लिए Samsung Galaxy A31 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/2.0 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस, एफ/2.4 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर और एफ/2.4 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए31 में एफ/2.2 अपर्चर वाला 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सेंसर मौजूद है।
Samsung Galaxy A31 एक डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही इस फोन में 3.5एमएम जैक भी दिया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए31 में 15वॉट क्विक चार्ज सपोर्ट वाली 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है। Samsung की ओर से इस फोन को भारत में ब्लू, व्हाईट और ब्लैक कलर वेरिएंट में लॉन्च किया गया है जो 21,999 रुपये की कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध होगा।






















