
पिछले कई दिनों की चर्चा के बाद आखिर सैमसंग ने अपना पहला 6जीबी रैम वाला फोन गैलेक्सी सी9 प्रो स्मार्टफोन भारत में लॉन्च कर ही दिया है। भारतीय बाजार में इस फोन की कीमत 36,900 रुपये है और आज से देश के अलग-अगल शहरों में प्रीबुकिंग के लिए उपलब्ध हो चुका है। वहीं कंपनी का कहना है कि मध्यम फरवरी तक यह स्टोर पर सेल के लिए उपलब्ध होगा। भारतीय बाजार में यह फोन गोल्ड और ब्लैक सहित दो रंगो में उपलब्ध होगा। जो लोग इस फोन की प्रीबुकिंग करा रहे हैं उन्हें 12 महीने के लिए वनटाइम स्क्रीन रिप्लेसमेंट मिलेगा।
सैमसंग गैलेक्सी सी9 प्रो के स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6-इंच फुल एचडी डिसप्ले है। इसका स्क्रीन रेजल्यूशन 1080×1920 पिक्सल है। फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 653 चिपसेट पर पेश किया गया है और इसमेंं 64बिट्स वाला 1.98गीगाहट्र्ज का क्वाडकोर प्रोसेसर दिया गया है।
6जीबी रैम के साथ इस फोन में 64जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। इसके साथ ही माइक्रोएसडी स्लॉट भी है। यह फोन एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 6.0 मार्शमेलो पर कार्य करता है। फोटोग्राफी के लिए इस फोन में 16-मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा है। वहीं सेल्फी कैमरा भी 16-मेगापिक्सल का ही है।
दोहरा सिम आधारित इस फोन में वाईफाई, ब्लूटूथ, एलटीई सपोर्ट है। इसके साथ ही पावर बैकअप के लिए 4,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि यह बेहद ही शानदार फोन है। अब देखना यह है कि कब तक यह फोन भारत में उपलब्ध होता है।


















